झारखंड में इबोला को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क, मंत्री इरफान अंसारी ने दिए सख्त दिशा- निर्देश
झारखंड में इबोला वायरस के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने केंद्रीय दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन ...और पढ़ें

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
झारखंड में इबोला वायरस के खतरे पर अलर्ट जारी।
स्वास्थ्य मंत्री ने केंद्रीय गाइडलाइन पालन के निर्देश दिए।
राज्य ब्यूरो, रांची। विश्व के कई देशाें में इबोला वायरस के खतरे को देखते हुए झारखंड भी अलर्ट है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने इस वायरस के संक्रमण से बचाव को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देश का सख्ती से अनुपालन कराने के निर्देश पदाधिकारियों को दिए हैं।
उन्होंने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी और स्क्रीनिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। सथ ही संदिग्ध मरीजों की तत्काल पहचान, रिपोर्टिंग और समुचित इलाज की पूरी तैयारी रखने को कहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बुधवार को विभागीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में इबोला से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने रिम्स, अन्य मेडिकल कलेजों, सदर अस्पतालों एवं संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों को निर्देश दिया कि केंद्र द्वारा जारी इबोला संबंधी गाइडलाइन का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। सभी अस्पताल किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।
किसी भी संदिग्ध मरीज की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट करें तथा निर्धारित प्रोटोकाल के अनुसार जांच, आइसोलेशन और समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी जिलों के सिविल सर्जनों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में तैयारियों की लगातार समीक्षा करने को कहा है।
बताते चलें कि इबोला एक गंभीर संक्रामक बीमारी है, जो इबोला वायरस के कारण होती है। यह बीमारी कुछ मामलों में जानलेवा भी साबित हो सकती है। संक्रमण के बाद सामान्यतः दो से 21 दिनों के भीतर लक्षण सामने आ सकते हैं। शुरुआत में मरीज को अचानक तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, अत्यधिक कमजोरी और थकान महसूस हो सकती है। बीमारी बढ़ने पर उल्टी, दस्त, पेट में दर्द और गंभीर स्थिति में शरीर के विभिन्न हिस्सों से रक्तस्राव भी हो सकता है।
इबोला मुख्य रूप से संक्रमित व्यक्ति के खून, उल्टी, दस्त तथा शरीर के अन्य संक्रमित तरल पदार्थों के सीधे संपर्क में आने से फैलता है। संक्रमित व्यक्ति के शरीर के तरल पदार्थों से दूषित वस्तुओं के संपर्क से भी संक्रमण का खतरा हो सकता है। यह सामान्य सर्दी-जुकाम की तरह हवा से नहीं फैलता। इसलिए लोगों को अनावश्यक भयभीत होने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी और जागरूकता बेहद जरूरी है।
इबोला से निपटने के लिए ये भी निर्देश
- सभी अस्पतालों में आवश्यक आइसोलेशन वार्ड और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रहे।
- पर्याप्त पीपीई किट, सुरक्षा उपकरण एवं अन्य जरूरी मेडिकल संसाधनों का स्टाक सुनिश्चित किया जाए।
- चिकित्सकों, नर्सों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को संक्रमण नियंत्रण और मरीजों की सुरक्षित देखभाल के लिए प्रशिक्षित किया जाए।
- किसी भी संदिग्ध मरीज की तत्काल रिपोर्टिंग कर निर्धारित प्रोटोकाल के अनुसार जांच एवं इलाज की व्यवस्था की जाए।
- संदिग्ध मरीजों के सैंपल सुरक्षित तरीके से निर्धारित रेफरेंस लैब में भेजे जाएं।
- सभी जिलों में 24 घंटे निगरानी, सूचना आदान-प्रदान और रिपोर्टिंग की व्यवस्था मजबूत की जाए।
यह भी पढ़ें- हरियाणा में बढ़ी ठिठुरन, 10.5 डिग्री पर लुढ़का पारा; मौसम विभाग ने जारी किया हल्की धुंध का अलर्ट
यह भी पढ़ें- Jharkhand Weather: झारखंड में बढ़ती ठंड के साथ अब बारिश का अलर्ट, चक्रवात के असर से इन जिलों में दो दिन बरसेंगे बादल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।