Vande Bharat: खुशखबरी! रांची से पुरी के लिए चलेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, जयपुर और हरिद्वार के लिए भी नई ट्रेनें
रांची से पुरी जयपुर ऋषिकेश-हरिद्वार और अहमदाबाद के लिए नई ट्रेन सेवाएं जल्द शुरू होंगी। केंद्रीय मंत्री संजय सेठ के आग्रह पर रेल मंत्रालय ने रेलवे बोर्ड को आवश्यक निर्देश दिए हैं। रांची से हजारीबाग के लिए भी पैसेंजर ट्रेन की शुरुआत की जाएगी। इन नई सेवाओं से झारखंड के यात्रियों को काफी सुविधा होगी और कनेक्टिविटी में सुधार होगा।

जागरण संवाददाता, रांची। रांची से पुरी के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस, जयपुर, ऋषिकेश-हरिद्वार, हजारीबाग और अहमदाबाद के लिए नई ट्रेन सेवाओं के परिचालन पर रेलवे ने प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यह पहल केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के आग्रह पर हुई है। उन्होंने 24 जुलाई को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर रांची सहित पूरे झारखंड में रेल यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग की थी और इसके लिए आग्रह पत्र भी सौंपा था।
मुलाकात के बाद रेल मंत्री ने रेलवे बोर्ड को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और 20 दिन के भीतर संबंधित प्रस्तावों पर प्रक्रिया आरंभ हो गई, जिन प्रस्तावों पर काम शुरू हुआ है।
रांची से पुरी के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस
उनमें रांची से पुरी के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस, रांची से जयपुर के लिए नई ट्रेन या किसी मौजूदा सेवा का विस्तार, रांची से ऋषिकेश-हरिद्वार के लिए सीधी ट्रेन, रांची से मुरी, सिल्ली, बरकाकाना होते हुए हजारीबाग तक पैसेंजर ट्रेन और राजधानी रांची से अहमदाबाद के लिए ट्रेन सेवा शामिल हैं।
इसके अलावा रांची की अन्य यात्री सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई थी, जिनमें यात्री सुविधाओं के विस्तार और कनेक्टिविटी बढ़ाने के सुझाव दिए गए थे। संजय सेठ ने कहा कि रेलवे बोर्ड की त्वरित कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि सरकार झारखंड के यात्रियों की जरूरतों को गंभीरता से ले रही है।
उन्होंने इन सेवाओं को राज्य के लोगों के लिए लाभकारी बताते हुए केंद्रीय रेल मंत्री का आभार प्रकट किया और कहा कि नई ट्रेनों के शुरू होने से रांची की देश के विभिन्न हिस्सों से कनेक्टिविटी मजबूत होगी, जिससे व्यापार, पर्यटन और धार्मिक यात्रा को बढ़ावा मिलेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।