Jharkhand Weather: अभी और भिगोएगा 'अकवान'! झारखंड के इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी; सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड
Jharkhand Weather: चक्रवाती तूफान 'अकवान' कमजोर पड़ने के बाद भी झारखंड के मौसम को प्रभावित कर रहा है, जिससे कई जिलों में बारिश और ठंड बढ़ गई है। आज शनिवार को उत्तर-पूर्वी झारखंड के आठ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

चक्रवाती तूफान अकवान के कारण झारखंड में बारिश जारी। (फोटो सोर्स-: जागरण आर्काइव)
HighLights
चक्रवाती तूफान अकवान के कारण झारखंड में बारिश जारी।
उत्तर-पूर्वी झारखंड के आठ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट।
जागरण संवाददाता, रांची। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान अकवान कमजोर पड़ने के बाद भी झारखंड के मौसम पर अपना असर छोड़ रहा है। शुक्रवार को राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहा। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में रुक-रुककर बूंदाबांदी हुई।
बारिश और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को कनकनी महसूस हुई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज शनिवार को भी राज्य के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। खासकर उत्तर-पूर्वी झारखंड के आठ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज शनिवार को गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ऐसे में शनिवार को घर से निकलने से पहले मौसम का हाल जान लेना जरूरी होगा।
रांची में बादल छाए रहेंगे, बारिश के आसार
राजधानी रांची में शनिवार को आसमान में सामान्यत: बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान कुछ समय के लिए बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, रांची का अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। शुक्रवार को भी राजधानी में सुबह से बादलों का असर दिखा। कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई, जिससे मौसम ठंडा हो गया।
चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से पिछले दिनों राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में भी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को इन क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई थी। अब बारिश का प्रभाव उत्तर-पूर्वी जिलों की ओर देखने को मिल सकता है। संताल परगना के जिलों में भी शनिवार को मौसम बदला रहने की संभावना है।
22 नवंबर से बारिश की गतिविधि में आएगी कमी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 22 नवंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, इस दिन भारी बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बाद 23 नवंबर से आसमान साफ होने के आसार हैं। मौसम में सुधार के साथ बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है।
बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट और सुबह-शाम ठंड का एहसास बढ़ सकता है। वहीं, 24 और 25 नवंबर की सुबह राजधानी समेत कई इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है। मौसम विभाग ने गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति में लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।