विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Jharkhand Weather: झारखंड में बढ़ती ठंड के साथ अब बारिश का अलर्ट, चक्रवात के असर से इन जिलों में दो दिन बरसेंगे बादल

Published: Wed, 18 Nov 2026 06:00 AM (GMT+05:30)

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान अकवान 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट से टकराने वाला है, जिसके अति गंभीर ...और पढ़ें

झारखंड में मौसम का अलर्ट। (AI द्वारा बनाई गई तस्वीर)

झारखंड में मौसम का अलर्ट। (AI द्वारा बनाई गई तस्वीर)

HighLights

  1. चक्रवात अकवान के असर से 20-21 नवंबर को झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट।

  2. 19 नवंबर से झारखंड के मौसम में बदलाव के आसार।

  3. दक्षिणी झारखंड में 20-21 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट।

जागरण संवाददाता, रांची। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अकवान को लेकर मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है। हालांकि, इसके प्रभाव से झारखंड और राजधानी रांची में फिलहाल किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी और उससे सटे पश्चिम-मध्य हिस्से में सक्रिय है। इसके बाद 19 नवंबर की सुबह तक इसके अति गंभीर चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है। पूर्वानुमान के अनुसार, तूफान 20 नवंबर की दोपहर के आसपास नेल्लोर और तुनी के बीच आंध्र प्रदेश एवं यनम तट को पार कर सकता है।

इस दौरान हवा की अधिकतम रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

झारखंड में 19 से बदलेगा मौसम

चक्रवात का सीधा असर भले ही झारखंड में नहीं पड़े, लेकिन इसके प्रभाव से राज्य के मौसम में बदलाव होने की संभावना है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 20 और 21 नवंबर को झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

खासकर दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में बारिश की संभावना अधिक है। रांची में भी बादल छाने और मौसम में बदलाव के आसार हैं। हालांकि, रांची में भारी बारिश की अलग से जिला स्तरीय चेतावनी की पुष्टि नहीं हुई है।

रांची में तापमान और बारिश की स्थिति

मौसम केंद्र रांची के अनुसार, पिछले 24 घंटे में राजधानी में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री अधिक रहा। इस दौरान बारिश नहीं हुई। राज्य में सबसे अधिक तापमान 33.5 डिग्री कोडरमा और सबसे कम 11.6 डिग्री लातेहार में दर्ज किया गया।

20 और 21 को भारी बारिश का अलर्ट

झारखंड में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद 19 नवंबर से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, 17 और 18 नवंबर को सुबह कोहरा और कुहासा छाने के बाद दोपहर या शाम में आंशिक बादल रहेंगे। 19 नवंबर को पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा समेत दक्षिणी झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

वहीं, 20 नवंबर को दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। 21 नवंबर को लातेहार और सरायकेला-खरसावां के आसपास के क्षेत्रों में भी भारी बारिश हो सकती है। इधर, रांची में 20 और 21 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। अधिकतम तापमान 27 से घटकर 24 डिग्री तक पहुंच सकता है। सुबह-शाम ठंड का एहसास बढ़ेगा। 22 और 23 नवंबर को भी कुछ इलाकों में बारिश संभव है।

किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत

चक्रवात के प्रभाव से बारिश होने पर तापमान में बदलाव के साथ सुबह और रात में ठंड बढ़ सकती है। मौसम के इस बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। खासकर खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों और किसानों को मौसम विभाग के आगामी अपडेट पर नजर रखनी चाहिए। 

यह भी पढ़ें- छठ के बाद बदला मौसम का मिजाज, गिरिडीह में ठंड ने दी दस्तक

यह भी पढ़ें- Cyclone Akvan: बंगाल की खाड़ी में तीसरे तूफान की दस्तक, 19 से बदलेगा मौसम; 2 दिन झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।