IPL से रिटायरमेंट के बाद नए अंदाज में दिखे MS Dhoni, पत्नी साक्षी के साथ पतरातू की वादियों का उठाया लुत्फ
IPL से संन्यास लेने के बाद महेंद्र सिंह धोनी पत्नी साक्षी के साथ झारखंड की खूबसूरत पतरातू घाटी में ड्राइव का आनंद लेते दिखे। यह खबर पतरातू की प्राकृतिक सुंदरता और एक बेहतरीन रोड ट्रिप डेस्टिनेशन के रूप में उसकी पहचान को उजागर करती है।

सोर्स: @demolish.sakshi.haters/@dhoni.cult/@mahisakshiunited (इंस्टाग्राम)
HighLights
धोनी ने IPL से संन्यास के बाद पतरातू घाटी का किया दौरा।
पत्नी साक्षी के साथ प्राकृतिक नजारों का आनंद लेते दिखे।
डिजिटल डेस्क, रांची। आईपीएल से संन्यास लेने के बाद महेंद्र सिंह धोनी अब क्रिकेट के मैदान से दूर सुकून के पल बिताते नजर आ रहे हैं। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए खिलाड़ी के तौर पर करीब 18 साल का सफर पूरा करने के बाद धोनी ने अपनी जिंदगी के नए अध्याय की शुरुआत की है।
इसी बीच वह पत्नी साक्षी के साथ झारखंड की खूबसूरत पतरातू घाटी में ड्राइव का आनंद लेते दिखे। दोनों की साथ में घूमने की तस्वीरें सामने आने के बाद पतरातू एक बार फिर चर्चा में है।
धोनी ने 17 नवंबर को आईपीएल से संन्यास का ऐलान किया था। हालांकि, वह चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े रहेंगे और आईपीएल 2027 से टीम में मेंटर की भूमिका निभाएंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से पहले ही संन्यास ले चुके धोनी के लिए यह उनके खिलाड़ी करियर का एक और बड़ा पड़ाव है।
क्रिकेट की व्यस्तताओं से दूर धोनी का झारखंड की वादियों में इस तरह समय बिताना उनके प्रशंसकों के लिए भी खास है। पत्नी साक्षी के साथ उनकी ड्राइव और खूबसूरत पलों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। धोनी और साक्षी की इस ड्राइव का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। फैंस भी उनके इस सादगी भरे अंदाज को काफी पसंद कर रहे हैं।

रांची से करीब 40 किलोमीटर दूर रामगढ़ जिले में स्थित पतरातू घाटी अपनी घुमावदार सड़कों, हरी-भरी पहाड़ियों और खूबसूरत प्राकृतिक नजारों के लिए जानी जाती है। यहां सड़क के तीखे मोड़ और पहाड़ियों के बीच से गुजरता रास्ता पर्यटकों को खासा आकर्षित करता है। खासकर सर्दियों के मौसम में यहां की खूबसूरती देखते ही बनती है।
दिल्ली से कैसे पहुंचें पतरातू घाटी?
दिल्ली से पतरातू आने के लिए यात्री फ्लाइट या ट्रेन से रांची पहुंच सकते हैं। इसके बाद निजी वाहन या कैब से करीब एक घंटे में पतरातू घाटी पहुंचा जा सकता है। दिल्ली से सीधे सड़क मार्ग से आने वाले यात्रियों के लिए सफर लंबा है। ऐसे में रास्ते में ठहराव लेकर यात्रा करना बेहतर विकल्प हो सकता है।
-1795421222747.webp)
पतरातू में घूमने के लिए क्या-क्या है खास?
पतरातू पहुंचने के बाद सबसे पहले घाटी की घुमावदार सड़क और खूबसूरत व्यू प्वाइंट का आनंद लिया जा सकता है। इसके अलावा पतरातू डैम और नलकारी नदी के आसपास का प्राकृतिक नजारा भी पर्यटकों को आकर्षित करता है। यहां बोटिंग की सुविधा उपलब्ध होने पर उसका आनंद भी लिया जा सकता है।
-1795421240027.webp)
पहाड़ियों के बीच नलकारी नदी का मनमोहक नजारा
पतरातू की तीन ओर फैली पहाड़ियों के बीच हरिहरपुर गांव के पास बहती नलकारी नदी इन दिनों अपनी खूबसूरती से पर्यटकों को आकर्षित कर रही है। नदी की छोटी-छोटी जलधाराएं, किनारों पर फैली हरियाली और दूर तक नजर आती पहाड़ियां यहां के प्राकृतिक नजारे को खास बना रही हैं। इन्फिनिटी रिजॉर्ट के समीप घाटियों के बीच से गुजरती नलकारी नदी का शांत और मनोरम दृश्य पर्यटकों को सुकून के कुछ पल बिताने का मौका दे रहा है।
अगर घूमने के लिए अधिक समय है तो चुट्टुपालू घाटी को भी यात्रा में शामिल कर सकते हैं। वहीं, रांची लौटकर दशम और जोन्हा जलप्रपात की सैर भी की जा सकती है। महेंद्र सिंह धोनी की इस ड्राइव ने एक बार फिर दिखाया है कि झारखंड की खूबसूरत वादियां सुकून के कुछ पल बिताने के लिए शानदार जगह हैं। पहाड़ियों के बीच से गुजरती सड़क, खुला आसमान और प्राकृतिक नजारे पतरातू को एक बेहतरीन रोड ट्रिप डेस्टिनेशन बनाते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।
