दस साल का इंतजार हुआ खत्म! आज झारखंड में जेटेट की परीक्षा; नए पैटर्न के सवालों ने अभ्यर्थियों को उलझाया
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 का आयोजन दस साल बाद शुरू हुआ, जिसमें नए पैटर्न के सवालों ने अभ्यर्थियों को ...और पढ़ें

जेटेट एग्जाम के लिए बाहर अभ्यर्थियों की भीड़। जागरण
HighLights
दस साल बाद जेटेट-2026 परीक्षा का आयोजन शुरू।
नए पैटर्न के सवालों ने अभ्यर्थियों को उलझाया।
राज्यभर में 5.65 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल।
जागरण संवाददाता, रांची। करीब दस वर्षों के लंबे इंतजार के बाद रविवार को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 का आयोजन शुरू हुआ। राज्य के सभी 24 जिलों में बनाए गए 986 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा ली जा रही है।
राजधानी रांची में 101 केंद्रों पर अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों की टीम ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
परीक्षा केंद्रों पर सुबह 7:30 बजे से ही अभ्यर्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित था। केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई। प्रवेश पत्र पर दर्ज विवरण का पहचान पत्र से मिलान करने के बाद ही उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी गई। परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए थे।
नए पैटर्न ने बढ़ाई अभ्यर्थियों की चिंता
इस बार नए पैटर्न पर परीक्षा आयोजित होने के कारण अभ्यर्थियों में उत्सुकता के साथ-साथ चिंता भी देखने को मिली। पहली पाली में सवालों के बदले हुए स्वरूप और कुछ घुमावदार प्रश्नों ने परीक्षार्थियों को थोड़ा परेशान किया। परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों के बीच प्रश्नों के स्तर और नए पैटर्न को लेकर चर्चा रही। लंबे अंतराल के बाद आयोजित हो रही परीक्षा में अभ्यर्थियों के लिए नए प्रारूप के अनुरूप खुद को ढालना भी चुनौती रहा।
राज्यभर में 5.65 लाख से अधिक अभ्यर्थी
जेटेट-2026 के लिए राज्यभर में 5,65,048 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनके लिए 986 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें प्राथमिक स्तर यानी कक्षा एक से पांचवीं तक के लिए 1,95,935 और उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा छह से आठवीं तक के लिए 3,69,113 अभ्यर्थी शामिल हैं। रांची में 101 केंद्रों पर करीब 60 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली में प्राथमिक स्तर और दूसरी पाली में उच्च प्राथमिक स्तर के अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। करीब दस साल बाद परीक्षा आयोजित होने के कारण अभ्यर्थियों में शिक्षक बनने की पात्रता हासिल करने को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।