NH-33 के दो ब्लैक स्पॉट का बदलेगा रास्ता, चुटूपाली और चरही में बनेगी नई फोरलेन सड़क
राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर चुटुपाली घाटी और चरही को दुर्घटना संभावित क्षेत्र घोषित किया गया है, जिसके चलते सड़क परिवहन मंत्रालय ने इन स्थानों पर नई फोरलेन सड़क बनाने की स्वीकृति दी है। इस परियोजना के तहत चुटुपाली में 5 किमी और चरही में 1 किमी नई सड़क बनेगी।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
चुटुपाली घाटी और चरही NH-33 पर दुर्घटना संभावित क्षेत्र।
परियोजना दो साल में पूरी होगी, लागत ₹150 करोड़।
राज्य ब्यूरो, रांची। राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर रांची होकर टाटा से बरही के बीच सड़क दुर्घटना के लिहाज सर्वाधिक खतरनाक क्षेत्र के तौर पर चुटूपाली घाटी और चरही चिह्नित हैं। बीते शनिवार को ही चुटूपाली में टेम्पो चालक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। बाइक सवार की जान चली गई।
ऐसा तब है जब कई स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगे हुए हैं। इससे पहले भी दर्जनों दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए कई तरह के प्रयोग करने के बाद भी कोई फायदा नहीं हुआ है तो सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने दोनों स्थानों पर नई राह पर फोरलेन मार्ग बनाने की स्वीकृति दी है।
चुटूपाली घाटी में पहाड़ी के पिछले हिस्से से होकर पांच किमी लंबी नई फोरलेन सड़क बनाई जाएगी तो चरही में भी एक किमी लंबा नए मार्ग का निर्माण होगा। इसके लिए निविदा आमंत्रित हो चुकी है। दो साल में यह काम पूरा हो सकेगा।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने चुटूपाली घाटी और चरही में सड़क दुर्घटनाओं की वजह का अध्ययन कराया। यह पाया गया कि पहाड़ियों की तलहटी से गुजर रही सड़कमें कहीं तेज ढलान है तो तीखा मोड़ भी। चालक तनिक भी नियंत्रण खोता है तो खतरा हो जाता है।
रांची के विकास मोड़ से महज छह किमी दूरी से ही यह खतरनाक राह शुरू होती है। इस नाते भी एनएचएआई के अधिकारी लगातार दबाव में रहते थे। चुटूपाली एवं चरही में पहाड़ियों के बीच नया रास्ता खोजने के लिए विशेषज्ञों से सर्वे कराया गया। नई राह खोज ली गई है, जिसमें ढलान तनिक कम होगी और उतने कटावदार मोड़ भी नहीं होंगे।
यद्यपि, सड़क बनाने का काम शुरू करने के पहले भूमि अधिग्रहण किया जाना है तो वन विभाग से अनापत्ति भी लेनी होगी। इसकी भी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सड़क निर्माण में डेढ़ सौ करोड़ की लागत आएगी तो भूमि अधिग्रहण, वन क्षेत्र को दोबारा बसाने समेत और कार्यों में भी तकरीबन 90 से 100 करोड़ रूपये व्यय होंगे।
चुटूपाली की दुर्घटनाएं यह भी
6 सितंबर 2026 : कंटेनर ने कार को टक्कर मारी। एक की मौत हुई। छह घायल हो गए। लंबा जाम रहा।
3 अक्टूबर 2026 : कोयला लदे हाइवा का ब्रेक फेल हो गया। बस समेत छह वाहनों को मारा। कई घायल।
12 नवंबर 2026 : कंटेनर ने बलेनो कार को टक्कर मारी। तत्काल तीन मर गए। कई घायल भी हुए।
चुटूपाली घाटी और चरही को ब्लैक स्पाट बन चुके हैं। चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे। गाड़ियों को सावधानी से चलाने के लिए टोलनाका पर लाउडस्पीकर से भी प्रसारण किया जाता रहा है। सड़क पर कई तरह के चिह्न भी लगाए गए हैं। फैसला लिया गया है कि दोनों जगह पर नए रास्ते से सड़क बनाई जाएगी।
- संतोष आर्य, क्षेत्रीय पदाधिकारी, एनएचएआई, झारखंड।
यह भी पढ़ें- बिहार में बनेगा एक और हाई-स्पीड कॉरिडोर! ₹3300 करोड़ से फोरलेन होगा NH-33, 17 गांवों से ली जाएगी जमीन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।