विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JSSC CGL Paper Leak: CID ने 13 सफल अभ्यर्थियों समेत 25 आरोपितों को किया गिरफ्तार; अब तक 700 से पूछताछ

Published: Sat, 31 Oct 2026 08:56 PM (IST)

JSSC-CGL Scam: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) सीजीएल पेपर लीक मामले में सीआइडी की एसआइटी ने 700 से अधिक सफल ...और पढ़ें

छात्र आंदोलन के बाद हो रही जेएसएससी-सीजीएल की सीआइडी जांच। (सांकेतिक फोटो)

छात्र आंदोलन के बाद हो रही जेएसएससी-सीजीएल की सीआइडी जांच। (सांकेतिक फोटो)

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले की जांच कर रही सीआइडी की विशेष जांच टीम (एसआइटी) अब तक 700 से अधिक सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ पूरी कर चुकी है। औसतन हर दिन 25 सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ चल रही है।

पूछताछ के क्रम में जो दोषी मिल रहे हैं और जिनके विरुद्ध एसआइटी को साक्ष्य मिल रहे हैं, उसे एसआइटी गिरफ्तार कर रही है। अब तक एसआइटी ने इस पूरे प्रकरण में 13 सफल अभ्यर्थियों को गिरफ्तार कर रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में भेज दिया है।

इनमें से अधिकतर सरकारी सेवा में कार्यरत थे। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, सहायक प्रशाखा पदाधिकारी, कनीय सचिवालय सहायक, फूड इंस्पेक्टर आदि पदों पर ये कार्यरत थे। इनसे पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर एसआइटी आगे की कार्रवाई कर रही है।

सीआइडी ने परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी आइसीएन के कर्मी, दलाल, पेपर लीक में शामिल एजेंट व प्रश्न पत्र रटवाने तथा इसके लिए जगह उपलब्ध कराने में शामिल 12 आरोपितों को भी सलाखों तक पहुंचा दिया है। इन सभी 25 आरोपितों की गिरफ्तारी नए सिरे से जांच के क्रम में हुई है।

एसआइटी ने इनके विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य जुटाया है। इनके ठिकाने से जब्त डिजिटल उपकरणों का भी विश्लेषण किया गया है, कुछ उपकरणों की फोरेंसिक जांच भी कराई गई है।

एक जनवरी 2025 को सीआइडी थाना में कांड संख्या 01/2025 के तहत सीआइडी ने केस दर्ज किया था। इसके बाद सीआइडी ने 16 आरोपितों को जेल भेजा था, जिन्होंने अभ्यर्थियों को कथित पेपर लीक का दावा कर प्रश्न व उत्तर रटवाया था।

अभ्यर्थियों को पटना से लेकर नेपाल तक गए थे और वहां के एक होटल में प्रश्न व उत्तर रटवाए थे। इस प्रकार अब तक इस केस में कुल 41 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

अब तक इन 13 सफल अभ्यर्थियों को गिरफ्तार कर चुकी है सीआइडी

मास्टरमाइंड अभय कुमार तिवारी, उसकी पत्नी सुषमा कुमारी व भाई अक्षय तिवारी, दीपक कुमार, उमेश कुमार राय, विजय कुमार तिवारी, आनंद कुमार सिंह, समीर कुमार, कुंदन कुमार, जमशेदपुर का फूड इंस्पेक्टर संजय कुमार, स्वास्थ्य विभाग का कनीय सचिवालय सहायक अजय कुमार, सफल अभ्यर्थी रामकृष्णा कुमार सिंह तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग में सहायक प्रशाखा पदाधिकारी भानु प्रताप।

गिरफ्तार दलाल, एजेंट व अन्य परीक्षा संचालन एजेंसी से जुड़े 12 आरोपित

परीक्षा संचालन एजेंसी आइसीएन के कर्मी, सोमांश प्रकाश व राहुल कुमार, दलाल राजन कुमार, दिलीप कुमार पासवान, राजेश प्रसाद यादव व संदीप कुमार, सुधाकर यादव, एजेंट मनु कुमार सिंह, एजेंट रितेश कुमार सिंह, मिथिलेश कुमार पांडेय, बोकारो के दुग्धा का सुरेश राय व किराना व फोटोकापी दुकानदार सुमित कुमार सिंह।

यह भी पढ़ें- झारखंड हाई कोर्ट में डिजिटल क्रांति की तैयारी, 35 करोड़ के डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे CJI

यह भी पढ़ें- JSSC चार नवंबर से पहले जारी कर सकता है सहायक आचार्य नियुक्ति का संशोधित परिणाम; BIT मेसरा ने नॉर्मलाइजेशन को बताया वैध

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।