Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Dhoni Retirement: पिता चाहते थे माही पढ़ाई पर ध्यान दे, दोस्‍त संतोष से सीखा हेलीकाॅप्‍टर शाॅट

    By Sujeet Kumar SumanEdited By:
    Updated: Sun, 16 Aug 2020 11:25 AM (IST)

    Dhoni Retirement News सामान्य परिवार से आने वाले धौनी के बड़े भाई का नाम नरेंद्र सिंह धौनी व बहन का नाम जयंती है।

    Dhoni Retirement: पिता चाहते थे माही पढ़ाई पर ध्यान दे, दोस्‍त संतोष से सीखा हेलीकाॅप्‍टर शाॅट

    रांची, जासं। Dhoni Retirement News महेंद्र सिंह धौनी का जन्म रांची, बिहार (अब झारखंड) में हुआ था। धौनी का पैतृक गांव लवाली उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा ब्लॉक में है। धौनी के माता-पिता उत्तराखंड से रांची आकर बस गए। दरअसल रांची में धौनी के पिता पान सिंह मेकॉन कंपनी में जूनियर मैनेजमेंट के पद पर काम करते थे। धौनी ने रांची के डीएवी जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली से पढ़ाई की है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यहां उन्होंने शुरुआत में बैडमिंटन और फुटबॉल में शानदार प्रदर्शन किया और इन खेलों में जिला और क्लब स्तर पर भी चुने गए। सामान्य परिवार से आने वाले धौनी के बड़े भाई का नाम नरेंद्र सिंह धौनी व बहन का नाम जयंती है। धौनी को आगे बढ़ाने में जयंती व उसके पति गौतम गुप्ता का सहयोग रहा है। धौनी जब क्रिकेट खेलना चाहते थे, तब उनके पिता पान सिंह उन्‍हें पढ़ाई के लिए कहते थे। उनका कहना था कि खेलने-कूदने से कोई लाभ नहीं होना है, इसलिए उसे पढ़ने पर ध्यान देना चाहिए।

    ऐसे समय में मां देवकी व बहन जयंती अपने भाई का पक्ष लेती। धौनी के क्रिकेट करियर को बढ़ाने में उसके दोस्तों का भी बड़ा योगदान है। दोस्तों ने ना उनके क्रिकेट करियर के शुरुआती दिनों में प्रायोजक दिलाया बल्कि हर तरह से मदद की। चार जुलाई 2010 में धौनी के जीवन में साक्षी आई जिसने आगे बढ़कर पति का साथ दिया। सिमिलया स्थित फार्म हाउस में माही का परिवार रहता है।

    प्रिय मित्र संतोष से सीखा हेलीकाॅप्‍टर शाॅट

    धौनी के प्रिय मित्र संतोष लाल से उनकी काफी बनती थी। दोनों ने झारखंड की ओर रणजी ट्राॅफी भी खेला। उस समय क्रिकेट विशेषज्ञ मानते थे कि संतोष लाल में धौनी से ज्यादा प्रतिभा है। लेकिन समय के साथ धौनी का प्रदर्शन निखरता चला गया। संतोष लाल मैदान के चारों ओर शाट खेलते थे लेकिन उसके हेलीकाॅप्टर शाॅट का कोई तोड़ नहीं था।

    धौनी को भी यह शाॅट काफी पसंद आता था। उसने संतोष से यह शाॅट सिखाने को कहा। इसके बाद संतोष ने माही को यह शाॅट सिखाया और हेलीकाॅप्‍टर शाॅट माही का पसंदीदा शाॅट बन गया। इस शाॅट को माही के कारण इतनी प्रसिद्धि मिली कि दूसरे खिलाड़ी भी इसे खेलते नजर आते हैं।