'झारखंड किसी की भीख में मिला राज्य नहीं', कल्पना सोरेन ने विधानसभा में MMDR संशोधन कानून 2026 का किया कड़ा विरोध
कल्पना सोरेन ने झारखंड विधानसभा में एमएमडीआर संशोधन कानून 2026 का कड़ा विरोध किया, इसे राज्य के वित्तीय अधिकारों पर सीधा प्रहार बताया। उन्होंने सभी दलों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस कानून के खिलाफ एकजुट होने की अपील की।

झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में विधायक कल्पना सोरेन। (फोटो सोर्स- जागरण)
HighLights
कल्पना सोरेन ने एमएमडीआर संशोधन कानून 2026 का विरोध किया।
इसे राज्य के वित्तीय अधिकारों पर सीधा प्रहार बताया गया।
राज्य ब्यूरो, रांची। विधानसभा में गुरुवार को विशेष सत्र के दौरान गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन ने एमएमडीआर संशोधन कानून 2026 का कड़ा विरोध किया। सदन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड भारत का अभिन्न अंग है, कोई उपनिवेश नहीं, जिसका केवल दोहन किया जाए। उन्होंने इस कानून को राज्य के वित्तीय अधिकारों को सीमित करने का प्रयास बताया।
कल्पना के अनुसार, यह झारखंड के बच्चों के भविष्य और देश के संवैधानिक ढांचे पर सीधा प्रहार है। उन्होंने इसे बेहद गंभीर विषय बताया और कहा कि इस पर पूरे सदन को गंभीरता से विचार करना चाहिए। कल्पना सोरेन ने सत्ता पक्ष के साथ-साथ विपक्ष से भी अपील की कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठें और इस कानून के विरोध में सदन से एक स्वर में आवाज उठाएं।
सेस से कल्याणकारी योजनाओं को रफ्तार
कल्पना सोरेन ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के एक अहम फैसले के बाद राज्य सरकार ने खनिज धारित भूमि पर कर लगाने के लिए जेएमबीएल एक्ट 2024 पारित किया था। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार ने इस कानून से मिली सेस की राशि का उपयोग जनकल्याण के कार्यों में किया। इसी राशि से सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का दायरा बढ़ाया गया और सर्वजन पेंशन तथा मंइयां सम्मान जैसी योजनाएं शुरू की गईं।
सरकार ने अबुआ आवास योजना भी शुरू की। इन प्रयासों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। उन्होंने तर्क दिया कि एमएमडीआर संशोधन कानून 2026 राज्य के इन्हीं अधिकारों को सीमित करता है, जिसका सीधा असर आम लोगों से जुड़ी योजनाओं पर पड़ सकता है।
अन्य खनिज संपन्न राज्यों से परामर्श नहीं लेने पर उठाया सवाल
विधायक ने केंद्र सरकार की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या कानून को संसद से पारित कराने से पहले केंद्र ने ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ जैसे अन्य खनिज बहुल राज्यों से कोई परामर्श किया था। उन्होंने कहा कि खनिज का उपयोग देश के किसी भी राज्य में हो सकता है, लेकिन यह आकलन भी जरूरी है कि जिस जगह से खनन होता है, वहां के स्थानीय लोगों पर पर्यावरण का क्या प्रभाव पड़ता है।
केंद्रीय कोल कंपनियों के पास बड़े पैमाने पर खनिज भूमि अधिग्रहित है। इसलिए यह भी देखा जाना चाहिए कि ऐसे इलाकों के लोगों को मुआवजा मिला या नहीं, और जो लोग विस्थापित हुए, उनका पुनर्वास हुआ या नहीं। उन्होंने कहा कि केंद्र की इस पहल से राज्य को अगले 10 वर्षों में करीब एक लाख करोड़ रुपये के नुकसान का आकलन है।
झारखंड किसी से भीख में मिला राज्य नहीं
कल्पना सोरेन ने साफ शब्दों में कहा कि झारखंड किसी की कृपा या भीख में मिला हुआ राज्य नहीं है। उन्होंने कहा कि यह राज्य हमारे पुरखों के लंबे संघर्ष और बलिदान की देन है। विधानसभा अध्यक्ष को संबोधित करते हुए उन्होंने भारत की संघीय व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि झारखंड आदिवासी बहुल और खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है, लेकिन केंद्र सरकार ने इसके वित्तीय अधिकारों को सीमित दायरे में समेट दिया है।
उन्होंने पूछा कि अपने अधिकार पाने के लिए झारखंड को आखिर और कितना संघर्ष करना पड़ेगा। उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या राज्य को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाने के लिए केवल केंद्र सरकार के इशारों पर निर्भर रहना होगा। खनिज संपदा से जुड़े वित्तीय अधिकारों में कटौती को उन्होंने अत्यंत गंभीर विषय बताया।
दिशोम गुरु के संघर्ष पर हम सभी को गर्व है
अपने संबोधन के अंत में कल्पना सोरेन ने झारखंड आंदोलन और वीर शहीदों को याद किया। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नेतृत्व में दशकों तक चले आंदोलन के बाद अलग झारखंड राज्य का सपना साकार हुआ। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का मुख्य लक्ष्य राज्य के हक की रक्षा करना है।
उन्होंने गर्व के साथ कहा कि हमें झारखंडी होने पर गर्व है, क्योंकि इस पहचान के पीछे त्याग और बलिदान का बहुत लंबा इतिहास छिपा है। उनके भाषण का संदेश साफ था कि राज्य के अधिकारों से जुड़े मुद्दे पर सभी दलों को मिलकर आवाज उठानी चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।