Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    25 वर्षों से जलनिकासी की समस्या से जूझ रहे रांची चूना भट्टा संकरी गली के लोग

    रांची नगर निगम अंतर्गत वार्ड-10 की सबसे बड़ी समस्या जल निकासी की है। कहीं नाली ही नहीं है तो कही नाली होने के बावजूद जल जमाव की समस्या से लोगों को रू-ब-रू होना पड़ता है। चूना भट्टा इलाके में स्थित संकरी गली में 25 वर्षों से नाली नहीं बनी है।

    By Kanchan SinghEdited By: Updated: Wed, 29 Sep 2021 02:58 PM (IST)
    Hero Image
    चूना भट्ठा की पुरानी जर्जर व जाम पड़ी नाली।

    रांची,जासं। रांची नगर निगम अंतर्गत वार्ड-10 शहर के बड़े वार्डों में से एक है। वार्ड के कोकर अंतर्गत निचले इलाकों की सबसे बड़ी समस्या जल निकासी की है। कहीं नाली ही नहीं है, तो कही नाली होने के बावजूद जल जमाव की समस्या से लोगों को रू-ब-रू होना पड़ता है। चूना भट्टा इलाके में स्थित संकरी गली में 25 वर्षों से नाली नहीं बनी है। नाली का निर्माण नहीं होने से बारिश में लगभग 150 मीटर लंबी व छह फीट चौड़ी गली नाले में तब्दील हो जाती है। बस्ती के सामने वाले मोहल्ले में तीन माह पूर्व रोड का निर्माण कर उसे ऊंचा कर दिया गया है। बारिश में वहां का गंदा पानी भी इसी गली में घुस जाता है। गली में जलापूर्ति भी बदहाल है। लोगों की शिकायत है कि दूषित जल की आपूर्ति होती है। कभी-कभार पानी में कीड़े भी आ जाते हैं। भोजन पकाने एवं पीने के लिए लोग पानी खरीदने को मजबूर हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाभानगर रोड भी बारिश में हो जाता है जलमग्न

    भाभानगर रोड का निर्माण साल भर पहले हुआ है। यहां नालियों पर स्लैब इस ढंग से रखा गया है कि बारिश में जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। जलापूर्ति का भी कोई तय समय नहीं है। कभी-कभार दूषित जल की आपूर्ति भी होती है। रोड नंबर तीन में भी नाली पर स्लैब होने के बावजूद बारिश में जल जमाव से लोग परेशान रहते हैं। रोड नंबर-10 में भाभानगर तालाब का पानी बारिश में ओवरफ्लो हो जाता है। इस वजह से पानी घरों एवं दुकानों में घुस जाता है।

    तारों का बेतरतीब संजाल दे रहा हादसों को दावत

    भाभानगर, सुभाष चौक आदि इलाके में पोल पर लटकते विद्युत तारों का बेतरतीब संजाल हादसे को दावत दे रहा है। बिजली का वायर खुला रहने से तेज हवा में रगडऩे से यहां फेज भी उड़ जाता है। लोगों की मांग है कि इन तारों को बदल कर कवर वायर लगाया जाय। भाभानगर दो नंबर रोड पर एक विशाल बरगद का पेड़ है। यहां पेड़ के बिल्कुल सटकर विद्युत वायर गुजर रहे हैं। सुभाष चौक में बिजली का आधा केबल ही लगाया गया है। यहां पुराना पोल टूट गया है। तार भी कई सालों से बदला नहीं गया है। जो हादसे का सबब बन सकता है।

    तालाब के पास पड़ा रहता है कचरे का ढेर

    भाभानगर तालाब के पास कूड़े-कचरे का ढेर देखा गया। निगम कर्मी रोड तक ही कचरे का उठाव करते हैं। तालाब एरिया में गाड़ी नहीं जाती है। कूड़ा-कचरा ऐसे ही पड़ा रहता है। वहीं, रिम्स रोड जाने वाली सड़क पर भी कई स्थानों पर कचरे का ढेर पड़ा था। चूना भट्ठा बैंक कालोनी में करमा पूजा के वक्त 17 सितंबर को नाली की सफाई हुई थी। तब से सफाई नहीं हुई है।

    जलनिकासी है सबसे बड़ी समस्या

    चूनाभट्टा संकरी गली निवासी संजय कुमार सिंह कहते हैं कि हमलोग 25 वर्षों से निकासी की समस्या झेल रहे हैं। भारी बारिश होने पर गली में एक फीट तक पानी भर जाता है। पानी को निकलने में एक हफ्ते का समय लग जाता है। उसके बाद गली में कीचड़ रह जाता है, जिससे परेशानी काफी बढ़ गई है। कई बार निगम एवं पार्षद का ध्यानाकर्षण इस ओर कराया गया। लेकिन आज तक समाधान नहीं हुआ। इसी गली में रहने वाली राधा देवी एवं निर्मल मुंडा का भी कहना है कि नाली नहीं होने के कारण बारिश में स्थिति नारकीय हो जाती है। नलों से दूषित जल की भी आपूर्ति होती है।

    भाभानगर रोड के संजीव चौधरी का कहना है कि नालियों पर स्लैब ठीक से नहीं लगने के कारण बारिश में रोड नाला बन जाता है। विद्युत वायर भी कवर नहीं हैं। सागर पासवन का कहना है कि सुभाष चौक इलाके में दो साल पहले बिजली का आधा केबल ही लगाया गया है। एक पुराना पोल भी टूट गया है। तार भी नहीं बदला गया है। यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। चूना भट्टा बैंक कॉलोनी निवासी बबलू गाड़ी ने कहा कि करमा के पहले नाली की सफाई हुई थी। नाली में कचरा पड़ा है। अभी तक सफाई नहीं हुई है। शाम ढलने के बाद कई स्थानों पर अंधेरा छाया रहता है। यहां और भी स्ट्रीट लाइट की जरूरत है।

    रोड नंबर तीन के दीपक गोस्वामी ने कहा कि नाली है, लेकिन जाम होने के कारण बारिश में रोड जलमग्न हो जाता है। रोड नंबर दो के अनुज मुंडा ने भी निकासी व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने बात करते हुए कहा कि बारिश में पानी घरों में घुस जाता है। रोड नंबर दस के प्रमोद चौरसिया और मनीषकांत झा का कहना है कि बारिश में तालाब का पानी ओवरफ्लो होकर घरों एवं दुकानों में घुस जाता है। तालाब को सामने से भी घेरने की जरूरत है।

    दूर की जाएगी निकासी समस्या : पार्षद

    वार्ड-10 की समस्याओं पर पार्षद अर्जुन कुमार यादव दावा करते हुए कहते हैं कि वार्ड में कई स्थानों पर कच्ची नाली का पक्कीकरण कर निकासी समस्या को दुरुस्त किया गया है। जहां समस्या है, उसे भी दूर करने का प्रयास किया जाएगा। बिजली की समस्या पर कहना है कि वार्ड में कई घरों के छत के ऊपर से बिजली की तार गई है। विभाग से कई बार शिकायत की गई है। लेकिन उनकी ओर से स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा है। वहीं, कहा कि भाभानगर तालाब तालाब छोटा होने कारण रोड लेवल में रहने वाले कुछ लोगों को बारिश में समस्या का सामना करना पड़ता है। कूड़ा निस्तारण पर कहा कि कचरा गाड़ी नियमित जाती है।