Litipara Vidhan Sabha Result 2024: लिट्टीपाड़ा में झामुमो ने बचाया किला, भाजपा को मिली करारी शिकस्त
Litipara Assembly Election Result 2024 सबसे पुरानी विधानसभा क्षेत्रों में गिनी जाने वाली लिट्टीपाड़ा सीट पर इस बार झामुमो की राह आसान नहीं मानी जा रही थीलेकिन झामुमो के उम्मीदवार हेमलाल मुर्मू ने यहां से शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा के बाबूधन मुर्मू को बड़े अंतर से हराया। इस सीट पर इस बार अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा था कि किस उम्मीदवार की जीत होगी?

डिजिटल डेस्क, लिट्टीपाड़ा। Litipara Seat Result 2024: सबसे पुरानी विधानसभा क्षेत्रों में गिनी जाने वाली लिट्टीपाड़ा सीट पर इस बार झामुमो की राह आसान नहीं मानी जा रही थी। यहां झामुमो के उम्मीदवार हेमलाल मुर्मू ने जीत दर्ज की है। भाजपा के बाबूधन मुर्मू से हेमलाल की सीधी फाइट थी।
इस सीट पर इस बार अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा था कि जीत किसे मिलेगी? बता दें हेमलाल मुर्मू को 88,469 वोट मिले। वहीं, भाजपा उम्मीदवार को 61,720 वोट मिले।
शुरुआत से ही यह सीट झामुमो का गढ़ रही है। 2005 से लेकर 2019 तक इस सीट पर झामुमो के उम्मीदवार ने ही बाजी मारी है।
पाकुड़ जिले में आने वाला यह इलाका विकास खंड मुख्यालय होने और राजमहल लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का हिस्सा होने के चलते राज्य की सियासत में खासा दखल रखता है।
झारखंड के बिहार से अलग होने से पहले भी लिट्टीपाड़ा विधानसभा सीट पर दो बार 1990 और 1995 में चुनाव हो चुके हैं।
लिट्टीपाड़ा सीट का इतिहास
बिहार में रहने के दौरान लगातार दो बार यहां से झामुमो नेता सुशीला हंसदक विधायक चुनी गईं। झारखंड में इस सीट के शामिल होने के बाद 2000 और 2005 में हुए चुनाव में सुशीला हंसदक ने बाजी मारी। 2009 में यहां से झामुमो के दिग्गज नेता सिमोन मरांडी ने बाजी मारी। 2014 में इस सीट से अनिल मुर्मू ने जीत हासिल की।
2017 में इस सीट पर उपचुनाव हुए जिसमें सिमोन मरांडी को जीत हासिल हुई। 2019 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से दिनेश विलियम मरांडी विजयी हुए। 17 पंचायतों वाला यह विकासखंड क्षेत्र दुमका और साहिबगंज रोड पर बसा हुआ है। यहां की ज्यादातर आबादी ग्रामीण इलाके में रहती है और आदिवासी जनजाति के लोग इस इलाके में निवास करते हैं। इस इलाके में बड़ी मात्रा में कोयला खदानें हैं। इन खदानों में यहां के ज्यादातर लोग काम करते हैं।
लिट्टीपाड़ा विधानसभा सीट पर किसे मिले कितने वोट ?
- लिट्टीपाड़ा विधानसभा सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार हेमलाल मुर्मू ने 88469 वोट लेकर 26749 मतों के अंतर से जीत दर्ज की है।
- हेमलाल मुर्मू को सीधी फाइट देने वाले भारतीय जनता पार्टी के बाबूधन मुर्मू को 61720 वोट मिले हैं।
- इसके बाद तीसरे नंबर पर रहे निर्दलीय उम्मीदवार निर्मल मुर्मू को महज 2470 वोट प्राप्त हुए हैं।
- इनके अलावा रस्का हेम्ब्रम (निर्दलीय) को 1728 वोट, मार्क बस्के (झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा) को 1589 वोट, शिवचरण माल्तो (नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी) को 1585 वोट, जोहान किस्कू (नवयुग प्रगतिशील मोर्चा) को 1397 वोट, मुन्नी हंसदा (निर्दलीय) को 112 वोट, प्रोमिला मरांडी (निर्दलीय) को 528 वोट और नोटा को 3327 वोट मिले हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।