Holi 2022: इस साल होली के मौके पर रांची के कपड़ा बाजार में कौन से कपड़ों का है ट्रेंड, क्या है रेट, देखिए...
Holi 2022 कोरोना का असर कम पड़ने पर झारखंड सरकार ने पाबंदियां हटाई तो अब रांची शहर के बाजार और दुकानें देर रात तक खुलने लगी हैं। रांची के कपड़ा बाजार पर होली के रंग चढ़ गए है। इस साल होली पर कौन से कपड़ों का है ट्रेंड देखिए...

रांची, जासं। Holi 2022 पिछ्ले दो वर्षों से होली के बाजार पर कोरोना का साया रहा है। इससे व्यापार प्रभावित हुआ था। लेकिन इस बार होली के आते-आते कोरोना संक्रमण लगभग समाप्त हो गया है और अब लोगों का मूड होली के रंग में रंगने लगा है। इसका असर भी बाजार पर दिखाई पड़ने लगा है। कोरोना का असर कम पड़ने पर झारखंड सरकार ने पाबंदियां हटाई तो अब रांची शहर के बाजार और दुकानें देर रात तक खुलने लगी हैं। बाजारों में चहल-पहल भी बढ़ने लगी है। बाजार में थोड़ी तेजी आने के बाद से होली में कपड़ों की मांग भी बढ़ गई है। विक्रेताओं ने कपड़ों के स्टाक को भी दुकानों में भर लिया है। कई प्रतिष्ठानों एवं शापिंग माल्स में होली को लेकर कपड़ों की खरीदारी पर विशेष आफर भी दिए जा रहे हैं। कोरोना व अन्य कारणों से थोड़ा मंदा हुआ रेडिमेड कपड़ों के व्यवसाय को इस होली से काफी उम्मीदें हैं। विक्रेताओं के अनुसार इस होली में बिक्री में अब तक 20 से 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
रांची में सज गए दुकान...
पुरुषों के लिए भारतीय परिधान डिमांड में
होली के अवसर पर भारतीय परिधानों की मांग बढ़ जाती है। पुरुष खासकर युवा डिजायनर साइड पैटर्न एवं होली के स्पेशल प्रिंट वाले कुर्ता पहनना पसंद कर रहे हैं। लिहाजा, डिमांड के अनुसार इनकी बिक्री भी खूब हो रही है। काटन एवं लिनेन के स्टाइलिश कुर्ते की सबसे अधिक मांग हैं। वहीं लखनवी चिकेन वर्क कुर्ता भी आन डिमांड में हैं। लांग व शार्ट लेंथ कुर्ता के अलावा राजस्थानी प्रिंट के कुर्ते भी खूब लुभा रहे हैं। युवाओं के साथ-साथ बच्चों के लिए भी आकर्षक फ्लावर प्रिंट में काटन के कुर्ता-पायजामा सेट इस होली में अपनी रंगत बिखेर रहे हैं।
सलवार सूट और कुर्ती है महिलाओं का पसंदीदा परिधान
इस होली में महिलाओं व युवतियों के लिए बाजार में काटन रेंज में पैंट स्टाइल में एक से बढ़कर एक शोख एवं हल्के शेड्स में सलवार सूट के विशेष कलेक्शन अलग ही छटा बिखेर रहे हैं। वहीं आकर्षक डिजाइनों में काटन की कुर्ती भी युवतियों का ध्यान अपनी ओर खींच रही हैं। कुछ अलग दिखने की चाह में युवतियां व महिलाएं लखनवी चिकेन वर्क के विशेष सूट को अधिक तरजीह दे रही हैं। लखनवी चिकेन सूट सादगी के साथ उन्हें सौम्यता की छवि भी प्रदान करता है।
युवाओं को खूब लुभा रहा नए फैशन और नए स्टाइल के कपड़ों का स्टाक
शहर के अपर बाजार, मेन रोड, कोकर बाजार सहित अन्य बाजारों में स्थित विभिन्न रेडीमेड शो रूम व माल्स में नए फैशन और नए स्टाइल के कपड़ों का स्टाक भी युवाओं को खूब लुभा रहा है। रेडीमेड गारमेंट के शो रूम के अलावा शापिंग माल्स पर भी भीड़ उमड़ रही है। युवा जहां जींस, टी-शर्ट और शर्ट खरीद रहे हैं। वहीं, नव युवतियां काटन की कुर्तियां, लैगीज, प्लाजो, जींस, टाप के अलावा फैंसी गरारा आदि खरीद रही हैं। वहीं, किड्स कलेक्शन में लड़कियों के लिए काटन प्रिंटेड फ्राक, गाउन, स्कर्ट, टाप आदि आइटमों की मांग बढ़ गई है।
होली बाजार में वस्त्रों के मूल्य...
मेंस वीय:-
- काटन फ्लावर प्रिंट कुर्ता : 1200 से 2000,
- काटन प्लेन कुर्ता : 300 से 2000,
- लखनवी चिकेन वर्क कुर्ता : 300 से 1000
- लखनवी चिकेन वर्क कुर्ता सेट : 3000 से 5000,
- लिनेन कुर्ता : 2500 से 4000
- राजस्थानी प्रिंट कुर्ता : 3000 से 5000
- कुर्ता-पायजामा सेट : 700 से 3000
- बंडी : 1100 से 3000
- जींस : 700 से 6000
- शर्ट व टी-शर्ट : 400 से 2500
विमेंस वीयर:-
- सलवार सूट : 1000 से 6000
- काटन कुर्ती : 600 से 2000
- लखनवी चिकेन वर्क कुर्ती : 400 से 2500
- फैंसी गरारा सेट : 1600 से 4000
- जींस : 700 से 3500
- टाप : 250 से 1600
- लैगिंस : 200 से 400
किड्स वीयर:-
- कुर्ता- पायजामा सेट (फ्लावर प्रिंट व प्लेन) : 500 से 750
- काटन प्रिंटेड फ्राक : 600 से 1500
- स्कर्ट सूट : 1000 से 2500
- टाप : 500 से 1000
क्या है विक्रेताओं का कहना...
- रांची मेन रोड के वस्त्र व्यवसायी परमानंद कुजारा का कहना है कि इस बार कोरोना का खतरा लगभग टल गया है। लोग भी खरीददारी के लिए आ रहे हैं। अच्छी बिक्री की उम्मीद है।
- मेन रोड के ही स्टोर प्रबंधक अरविंद कुमार ने कहा कि इस बार होली में पिछ्ले दो वर्ष की तुलना में कपड़ों की बिक्री में 20 से 25 प्रतिशत की वृद्धि देखी जा रही है।
- वही रांची के सर्जना चौक के स्टोर इन-चार्ज राजीव झा ने बताया कि इस होली में ज्यादातर ग्राहक कम रेंज के कपड़ों की खरीददारी कर रहे हैं। लोग स्पेशल आफर का लाभ उठा रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।