निशा भगत सुसाइड केस: CBI जांच की सिफारिश दिल्ली मुख्यालय पहुंची, आत्महत्या से जुड़ा एक और वीडियो आया सामने
आदिवासी नेत्री निशा भगत आत्महत्या मामले में सीबीआई जल्द प्राथमिकी दर्ज कर सकती है, झारखंड सरकार की अनुशंसा दिल्ली मुख्यालय पहुंच गई है।

निशा भगत। (फाइल फोटो)
HighLights
सीबीआई जल्द दर्ज कर सकती है निशा भगत आत्महत्या मामले में प्राथमिकी।
झारखंड सरकार की अनुशंसा सीबीआई मुख्यालय दिल्ली पहुंच चुकी है।
निशा भगत ने फेसबुक लाइव आकर की थी आत्महत्या।
राज्य ब्यूरो, रांची। इंटरनेट मीडिया फेसबुक पर लाइव आकर आत्महत्या करने वाली आदिवासी नेत्री निशा भगत मामले में सीबीआई जल्द प्राथमिकी दर्ज कर सकती है।
सीबीआई में प्राथमिकी दर्ज करने संबंधित झारखंड सरकार की अनुशंसा दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय के पास पहुंच गई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। सूचना है कि इस मामले में सीबीआई दिल्ली में प्राथमिकी दर्ज होगी, जिसकी प्रक्रिया चल रही है।
निशा भगत ने छह नवंबर को फेसबुक लाइव आकर आत्महत्या कर ली थी। कथित फेसबुक लाइव के अनुसार आत्महत्या के पूर्व निशा भगत भावुक व परेशान थी और जमीन माफिया के विरुद्ध प्रताड़ित करने, बदनाम किए जाने का आरोप लगा रही थी।
उसने पुलिस-प्रशासन पर भी प्रश्न खड़े किए थे। इस मामले में निशा भगत के पिता ने पिठोरिया थाने में अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा व पिठोरिया के तत्कालीन थानेदार सतीश कुमार पांडेय के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
आरोपितों पर आत्महत्या के लिए उकसाने व आपराधिक साजिश रचने का आरोप लगा था। इस पूरे प्रकरण में भाजपा, आजसू सहित कई आदिवासी संगठनों ने सीबीआई से जांच कराने की मांग उठाई थी। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग व राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इसपर संज्ञान लेते हुए राज्य के मुख्य सचिव, डीजीपी व रांची के एसएसपी से रिपोर्ट मांगी है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सीबीआई से जांच कराने का दिया था निर्देश
निशा भगत की आत्महत्या मामले में आरोप प्रत्यारोप, दोषियों को बचाने जैसे भाजपा के आरोपों के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 11 नवंबर को एक्स पोस्ट कर पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराने के निर्देश दिए जाने की जानकारी दी थी।
मुख्यमंत्री के आदेश के आलोक में राज्य सरकार ने केंद्र से सीबीआई जांच की अनुशंसा की थी। इसके बाद केंद्र ने सीबीआई मुख्यालय को राज्य सरकार की अनुशंसा भेजी है, जिसपर सीबीआई में मामला प्रक्रियाधीन है।
एक और वीडियो इंटरनेट पर वायरल
आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या से संबंधित एक और कथित वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो में निशा भगत पंखे से आत्महत्या करती दिख रही है।
उसके अंतिम शब्द हैं कि ऐसा करने के लिए उसपर किसी ने दबाव नहीं दिया है। इस मामले में पूर्व में भी एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें निशा भगत रो-रोकर अपना दुख बयां कर रही थी। अब दूसरा वीडियो वायरल हुआ है। अब जांच एजेंसी सभी वीडियो की सत्यता की जांच करेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।