Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jharkhand Crime: जराईकेला मुठभेड़ मामले की जांच करेगी एनआइए

    Updated: Wed, 09 Jul 2025 05:39 PM (IST)

    Jharkhand Crime पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र स्थित तिरिलपोसी जंगल में 30 मई की दोपहर माओवादियों से हुई मुठभेड़ की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) करेगी। घटनास्थल से माओवादियों के दो वायरलेस सेट 155.68 किलोग्राम सीडेट मेगा प्राइम एक्सप्लोसिव लिखे हुए विस्फोटक बरामद हुए थे। प्राथमिकी में 17 नामजद सक्रिय माओवादियों को आरोपित बनाया गया है।

    Hero Image
    तिरिलपोसी जंगल में माओवादियों से सुरक्षा बलों की हुई थी मुठभेड़।

    दिलिप कुमार, रांची। Jharkhand Crime पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र स्थित तिरिलपोसी जंगल में 30 मई की दोपहर माओवादियों से हुई सुरक्षा बलों की मुठभेड़ मामले की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) करेगी।

    इस मुठभेड़ के बाद सर्च अभियान के दौरान घटनास्थल से माओवादियों के दो Wireless सेट, 155.68 किलोग्राम सीडेट मेगा प्राइम एक्सप्लोसिव लिखे हुए विस्फोटक बरामद हुए थे। जराईकेला थाने में दो जून को दर्ज कांड संख्या 0013/2025 को टेकओवर करते हुए एनआइए ने यह प्राथमिकी दर्ज की है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    NIA (एनआइए) रांची का वर्ष 2025 का यह पहला केस है जिसे एनआइए ने 27 जून को दर्ज की है।

    एनआइए ने दर्ज प्राथमिकी में अनलाफूल एक्टिविटी एक्ट, हथियार व विस्फोटक अधिनियम भी लगाई है। इस प्राथमिकी में 17 नामजद सक्रिय माओवादियों को आरोपित बनाया गया है।

    इनमें झारखंड सरकार से घोषित एक-एक करोड़ के तीन इनामी माओवादी पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा उर्फ भास्कर व सेंट्रल कमेटी सदस्य अनल उर्फ पतिराम मांझी व असीम मंडल उर्फ आकाश शामिल हैं।

    अन्य नामजद आरोपित माओवादियों में स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य लालचंद्र हेम्ब्रम उर्फ अनमोल, अजय महतो उर्फ टाइगर, रीजनल कमेटी सदस्य मोछू उर्फ मेहनत के अलावा अश्विन, सागेन अंगरिया, पिंटू लोहरा, चंदन लोहरा, अमित मुंडा, जयकांत, राफा मुंडा, जिलानी उर्फ सैमी चंपिया, मुन्नी सुरीन, सालुका कायम व गुरुचरण उर्फ चोगा शामिल हैं।

    इनमें स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य लालचंद्र हेम्ब्रम व अजय महतो पर झारखंड सरकार ने 25-25 लाख रुपये का इनाम रखा है। वहीं रीजनल कमांडर मोछू उर्फ मेहनत पर झारखंड सरकार ने 15 लाख रुपये का इनाम रखा है।

    जराईकेला थाने में दारोगा के बयान पर हुई थी प्राथमिकी

    पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाने के दारोगा राजेश कुमार यादव ने दो जून को जराईकेला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने अपने आवेदन में बताया था कि पश्चिमी सिंहभूम जिले के एसपी के सूचना मिली थी कि जराईकेला थाना क्षेत्र स्थित तिरिलपोसी के जंगली क्षेत्र में माओवादी संगठन का केंद्रीय दस्ता जुटा है।

    दस्ता में उपरोक्त सभी 17 नामजद व अन्य अज्ञात सदस्य शामिल हैं। माओवादी पुलिस बल को क्षति पहुंचाने व उनके हथियार को लूटने की कोशिश में हैं। वे इसके लिए आइईडी भी लगाने का प्रयास कर रहे हैं।

    इसी सूचना पर दारोगा राजेश कुमार यादव कोबरा 203 बटालियन की ई कंपनी की 13, 14 व 15 नंबर टीम के साथ विशेष अभियान दल में शामिल हुए। 28 मई को वे तथा कोबरा बटालियन के सहायक समादेष्टा अविनाश कुमार सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा बलों की टीम तिरिलपोसी कैंप से दोपहर एक बजे निकली।

    टीम ने सर्च अभियान चलाया। 30 मई की दोपहर करीब 12 बजे तिरिलपोसी जंगली क्षेत्र में माओवादियों ने पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा बल की ओर से भी जवाबी कार्रवाई शुरू हुई।

    सुरक्षा बलों को भारी पड़ता देख माओवादी फायरिंग करते हुए, लाल सलाम, माओवादी जिंदाबाद, भाकपा माओ अमर रहे आदि का नारा लगाते हुए जंगल क्षेत्र व पहाड़ी का का लाभ उठाकर पीछे भागने लगे।

    माओवादियों के भागने के बाद सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान चलाया, जिसमें माओवादियों के दो वायरलेस सेट, 155.68 किलोग्राम सीडेट मेगा प्राइम एक्सप्लोसिव लिखे हुए विस्फोटक बरामद किए गए।