अगली जो भी फिल्म या सीरियल करूंगा तो उसे रांची में ही शूट करूंगा : फिरोज खान
महाभारत सीरियल में अर्जुन का रोल करनेवाले फिरोज खान दोस्त की बेटी की शादी में रांची पहुंचे।

जासं, रांची: महाभारत सीरियल में अर्जुन का रोल करनेवाले फिरोज खान दोस्त की बेटी की शादी में रांची पहुंचे। फिरोज ने बताया कि महाभारत में अर्जुन का किरदार निभाने के बाद मेरी असल जिदगी की शुरुआत हुई। वो कहते हैं महाभारत में रूह थी, उसमें एक जान थी। महाभारत करने के दौरान व करने के बाद भी लोगों ने मुझे अर्जुन के नाम से याद रखा। 35 साल के बाद आज भी लोग मुझे अर्जुन के नाम से पहचानते हैं। महाभारत करने के बाद मैंने 267 फिल्में की। अबतक की हुई फिल्मों में मैंने एक भी बी ग्रेड की फिल्म नहीं की। फिरोज कहते हैं झारखंड अपने आप में खूबसूरत जगह है। यहां की आबो हवा ने मेरा दिल जीत लिया। यहां की पतरातू वैली मुझे बेहद भायी। पत्रकारों को संबोधित करते हुए फिरोज ने कहा कि जैसे उत्तराखंड, गुजरात अपने शहरों को प्रमोट करता है, उसी तरह आप भी झारखंड को प्रमोट करें। पत्रकारों के कलम के जोर से ही शहर प्रमोट होगा। ये मेरा प्रण है कि अगली जो भी फिल्म या सीरियल करूंगा तो उसे रांची में ही शूट करूंगा। यहां आकर बड़े-बड़े भाषण देने वाले लोगों ने केवल अपने कोष भरे: फिरोज ने आगे बताया कि अब तक जो भी यहां आए जिन्होंने बड़े-बड़े भाषण दिए, वादे किए। उन्होंने केवल अपना पेट भरा है। अगर वो सच में यहां से जुड़े हुए होते तो आज झारखंड कहां से कहां पहुंच जाता। मैं अपने स्तर से पतरातू का प्रचार करूंगा। झारखंड से जुड़ी चीजों को प्रमोट करूंगा। धौनी से मिलने की है तमन्ना: फिरोज कहते हैं लोगों को फक्र करना चाहिए कि झारखंड की सर-जमीन की भीनी-भीनी खुशबु में एक ऐसा योद्धा है जिसमें हिदुस्तान के नाक को कई बार ऊंचा किया है। वो कोई और नहीं बल्कि धौनी हैं। धौनी से अच्छा कैप्टन न तो कभी आया है, ना ही मुझे लगता है कभी आएगा। धौनी से अब तक मिल नहीं पाया हूं। लेकिन दिली तमन्ना है कि एक बार उससे मिलूं। मैंने महाभारत से निष्ठा रखना सीखा। इंसान को झूठा बनकर जिदगी नहीं गुजारनी चाहिए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।