दिल पर ठंड की मार, गांव में हार्ट अटैक आया तो कहां मिलेगा इलाज? रांची के 7 प्रखंडों से मरीज लगा रहे शहर की दौड़
ठंड बढ़ने से झारखंड के ग्रामीण इलाकों में हार्ट अटैक का खतरा बढ़ा है, लेकिन विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के ...और पढ़ें

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
ठंड में हार्ट अटैक का खतरा बढ़ने पर विशेष सतर्कता जरूरी।
रांची के सात प्रखंडों के CHC में कार्डियोलॉजिस्ट नहीं।
जागरण संवाददाता, रांची। ठंड बढ़ने के साथ ही हार्ट अटैक और हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ऐसे समय में मरीज की जान बचाने के लिए शुरुआती मिनटों में सही उपचार मिलना बेहद जरूरी होता है, लेकिन झारखंड की ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था इस चुनौती से निपटने के लिए तैयार नहीं दिख रही है।
राजधानी से सटे प्रखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर दूरदराज के ग्रामीण अस्पतालों तक हृदय रोग विशेषज्ञों की भारी कमी है। स्थिति यह है कि हार्ट अटैक या हृदय संबंधी गंभीर परेशानी होने पर मरीजों को प्राथमिक जांच के बाद रिम्स या सदर अस्पताल रेफर कर दिया जाता है। प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि प्रखंड स्तर के ग्रामीण अस्पतालों से करीब 70 से 80 प्रतिशत हृदय रोगियों को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में भेजना पड़ता है।
खलारी, रातू, बुढ़मू, लापुंग, तोरपा, बेड़ो और ओरमांझी जैसे प्रखंडों की स्वास्थ्य व्यवस्था की पड़ताल में भी यही तस्वीर सामने आई है। कहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्डियोलॉजिस्ट का पद वर्षों से खाली है, तो कहीं प्रखंड बनने के बाद भी सीएचसी की सुविधा पूरी तरह विकसित नहीं हो सकी है।
कई अस्पतालों में सामान्य चिकित्सक तो हैं, लेकिन हृदय रोगियों के उपचार के लिए विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी या हार्ट अटैक के लक्षण सामने आने पर मरीज को रांची पहुंचने तक लंबा इंतजार करना पड़ता है। हृदयाघात के मामले में यही देरी जानलेवा साबित हो सकती है।
306 विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती, फिर भी कार्डियोलॉजी बड़ी चुनौती
राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से सितंबर-अक्टूबर 2026 में कुल 306 विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारियों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया गया। इनमें स्वास्थ्य विभाग के 200 और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के 106 पद शामिल हैं।
इसके बावजूद हृदय रोग विशेषज्ञों की उपलब्धता बड़ी चुनौती बनी हुई है। रांची सदर अस्पताल में भी कार्डियोलॉजिस्ट के दो पद रिक्त हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति इससे भी खराब है। कई प्रखंडों में लंबे समय से हृदय रोग विशेषज्ञ की पदस्थापना नहीं हुई है।
ईसीजी मशीन ही काफी नहीं, तत्काल इलाज की भी जरूरत
हार्ट अटैक की स्थिति में मरीज को तत्काल ईसीजी जांच, रक्तचाप और ऑक्सीजन की निगरानी तथा जरूरी दवाओं की आवश्यकता होती है। जांच के बाद मरीज की स्थिति के अनुसार खून का थक्का घोलने वाली दवा या एंजियोप्लास्टी की जरूरत पड़ सकती है।
इसके लिए प्रशिक्षित चिकित्सक और आपातकालीन उपचार की व्यवस्था जरूरी है। केवल ईसीजी मशीन उपलब्ध करा देने से मरीज का इलाज संभव नहीं है। जांच रिपोर्ट के आधार पर तत्काल निर्णय लेकर उपचार शुरू करने की क्षमता भी अस्पताल में होनी चाहिए।
केंद्र सरकार के हृदयाघात प्रबंधन संबंधी दिशा-निर्देशों में जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रशिक्षित चिकित्सक, ईसीजी तकनीशियन, नर्स, आपातकालीन दवाओं और थक्का घोलने की सुविधा विकसित करने पर जोर दिया गया है। जिन अस्पतालों में एंजियोप्लास्टी की सुविधा नहीं है, वहां से मरीज को उच्चस्तरीय चिकित्सा केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्थित व्यवस्था होनी चाहिए। लेकिन ग्रामीण अस्पतालों में इन सुविधाओं का अभाव मरीजों की परेशानी बढ़ा रहा है।

रिम्स और सदर अस्पताल पर बढ़ता दबाव
राजधानी का रिम्स राज्यभर के गंभीर हृदय रोगियों के इलाज का प्रमुख केंद्र है। यहां हृदय रोग विभाग के साथ 24 घंटे कैथ लैब की सुविधा उपलब्ध है। दूसरे जिलों और प्रखंडों से मरीजों के पहुंचने के कारण यहां आपातकालीन सेवाओं पर दबाव बढ़ता है। सदर अस्पताल भी हृदय रोगियों के लिए शुरुआती जांच और उपचार का महत्वपूर्ण केंद्र है, लेकिन जटिल मामलों में मरीजों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा की जरूरत पड़ती है।
रिम्स के आंकड़ों के अनुसार, नवंबर 2026 के शुरुआती दिनों में प्रतिदिन करीब 230 से 314 मरीज आपातकालीन विभाग पहुंचे। इनमें लगभग 40 प्रतिशत मरीज हृदय संबंधी समस्याओं से जुड़े थे। इससे राजधानी के प्रमुख अस्पतालों पर हृदय रोगियों का बढ़ता दबाव समझा जा सकता है।
ठंड में क्यों बढ़ जाता है हार्ट अटैक का खतरा?
रिम्स के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. हेमंत नारायण के अनुसार, कम तापमान में रक्त वाहिकाएं सिकुड़ जाती हैं। इससे रक्तचाप बढ़ सकता है और हृदय को शरीर में रक्त पहुंचाने के लिए अधिक मेहनत करनी पड़ती है। पहले से उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा या हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित लोगों के लिए ठंड का मौसम अधिक जोखिमपूर्ण हो सकता है।

रिम्स के डॉ. प्रभात के अनुसार, मधुमेह से पीड़ित लोगों को ठंड के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। कई बार हृदयाघात के लक्षण स्पष्ट नहीं होते। मरीज सीने में दर्द को गैस या सामान्य परेशानी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। इससे इलाज में देरी हो जाती है। उन्होंने बताया कि राज्य के बड़ी संख्या में हृदय रोगी समय पर रिम्स तक नहीं पहुंच पाते। उनके अनुसार, करीब एक हजार मरीजों के अस्पताल नहीं पहुंच पाने से मौत होने का अनुमान है। हालांकि, इस आंकड़े की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
विशेषज्ञों के अनुसार, सीने में दबाव या दर्द, ठंडा पसीना, सांस फूलना, बेचैनी और दर्द का हाथ या जबड़े तक फैलना हार्ट अटैक के संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर गैस या सामान्य दर्द समझकर इंतजार नहीं करना चाहिए। तत्काल अस्पताल पहुंचना जरूरी है। हृदयाघात में हर मिनट महत्वपूर्ण होता है। समय पर ईसीजी और उपचार मरीज की जान बचाने में निर्णायक भूमिका निभाते हैं।
प्रखंडों की पड़ताल : कहीं विशेषज्ञ नहीं, कहीं अस्पताल ही अधूरा
खलारी : नया प्रखंड बना, लेकिन सीएचसी का इंतजार
खलारी प्रखंड में हृदय रोगियों के इलाज के लिए कार्डियोलॉजिस्ट उपलब्ध नहीं हैं। सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी और हृदय संबंधी गंभीर बीमारी होने पर मरीजों को रांची सदर अस्पताल या रिम्स जाना पड़ता है। बुड़मू से अलग होकर नया प्रखंड बनने के बावजूद खलारी में अब तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना नहीं हो सकी है। यहां की स्वास्थ्य व्यवस्था आज भी बुड़मू सीएचसी पर निर्भर है।
प्रखंड में राय, खलारी और मैकलुस्कीगंज तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं। खलारी और मैकलुस्कीगंज में एमबीबीएस चिकित्सक तथा राय में आयुष चिकित्सक पदस्थापित हैं, लेकिन किसी भी पीएचसी में विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं हैं। खलारी में सीएचसी भवन का निर्माण कार्य चल रहा है।
रातू : सीएचसी में कार्डियोलॉजिस्ट नहीं, रिम्स ही सहारा
रातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी हृदय रोग विशेषज्ञ की पदस्थापना नहीं है। चिकित्सा प्रभारी डॉ. सुजीत कश्यप ने बताया कि हृदय रोग से संबंधित शिकायत लेकर आने वाले मरीजों की प्राथमिक जांच के बाद उन्हें रिम्स या सदर अस्पताल रेफर किया जाता है।
कार्डियोलॉजिस्ट की कमी के कारण मरीजों को बेहतर इलाज के लिए राजधानी जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सीएचसी में हृदय रोग विशेषज्ञ की पदस्थापना होने से स्थानीय मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
बुढ़मू : स्वीकृत पद, लेकिन वर्षों से विशेषज्ञ का इंतजार
बुढ़मू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हृदय रोग विशेषज्ञ का एक पद स्वीकृत है, लेकिन पिछले कई वर्षों से इस पद पर चिकित्सक की पदस्थापना नहीं हुई है। अस्पताल के एक कर्मचारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि लंबे समय से कार्डियोलॉजिस्ट नहीं होने के कारण हृदय रोगियों को इलाज के लिए रांची जाना पड़ता है। प्रखंड के ग्रामीणों के लिए गंभीर हृदय संबंधी बीमारियों के इलाज का प्रमुख विकल्प रांची के बड़े अस्पताल ही हैं।
लापुंग : हृदय रोगियों को इलाज के लिए रांची की दौड़
लापुंग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी हृदय रोग विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध नहीं हैं। हृदय संबंधी परेशानी होने पर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए रांची जाना पड़ता है। स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों को समय तथा आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
तोरपा : रेफरल अस्पताल में विशेषज्ञ नहीं, मरीजों को किया जाता है रेफर
तोरपा रेफरल अस्पताल में कार्डियोलॉजिस्ट की पदस्थापना नहीं होने से हृदय रोगियों को परेशानी हो रही है। अस्पताल में हृदय संबंधी शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर करना पड़ता है। चिकित्सा प्रभारी डॉ. अनुमिता रानी ने बताया कि अस्पताल में हृदय रोग विशेषज्ञ की जरूरत है, लेकिन अब तक किसी कार्डियोलॉजिस्ट की नियुक्ति नहीं हुई है। विशेषज्ञ की पदस्थापना होने से स्थानीय मरीजों को काफी राहत मिल सकती है।
बेड़ो : ग्रामीणों के पास रांची जाने के अलावा विकल्प नहीं
बेड़ो प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी हृदय रोग विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं हैं। इसके कारण बेड़ो मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हृदय रोगियों को इलाज के लिए रांची जाना पड़ता है। स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ सुविधा नहीं होने से मरीजों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। आपात स्थिति में यह दूरी मरीजों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है।
ओरमांझी : प्राथमिक जांच के बाद रिम्स या सदर रेफर
ओरमांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से कार्डियोलॉजिस्ट की पदस्थापना नहीं हुई है। यहां हृदय संबंधी शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों की शुरुआती जांच की जाती है। इसके बाद बेहतर उपचार और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श के लिए उन्हें रिम्स या सदर अस्पताल भेज दिया जाता है।
सीएचसी के बीपीएम विशाल मिश्रा ने बताया कि अस्पताल में फिलहाल कोई कार्डियोलॉजिस्ट पदस्थापित नहीं हैं। मरीजों की प्राथमिक जांच के बाद जरूरत के अनुसार उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया जाता है।
यह भी पढ़ें- झारखंड में इबोला को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क, मंत्री इरफान अंसारी ने दिए सख्त दिशा- निर्देश
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।