JPSC Paper Leak: 'पेपर लीक से झारखंड की छवि खराब हो रही...', कांग्रेस नेता ने चंपई सरकार से कर दी बड़ी मांग
JPSC Paper Leak झारखंड सरकार की समन्वय समिति के सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा है कि झारखंड में कई परीक्षा केंद्रों पर जेपीएससी की प्रतियोगिता परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक की घटना या फिर ऐसी खबरें पूरी तरीके से एक सुनियोजित आपराधिक साजिश हैं। तिर्की ने कहा कि कुछ सप्ताह पूर्व ही जेएसएससी का प्रश्नपत्र लीक हुआ था।
राज्य ब्यूरो, रांची। JPSC Paper Leak झारखंड सरकार की समन्वय समिति के सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा है कि झारखंड में कई परीक्षा केंद्रों पर जेपीएससी की प्रतियोगिता परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक की घटना या फिर ऐसी खबरें पूरी तरीके से एक सुनियोजित आपराधिक साजिश हैं।
तिर्की ने कहा कि कुछ सप्ताह पूर्व भी जेएसएससी का प्रश्नपत्र लीक हुआ था और उस मामले पर भी सरकार तेजी से कार्रवाई करते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करे। ऐसी घटनाओं से एक ओर झारखंड के लाखों छात्र-छात्राओं, युवाओं का भविष्य बर्बाद करने की साजिश होती है।
पेपर लीक से प्रदेश की छवि भी धूमिल हो रही- बंधु तिर्की
उन्होंने आगे कहा कि वहीं दूसरी ओर, प्रदेश की छवि भी धूमिल हो रही है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने सरकार से मांग की है कि यदि यह मामला सच है तो इसकी गहन जांच कर दोषी अपराधी तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
तिर्की ने कहा कि हर हाल में ब्लैकलिस्टेड कंपनियों को परीक्षा की सम्पूर्ण प्रक्रिया से अलग रखा जाना चाहिए क्योंकि वैसे संगठनों को जिम्मेदारी देना अपने-आप में दुर्भाग्यपूर्ण होगा। झारखंड में मौलिक रूप से कभी भी यह संस्कृति नहीं रही कि प्रश्न पत्र लीक जैसी घटनाएं हों। ऐसे मामलों में हमेशा बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान जैसे दूसरे प्रदेशों के दागी अपराधियों का हाथ होता है।
तिर्की ने कहा कि निष्पक्ष प्रतियोगिता परीक्षा के आयोजन के संदर्भ में झारखंड विधानसभा से पारित विधेयक को जल्द-से-जल्द लागू करने की दिशा में राज्य सरकार तुरंत कार्रवाई करे। कहा कि भाजपा और आजसू के नेता प्रश्न पत्र लीक जैसे बेहद गंभीर और संवेदनशील मुद्दे का दुरुपयोग अपनी राजनीति को चमकाने के लिए कर रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।