विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत पर परिवार को मिलेंगे 2 लाख रुपये, जानें आवेदन का पूरा तरीका

Published: Thu, 19 Nov 2026 08:00 AM (GMT+05:30)

रांची में हिट एंड रन मामलों में 60% पात्र परिवार मुआवजे के लिए आवेदन नहीं कर पाते हैं, जबकि सरकार ...और पढ़ें

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।

HighLights

  1. 60% परिवार हिट एंड रन मुआवजे से अनजान रहते हैं।

  2. मुआवजा राशि 25 हजार से बढ़ाकर अब दो लाख हुई।

जागरण संवाददाता, रांची। सड़क दुर्घटना में अज्ञात वाहन की टक्कर से किसी व्यक्ति की मौत होने के बाद उसके परिवार पर दोहरी मार पड़ती है। एक ओर परिवार के सदस्य को खोने का दुख तो दूसरी ओर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ता है। ऐसे परिवारों को आर्थिक सहायता देने के लिए हिट एंड रन मुआवजा योजना के तहत मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये देने का प्रावधान है।

इसके बावजूद जागरूकता की कमी और दस्तावेजी प्रक्रिया की जटिलता के कारण बड़ी संख्या में पीड़ित परिवार मुआवजे के लिए आवेदन नहीं कर पाते हैं। स्थिति यह है कि रांची जिला में हिट एंड रन की घटनाओं की तुलना में महज 40 प्रतिशत मामलों में ही परिजन मुआवजे के लिए आवेदन करते हैं। यानी करीब 60 प्रतिशत पात्र परिवार योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन की प्रक्रिया तक नहीं पहुंच पाते।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2025 से अप्रैल 2026 के बीच एक वर्ष में हिट एंड रन मुआवजे के लिए कुल 204 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 182 मामलों का निपटारा कर दिया गया। हालांकि, पहले की तुलना में आवेदन आने की प्रक्रिया बढ़ी है, लेकिन दुर्घटनाओं की संख्या के अनुपात में अब भी आवेदन कम हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी इसकी प्रमुख वजह है। कई परिवारों को यह जानकारी ही नहीं होती कि अज्ञात वाहन से दुर्घटना में मौत होने पर सरकार की ओर से मुआवजे का प्रावधान है। वहीं, जानकारी होने के बावजूद दस्तावेज जुटाने और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने में उन्हें परेशानी होती है।

16 महीने में सड़क दुर्घटना में 730 लोगों की हुई है मौत

जनवरी से अगस्त 2025 और जनवरी से अगस्त 2026 तक के सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों के अनुसार, दोनों वर्षों के आठ-आठ महीने की अवधि में कुल 1097 सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इन दुर्घटनाओं में कुल 730 लोगों की मौत हुई। वर्ष 2025 के जनवरी से अगस्त तक 535 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 373 लोगों की जान गई।

वहीं, वर्ष 2026 के जनवरी से अगस्त तक 562 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 357 लोगों की मौत हुई। इस प्रकार दोनों वर्षों के 16 महीनों के आंकड़ों में सड़क दुर्घटनाओं और उनमें जान गंवाने वालों की संख्या सामने आती है। इस 730 में 60 प्रतिशत लोगों की मौत अज्ञात वाहन के धक्का मारने से होती है।

25 हजार से बढ़ाकर दो लाख रुपये किया गया मुआवजा

हिट एंड रन मामले में पहले मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये मुआवजा देने का प्रावधान था। एक अप्रैल 2022 से लागू हिट एंड रन मुआवजा योजना के तहत मृत्यु की स्थिति में यह राशि बढ़ाकर दो लाख रुपये कर दी गई। मुआवजे की राशि में बढ़ोतरी के बावजूद सभी पात्र परिवारों तक योजना का लाभ नहीं पहुंच पा रहा है।

ग्रामीण क्षेत्रों में जानकारी के अभाव में लोग आवेदन नहीं कर पाते हैं। कई बार सड़क दुर्घटना के बाद मुआवजे की मांग को लेकर स्थानीय लोग सड़क जाम करते हैं, लेकिन उन्हें हिट एंड रन के मामलों में मिलने वाली सरकारी सहायता और उसके लिए आवेदन करने की प्रक्रिया की जानकारी नहीं होती।

अंचल कार्यालय से उपायुक्त तक पहुंचती है रिपोर्ट, फिर होता है भुगतान

हिट एंड रन मुआवजे के लिए आवेदन मिलने के बाद दस्तावेजों और संबंधित अभिलेखों का सत्यापन किया जाता है। अंचल कार्यालय की ओर से आवश्यक जानकारी और अभिलेखों के आधार पर सत्यापन रिपोर्ट तैयार की जाती है। इसके बाद रिपोर्ट जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) और अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) यानी दावा जांच अधिकारी के पास भेजी जाती है।

वहां से जांच के बाद मामला उपायुक्त के पास पहुंचता है। उपायुक्त की सहमति और स्वीकृति के बाद दावा जनरल इंश्योरेंस काउंसिल (जीआईसी) को भेजा जाता है। इसके बाद पात्र मृतक के परिजनों के खाते में मुआवजे की राशि का भुगतान किया जाता है।

कार्यालयों का लगाना पड़ता है चक्कर

इस प्रक्रिया में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्राथमिकी, मृत्यु प्रमाणपत्र, पारिवारिक सूची और अंचल कार्यालय की सत्यापन रिपोर्ट महत्वपूर्ण होती है। इन दस्तावेजों को जुटाने में देरी होने से मुआवजे की प्रक्रिया भी लंबी हो जाती है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में परिजनों को अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ता है।

परिवार पहले ही सदस्य की मौत से परेशान रहता है, ऐसे में दस्तावेजों के सत्यापन और रिपोर्ट मिलने में देरी उनकी मुश्किलें और बढ़ा देती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पारिवारिक सूची, मृत्यु प्रमाण पत्र मिलने में देरी और सीओ कार्यालय द्वारा विलंब से सत्यापन रिपोर्ट में देरी के कारण विलंब से मुआवजा मिल पाता है।

इन दस्तावेजों के साथ कर सकते हैं आवेदन

हिट एंड रन मामले में मृतक के परिजनों को मुआवजे के लिए आवश्यक दस्तावेज जमा करने होते हैं। इनमें प्राथमिकी (एफआइआर) की प्रति, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मृत्यु प्रमाणपत्र, मृतक और आवेदक का आधार कार्ड, पारिवारिक सूची तथा आवेदक के बैंक पासबुक की प्रति शामिल हैं।

आवेदन संबंधित अंचल कार्यालय अथवा समाहरणालय में स्थित संबंधित विभाग के माध्यम से जमा किया जा सकता है। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही दावा जांच और मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ती है। 

रांची जिला: सड़क दुर्घटनाओं और मौतों का महीनेवार आंकड़ा (2025–2026)

महीना

दुर्घटनाएं 2025

दुर्घटनाएं 2026

मौतें 2025

मौतें 2026

जनवरी

73

69

45

35

फरवरी

71

63

60

39

मार्च

82

56

59

48

अप्रैल

71

73

48

58

मई

57

76

38

43

जून

54

83

36

55

जुलाई

60

73

39

38

अगस्त

67

69

48

41

कुल

535

562

373

357

नोट: आंकड़े जनवरी से अगस्त तक के हैं।

कुल 16 महीने के आंकड़े: 1097 सड़क दुर्घटनाएं और 730 मौतें। 

यह भी पढ़ें- Jharkhand Breaking: झारखंड में SIR की समय सीमा फिर बढ़ी, अब 22 दिसंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची

यह भी पढ़ें- झारखंड के सीनियर IPS अनिल पाल्टा अगले माह होंगे रिटायर, वरिष्ठता के बावजूद नहीं बन सके DGP

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।