विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची एयरपोर्ट पर कोहरे की चादर से उड़ानें प्रभावित, कैट-2 लाइटिंग परियोजना जमीन के अभाव में अटकी; आगे क्या तैयारी?

Published: Fri, 20 Nov 2026 10:18 AM (GMT+05:30)

रांची एयरपोर्ट पर कोहरे के कारण कम दृश्यता से उड़ानें प्रभावित हो रही हैं। कैट-2 लाइटिंग परियोजना, जो कम दृश्यता में परिचालन में मदद करती, जमीन की कमी के कारण अटकी हुई है, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है।

कैट-2 लाइटिंग लगने पर 850 मीटर तक कम दृश्यता में परिचालन की उम्मीद।

कैट-2 लाइटिंग लगने पर 850 मीटर तक कम दृश्यता में परिचालन की उम्मीद।

HighLights

  1. वर्तमान में 1400 मीटर से कम दृश्यता पर रांची उड़ानें रुकती हैं।

  2. कैट-2 लाइटिंग से 850 मीटर तक कम दृश्यता में परिचालन संभव।

  3. हेसातू की ओर जमीन न मिलने से परियोजना अधूरी पड़ी है।

जागरण संवाददाता, रांची। सर्दियों में कोहरे की घनी चादर रांची एयरपोर्ट के हवाई परिचालन पर भारी पड़ सकती है। दृश्यता कम होते ही विमानों की लैंडिंग और टेकआफ प्रभावित होने लगते हैं। वर्तमान व्यवस्था में करीब 1400 मीटर दृश्यता की जरूरत बताई जाती है।

ऐसे में दृश्यता इससे नीचे पहुंचने पर विमानों के परिचालन में परेशानी हो सकती है। मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2025-26 और वर्ष 2024-25 में कोहरे व कम दृश्यता की वजह से नवंबर से फरवरी माह के बीच करीब 85 विमान रद और 60 विमान डायवर्ट हुए।

इसका खामियाजा यात्रियों को उड़ानों में देरी, रद होने और दूसरे शहरों के एयरपोर्ट पर विमानों के डायवर्जन के रूप में भुगतना पड़ता है। हर साल सर्दियों में सामने आने वाली इस समस्या से निपटने के लिए बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर कैट-2 (कैटेगरी-2) एयरफील्ड लाइटिंग लगाने की योजना बनाई गई थी, लेकिन जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण यह परियोजना अब तक पूरी नहीं हो सकी है।

एयरपोर्ट पर कैट-2 लाइटिंग व्यवस्था स्थापित होने के बाद रनवे विजुअल रेंज (आरवीआर) की आवश्यकता 1300 मीटर से घटकर 850 मीटर हो सकती है। इससे कम दृश्यता में भी विमानों की सुरक्षित लैंडिंग और परिचालन में मदद मिलेगी।

परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और उपकरणों की खरीद की जानकारी भी दी गई थी। इसके बावजूद जमीन की अनुपलब्धता के कारण काम आगे नहीं बढ़ सका। एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने जमीन की समस्या को परियोजना में बाधा बताया है।

कैट-2 की मानक क्षमता 300 मीटर आरवीआर तक

तकनीकी रूप से कैट-2 आइएलएस (इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम) के तहत निर्धारित सुरक्षा शर्तों के साथ 300 मीटर रनवे विजुअल रेंज तक विमान उतारने की क्षमता होती है। कैट-1 में सामान्यतः 550 मीटर आरवीआर की न्यूनतम सीमा होती है।

हालांकि, रांची एयरपोर्ट की प्रस्तावित लाइटिंग परियोजना के संदर्भ में पहले 850 मीटर तक परिचालन की बात कही गई थी। दोनों आंकड़ों में अंतर इसलिए है, क्योंकि कैट-2 की पूरी तकनीकी क्षमता हासिल करने के लिए केवल लाइटिंग लगाना पर्याप्त नहीं है।

इसके लिए आइएलएस, रनवे लाइटिंग, अन्य नेविगेशन उपकरणों, विमान की तकनीकी क्षमता और पायलट की योग्यता का निर्धारित मानकों के अनुरूप होना जरूरी है।

हेसातू की ओर 900 मीटर लंबी लाइटिंग व्यवस्था की योजना

कैट-2 परियोजना के तहत रनवे के एक छोर पर हेसातू गांव की ओर करीब 900 मीटर लंबी विशेष लाइटिंग व्यवस्था स्थापित करने की योजना है। इसके लिए एयरपोर्ट परिसर से बाहर की जमीन की आवश्यकता है।

जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण खरीदे गए उपकरणों और पूरी की गई टेंडर प्रक्रिया के बावजूद परियोजना धरातल पर नहीं उतर सकी। अब जिला प्रशासन की ओर से जमीन उपलब्ध कराने और एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से काम शुरू करने की पहल महत्वपूर्ण होगी।

कैलिब्रेशन हुआ, लेकिन कैट-2 सुविधा अभी अलग मामला

एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया की फ्लाइट इंस्पेक्शन टीम ने रांची एयरपोर्ट पर आइएलएस, डीवीओआर और पीएपीआइ जैसे नेविगेशन सिस्टम का फ्लाइट कैलिब्रेशन किया था। इससे उपकरणों की तकनीकी सटीकता की जांच हुई। हालांकि, आइएलएस का कैलिब्रेशन और कैट-2 सुविधा का चालू होना अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं।

यह भी पढ़ें- त्योहारों में रांची एयरपोर्ट पर यात्रियों का रिकॉर्ड, दीपावली से छठ तक हर दिन 7000 से ज्यादा पैसेंजर ने किया सफर

यह भी पढ़ें- 25 वर्षों में इस तरह बदली रांची एयरपोर्ट की तस्वीर, अब अंतरराष्ट्रीय उड़ान की तैयारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।