निशा भगत मामले में CBI का पहला एक्शन, अजय तिर्की और ज्योत्सना के खिलाफ FIR दर्ज
CBI ने सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की मौत के मामले में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ FIR दर्ज की है।

निशा भगत केस में सीबीआई का एक्शन। फाइल फोटो
HighLights
CBI ने निशा भगत मौत मामले में FIR दर्ज की।
अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ मामला।
निशा ने आत्महत्या से पहले लगाए थे गंभीर आरोप।
राज्य ब्यूरो, रांची। आदिवासी नेत्री निशा भगत कथित आत्महत्या केस में सीबीआइ की नई दिल्ली स्थित विशेष अपराध-1 शाखा ने 14 नवंबर को केस री-रजिस्टर किया है।
सीबीआइ ने रांची के पिठोरिया थाने में सात नवंबर को दर्ज प्राथमिकी को टेकओवर करते हुए केस री-रजिस्टर किया है। यह प्राथमिकी अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा व अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध दर्ज की गई है।
पूरा मामला आत्महत्या के लिए उकसाने, उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, धमकाने तथा आपराधिक साजिश रचने से संबंधित भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में दर्ज की गईं हैं।
सीबीआइ ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद अपनी जांच तेज कर दी है। जांच के क्रम में ही सीबीआइ सोमवार को आरोपित अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के घर पहुंची और आवश्यक छानबीन भी की।
लाइव आकर किया था सुसाइड
छह नवंबर को आदिवासी नेत्री निशा भगत ने रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित आवास में इंटरनेट मीडिया फेसबुक पर लाइव आकर पंखे से लटकर आत्महत्या कर ली थी।
इस मामले में उसके पिता आनंदू भगत ने लिखित शिकायत की थी। वे मूल रूप से गुमला जिले के घाट गांव जोराटांड़ निवासी हैं।
उन्होंने दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री निशा भगत पर मानसिक तथा सामाजिक रूप से प्रताड़ित कर तथा झूठे मुकदमे में फंसाकर इतना दबाव बनाया गया कि उसने आत्महत्या कर ली।
पिता के अनुसार, उनकी पुत्री निशा भगत के चरित्र का हनन इंटरनेट मीडिया पर एक साजिश के तहत किया गया था। दावा किया कि उससे तंग आकर उसकी बेटी ने आत्महत्या की।
उन्होंने यह भी बताया था कि पिठोरिया के तत्कालीन थाना प्रभारी सतीश पांडेय व अन्य पुलिस पदाधिकारी अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा जमीन के दलाल चर्च के दलाल ने घर से निकलते, कहीं पर भी आते-जाते उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
चर्च के कहने पर ही तरह-तरह के झूठे चारित्रिक दुष्प्रचार किया गया। उसने इंटरनेट मीडिया फेसबुक पर भी सभी आरोपितों का नाम लिया था।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने CBI से जांच कराने का दिया था निर्देश
निशा भगत आत्महत्या मामले में राज्य सरकार ने दस नवंबर को ही केंद्र से सीबीआइ जांच की अनुशंसा की थी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 11 नवंबर को एक्स पोस्ट कर पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया था कि निशा भगत की मौत मामले में सीबीआइ को जांच का निर्देश दिया गया है।
झारखंड सरकार की अनुशंसा के आलोक में भारत सरकार से 14 नवंबर को जारी अधिसूचना के आधार पर ही सीबीआइ ने पिठोरिया थाने में दर्ज उक्त केस को टेकओवर करते हुए सीबीआइ नई दिल्ली में केस री-रजिस्टर किया है।
यह भी पढ़ें- निशा भगत सुसाइड केस: CBI जांच की सिफारिश दिल्ली मुख्यालय पहुंची, आत्महत्या से जुड़ा एक और वीडियो आया सामने
यह भी पढ़ें- जमशेदपुर में पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा ने निशा भगत मामले में मांगी निष्पक्ष जांच, संथाल की डेमोग्राफी पर भी जताई चिंता