विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Jharkhand Weather: दिवाली के जश्न के बीच मौसम का बड़ा सरप्राइज! रांची समेत कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना

Published: Sat, 24 Oct 2026 06:00 AM (IST)

बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र 26 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है, जिससे झारखंड ...और पढ़ें

बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव चक्रवाती तूफान में बदलेगा।

बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव चक्रवाती तूफान में बदलेगा।

HighLights

  1. बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव चक्रवाती तूफान में बदलेगा।

  2. रांची समेत कई जिलों में 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश।

जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड में अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में मौसम बदल सकता है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में 28 और 29 अक्टूबर को बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इस दौरान कुछ इलाकों में गरज के साथ भारी बारिश भी हो सकती है। ऐसे में अगले सप्ताह लोगों को मौसम में होने वाले बदलाव पर नजर रखनी होगी।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना मौसमी सिस्टम लगातार मजबूत हो रहा है। शुक्रवार को पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी हिस्से में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ था। इसके तहत आज 24 अक्टूबर तक गहरे दबाव और कल 25 अक्टूबर को गहरे अवदाब में बदलने की संभावना जताई गई है।

इसके बाद 26 अक्टूबर की सुबह तक इसके चक्रवाती तूफान का रूप लेने की आशंका है। अनुमान है कि यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तर आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों की ओर जाएगा।

इस मौसमी सिस्टम का असर झारखंड में भी देखने को मिल सकता है। हालांकि, रांची समेत अलग-अलग इलाकों में बारिश की तीव्रता इस बात पर निर्भर करेगी कि मौसम प्रणाली आगे किस दिशा में बढ़ती है और कितनी मजबूत होती है।

27 अक्टूबर से झारखंड में बारिश के संकेत

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के पूर्वानुमान के मुताबिक, 24 और 25 अक्टूबर को राजधानी में सुबह कुहासा छाने के बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रह सकता है। 26 अक्टूबर को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। इसके अगले दिन यानी 27 अक्टूबर से मौसम में बदलाव के संकेत हैं। इस दिन राज्य के पूर्वी, दक्षिणी और आसपास के मध्य भागों में कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

28 और 29 अक्टूबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना

28 अक्टूबर को झारखंड के दक्षिणी और उससे सटे मध्य हिस्सों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 29 अक्टूबर को दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन दोनों दिनों में रांची में भी बादल छाए रहने और बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, राजधानी में भारी बारिश को लेकर अलग से पुष्टि नहीं की गई है।

तापमान में भी आएगा बदलाव

रांची में 24 और 25 अक्टूबर को अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 26 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और 27 अक्टूबर को 27 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान क्रमशः 19 और 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मौसम के इस बदलाव के बीच 28 और 29 अक्टूबर के पूर्वानुमान पर खास नजर रहेगी। बारिश का वास्तविक असर चक्रवाती सिस्टम की आगे की स्थिति पर निर्भर करेगा। 

यह भी पढ़ें- बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान, बिहार के कई जिलों में बिगड़ेगा मौसम 

यह भी पढ़ें- यूपी में कैसा रहेगा कल का मौसम? कई जिलों में बारिश की चेतावनी, ओलावृष्टि को लेकर IMD ने जारी किया अलर्ट