Jharkhand Weather: कभी धूप तो कभी बारिश, झारखंड में मौसम की आंख-मिचौली जारी; 5 नवंबर तक इन जिलों में बारिश के आसार
झारखंड में मौसम का मिजाज बदल रहा है, जहां रांची समेत कई जिलों में ठंड बढ़ गई है और बारिश ...और पढ़ें

झारखंड में मौसम का मिजाज बदला, रांची में ठंड बढ़ी।
HighLights
झारखंड के कई जिलों में बारिश और कुहासे का अनुमान।
अगले तीन दिनों में 3 से 4 डिग्री बढ़ेगा तापमान।
पांच नवंबर की सुबह कई इलाकों में छा सकता है कुहासा।
डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में ठंड का एहसास बढ़ गया है। शनिवार को सुबह कई इलाकों में कुहासा छाया रहा।
हालांकि, दिन चढ़ने के साथ हल्की धूप निकली, लेकिन बादलों की आवाजाही और बारिश के कारण मौसम ठंडा बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना है।
शनिवार को रांची में अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक है। पिछले 24 घंटे के दौरान राजधानी में 8.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
डालटनगंज में सबसे अधिक 75 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई जिलों में बारिश हुई। डालटनगंज में सबसे अधिक 75 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा जमशेदपुर में 20.6, बोकारो में 17.4 और चाईबासा में 2.2 मिलीमीटर बारिश हुई।
तीन नवंबर तक बादल और बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज एक से तीन नवंबर तक राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। चार नवंबर को उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। वहीं, पांच नवंबर की सुबह कुहासा छाए रहने का अनुमान है। इसके बाद आसमान साफ हो सकता है।
तीन से चार डिग्री तक बढ़ सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं, अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर रह सकता है। ऐसे में बारिश और कुहासे के बीच राज्य के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने का अनुमान है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।