छठ के बाद बदला मौसम का मिजाज, गिरिडीह में ठंड ने दी दस्तक
Giridih Wethaer Update: छठ पूजा के बाद ठंड का असर बढ़ने लगा है, जहां 18 और 19 नवंबर को मौसम शुष्क और सुहावना रहने का अनुमान है।

गिरिडीह में धीरे-धीरे बढ़ रही ठंड। (फाइल फोटो)
संवाद सहयोगी, निमियाघाट (गिरिडीह)। झारखंड का मौसम तेजी से बदल रहा है। राज्य के गिरिडीह में 18 और 19 नवंबर को मौसम सामान्यतः शुष्क और सुहावना रहने का अनुमान है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 18 नवंबर को आसमान में हल्के बादल रहेंगे और दिन में धूप निकलेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
वहीं, 19 नवंबर को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दोनों दिनों में बारिश की संभावना बेहद कम है। सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस होगी, जबकि दोपहर में मौसम आरामदायक रहेगा।
छठ पूजा के बाद बढ़ रही ठंड
गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड क्षेत्र में कार्तिक मास में छठ पूजा की समाप्ति के साथ ठंड का असर दिखने लगा है। खासतौर पर सुबह और रात में लोग हल्की ठंड जरूर महसूस करने लगे हैं। ऐसे में यह कहा जा सकता है कि ठंड का आगाज हो गया है।
अब वक्त आ गया है कि आप अपने गरम कपड़े निकालकर तैयार हो जाएं और सर्दियों का स्वागत करें। इस बदलते मौसम में सेहत का ख्याल रखना बेहद जरूरी है। मौसम में फिर बदलाव आ गया है।
नवंबर का मध्य आते ही मौसम में ठंडक का अहसास होने लगा है। खासकर सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस की जा रही है, जिससे लोगों को गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा है।
मौसम विभाग की माने तो आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने की पूरी संभावना है, जिससे सर्दी का असर तेज होगा।
तापमान में गिरावट, बढ़ेगी सर्दी
मौसम विभाग के अनुसार आगामी सप्ताह में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। दिन में धूप खिली रहने के बावजूद सुबह और रात के तापमान में कमी देखने को मिल रही है।
वर्तमान में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो-तीन डिग्री सेल्सियस नीचे है, जो आने वाले दिनों में और कम हो सकता है।
गरम कपड़ों का दौर शुरू
गुलाबी ठंड के साथ ही लोग अब गरम कपड़ों की ओर रुख करने लगे हैं। स्वेटर, जैकेट, और शाल जैसे ऊनी कपड़े अब अलमारियों से बाहर निकलने लगे हैं।
सुबह के समय बच्चों को स्कूल भेजने वाले माता-पिता अब उन्हें गरम कपड़े पहनाने लगे हैं। इसके अलावा, बाजारों में भी गरम कपड़ों की खरीदारी शुरू हो गई है।
बढ़ी चाय-नाश्ते की दुकानों पर रौनक
ठंड की शुरुआत के साथ ही चाय-नाश्ते की दुकानों पर भी रौनक बढ़ गई है। लोग सर्द मौसम में गर्म चाय की चुस्की का आनंद लेने के लिए सुबह-शाम चाय की दुकानों पर जुटने लगे हैं। सूप, मूंगफली, और भुने हुए चने की मांग भी तेजी से बढ़ी है।
ठंड से बचने के उपाय
रेफरल अस्पताल डुमरी के डाक्टर एके सरकार ने बताया कि इस मौसम में सावधानी बरतनी चाहिए। ठंड बढ़ने के साथ ही मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।
इसलिए गर्म कपड़े पहनें, गरम पेय पदार्थों का सेवन करें और सर्दी-जुकाम से बचने के लिए इम्युनिटी बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करें।
यह भी पढ़ें- मधुपुर बाईपास रेल परियोजना में आई तेजी, नए स्टेशन से बढ़ेगी सुविधा और रोजगार
यह भी पढ़ें- मंईयां सम्मान योजना: गिरिडीह की 4.54 लाख महिलाओं के खाते में पहुंचे 2500 रुपये