आजसू के पूर्व विधायक लंबोदर महतो की बढ़ेंगी मुश्किलें, हाई कोर्ट में दाखिल हुई याचिका
आजसू के पूर्व विधायक लंबोदर महतो के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की जांच के लिए झारखंड हाई कोर्ट में याचिका दायर हुई है। गढ़वा के उपेंद्र कुमार ने राज्य सरकार सहित कई विभागों को प्रतिवादी बनाया है। याचिका में लंबोदर महतो पर कई स्रोतों से अत्यधिक संपत्ति अर्जित करने और रिश्तेदारों के कार्यों में निवेश करने का आरोप है।

राज्य ब्यूरो, रांची। आजसू के पूर्व विधायक लंबोदर महतो के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की जांच की मांग को लेकर झारखंड हाई कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की गई है।
गढ़वा के उपेंद्र कुमार ने याचिका में राज्य सरकार, पुलिस महानिदेशक, एसीबी और आयकर विभाग को प्रतिवादी बनाया गया है।
याचिका में कहा गया है कि लंबोदर महतो ने कई स्रोतों से अत्यधिक संपत्ति अर्जित की है। लंबोदर महतो पर अपने रिश्तेदार के कार्यों में भी निवेश करने का आरोप लगाया गया है।
प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि लंबोदर महतो के रिश्तेदार राजेश कुमार ने रांची के ऐदलहातू में तीन करोड़ से अधिक का मकान बनाया है।
इससे पूर्व कई अंचलों में अंचलाधिकारी के पद पर पदस्थापित रहते हुए और लंबोदर महतो और उनकी पत्नी के साथ मिलकर 100 करोड़ से अधिक संपत्ति अर्जित की है।
प्रार्थी का दावा है कि लंबोदर महतो का तीन मंजिला मकान रांची के लोआडीह में भी है। यहां उनका दो प्लाट है। चार एकड़ जमीन कसमार में है। इसके अलावा कई अन्य स्थानों पर उनकी संपत्ति है।
लंबोदर महतो ने 79 लाख की किताबें विधायक मद से खरीदी हैं। इन किताबों की खरीदारी बाजार से अत्यधिक मूल्य पर की गई है। प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि चुनावी हलफनामा में कई संपत्तियों का जिक्र नहीं किया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।