विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Jharkhand Weather: झारखंड में ठंड का सितम अभी बाकी, सुबह कोहरा और रात में कनकनी बढ़ाएगी मुश्किलें; अगले 5 दिन रहें सतर्क

Published: Sun, 29 Nov 2026 06:00 AM (IST)

झारखंड में ठंड का असर बढ़ रहा है, सुबह कोहरा और रात में कनकनी महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई है, न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।

अगले पांच दिनों तक झारखंड में मौसम में बड़ा बदलाव। (फोटो सोर्स- जागरण आर्काइव)

अगले पांच दिनों तक झारखंड में मौसम में बड़ा बदलाव। (फोटो सोर्स- जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. अगले पांच दिनों तक मौसम में बड़ा बदलाव।

  2. सुबह के समय कई इलाकों में छाएगा हल्का कोहरा।

डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। सुबह और रात के समय कनकनी महसूस होने लगी है, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिल रही है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में अगले पांच दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान सुबह के समय कई इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छा सकता है। दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो जाएगा।

मौसम केंद्र के अनुसार, अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, इससे सुबह और रात की ठंड से तत्काल राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

3 दिसंबर तक सुबह कोहरे का असर

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में सुबह हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बन सकती है। वहीं, 2 और 3 दिसंबर को भी सुबह के समय कोहरा या कुहासा छाने की संभावना है। हालांकि, दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है।

मौसम केंद्र ने 29 नवंबर से 10 दिसंबर तक के विस्तारित पूर्वानुमान में राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य से कम रह सकता है। फिलहाल बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

लातेहार में सबसे ज्यादा ठंड, 7.5 डिग्री पहुंचा पारा

पिछले 48 घंटे के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। लातेहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जगन्नाथपुर-एडब्ल्यूएस में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री और न्यूनतम 17 से 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। डालटनगंज में अधिकतम 26 से 27 डिग्री और न्यूनतम 12 से 18 डिग्री, जबकि बोकारो में अधिकतम 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम 12 से 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

रांची में 30 नवंबर तक ऐसा रहेगा तापमान

राजधानी में अगले दो दिनों तक तापमान में बहुत अधिक उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 नवंबर को रांची का अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, 30 नवंबर को अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

कुल मिलाकर, झारखंड में फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं। सुबह कोहरा, दिन में धूप और रात में बढ़ती ठंड के बीच लोगों को अगले कुछ दिनों तक मौसम के इसी मिजाज का सामना करना पड़ेगा। 

यह भी पढ़ें- Bihar Weather Update: बिहार में बदलने वाला है मौसम का मिजाज: एक सप्ताह बाद बढ़ेगी ठंड, अगले 4 दिन दिखेगा कोहरे का असर

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश बर्फबारी के आसार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।