विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

न हेलीकॉप्टर शॉट दिखेगा, न बल्ले से निकलेगा विनिंग छक्का! IPL में मेंटर बनकर CSK को जीत का मंत्र देंगे माही

Published: Thu, 19 Nov 2026 12:04 PM (IST)

महेंद्र सिंह धौनी ने आईपीएल में खिलाड़ी के रूप में खेलना बंद करने का फैसला किया है, लेकिन वह चेन्नई ...और पढ़ें

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।

HighLights

  1. धोनी ने आईपीएल में खिलाड़ी के रूप में खेलना छोड़ा।

  2. चेन्नई सुपर किंग्स के लिए मेंटर की भूमिका निभाएंगे माही।

संजीव रंजन, रांची। लगभग आठ साल पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अलविदा कहने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने अब आईपीएल में भी नहीं खेलने का निर्णय लिया है। धौनी के प्रशंसकों के लिए यह बड़ा झटका है। मात्र उनकी एक झलक पाने के लिए क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ स्टेडियम में उमड़ पड़ती थी। मैदान पर उनकी झलक देखते ही जिस तरह का शोर स्टेडियम में गूंजता था, उसे भुलाना आसान नहीं होगा।

हालांकि, खिलाड़ी के रूप में आइपीएल करियर समाप्त करने के बाद भी धोनी मेंटर की भूमिका में नजर आएंगे। वह चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए यह जिम्मेदारी निभाएंगे।

महेंद्र सिंह धोनी के क्रिकेट करियर के एक दौर के अंतिम पड़ाव की चर्चा ने क्रिकेट जगत और उनके प्रशंसकों को भावुक कर दिया है। रांची से लेकर पूरे देश में खेल प्रेमियों के बीच इस बात को लेकर मायूसी है कि अब मैदान पर उनका करिश्माई अंदाज शायद ही देखने को मिले। एक खिलाड़ी और मेंटर के रूप में उनका सफर भारतीय क्रिकेट के सबसे स्वर्णिम अध्यायों में से एक रहा है।

ms dhoni csk

मैदान पर उनका प्रसिद्ध 'हेलीकॉप्टर शॉट', शांत स्वभाव और आखिरी गेंद तक मैच का पासा पलट देने की अद्भुत क्षमता हमेशा याद रखी जाएगी। जब भी मैच रोमांचक मोड़ पर होता था, धौनी का क्रीज पर होना ही विपक्षी टीम के खेमे में खलबली मचा देता था और प्रशंसकों में नई उम्मीद जगा देता था। छक्के के साथ मैच जिताने की उनकी अनूठी शैली ने उन्हें केवल एक कप्तान या खिलाड़ी नहीं, बल्कि करोड़ों दिलों की धड़कन बना दिया।

रांची की गलियों से निकलकर विश्व क्रिकेट के शिखर तक पहुंचने वाले 'माही' ने साबित किया कि साधारण पृष्ठभूमि से आने वाला व्यक्ति भी अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से असाधारण इतिहास रच सकता है। मैदान पर खिलाड़ी के रूप में उनका सफर भले ही समाप्त हो रहा हो, लेकिन भारतीय क्रिकेट में उनका योगदान और बेजोड़ अंदाज हमेशा याद किया जाएगा। प्रशंसक उन्हें सिर्फ एक क्रिकेटर के रूप में नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के उस युग के प्रतीक के रूप में याद रखेंगे, जिसने देश को जीतना सिखाया।

गेंदबाजों की मन: स्थिति को अच्छी तरह समझते हैं धोनी

सीसीएल के पूर्व स्पोर्ट्स जीएम आदिल हुसैन की कप्तानी में माही ने शुरुआती दिनों में कुछ वर्षों तक अपने खेल को निखारा। सीसीएल की ओर से खेलते समय आदिल उनके मेंटर की भूमिका भी निभाते थे। आदिल ने कहा कि माही को क्रिकेट की जितनी समझ है, उतनी विश्व क्रिकेट में बहुत कम लोगों को है। यही कारण है कि वह गेंदबाजों की मन:स्थिति को अच्छी तरह समझते हैं।

इसी समझ के दम पर उन्होंने कई रोमांचक मुकाबलों में अपने बल्ले से भारत को जीत दिलाई। बतौर कप्तान भी वह विरोधी टीम के बल्लेबाजों की तकनीक को समझकर फील्डरों को तैनात करते थे, जिससे भारतीय गेंदबाजों को काफी मदद मिलती थी। इन्हीं गुणों के कारण माही बतौर मेंटर भी सफल रहेंगे। उनके टीम में रहने से खिलाड़ियों में जिस तरह का जोश नजर आता था, वह अब आईपीएल में भी देखने को मिलेगा।

ms dhoni

खत्म नहीं होगा माही का करिश्मा

भारतीय अंडर-25 टीम के पूर्व खिलाड़ी और बिहार की ओर से कई वर्षों तक रणजी खेलने वाले प्रदीप खन्ना भी मानते हैं कि माही का करिश्मा कभी खत्म नहीं होगा। टीम में उनकी मौजूदगी ही दर्शकों को स्टेडियम तक लाने के लिए काफी है। भले ही बतौर खिलाड़ी वह मैदान पर नजर नहीं आएंगे, लेकिन मेंटर के रूप में जब भी मैदान पर दिखेंगे, क्रिकेट प्रेमी उनका उसी तरह स्वागत करेंगे, जैसा अब तक करते आए हैं।

धोनी जैसा खिलाड़ी लाखों में एक होता है। चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाड़ी भी उनके अनुभव का लाभ उठाएंगे। माही में आखिरी गेंद तक मैच जीतने का जज्बा हमेशा नजर आया है। वह यही जुनून युवा खिलाड़ियों में भी देखना चाहेंगे। क्रिकेट के प्रति उनकी सोच और समझ चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए प्लस प्वाइंट साबित होगी।

dhoni

टीम को दबाव से बाहर निकालना जानते हैं धोनी 

राज्यस्तरीय अंपायर और महेंद्र सिंह धोनी के साथ खेल चुके सौमित्र पटनायक भी मानते हैं कि बतौर मेंटर माही का भविष्य काफी उज्ज्वल है। रांची जिला सुपर डिवीजन लीग में धौनी के खिलाफ कई मैच खेल चुके सौमित्र ने बताया कि माही को क्रिकेट की अच्छी समझ है।

विरोधी टीम पर दबाव कैसे बनाया जाता है और अपनी टीम को दबाव से कैसे बाहर निकाला जाता है, यह माही बखूबी जानते हैं। यही कारण है कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफल रहे हैं। उनका यह गुण चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा। माही की मेंटरशिप में कई अच्छे खिलाड़ी निखरे हैं। 

यह भी पढ़ें- MS Dhoni Retirement: एमएस धोनी के पैतृक गांव ल्वाली में यादें ताजा, ग्रामीणों को माही पर गर्व

यह भी पढ़ें- 'आपके साथ खेलना मेरे लिए खुशी की बात', एमएस धोनी के IPL संन्यास पर सचिन तेंदुलकर ने किया भावुक पोस्ट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।