Jharkhand Weather: सुबह कोहरे की चादर, रात में ठंड का पहरा; झारखंड में अगले पांच दिन ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज
झारखंड में सुबह और रात में ठंड जारी है, जबकि दिन में धूप निकल रही है। अगले पांच दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, सुबह हल्के से मध्यम कोहरा छा सकता है।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
अगले पांच दिनों तक झारखंड में मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं।
सुबह के समय कई इलाकों में हल्के से मध्यम कोहरा छाएगा।
तीन दिन बाद न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है।
डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड में ठंड का असर बना हुआ है। सुबह और रात के समय लोगों को ठंड महसूस हो रही है, जबकि दिन में आसमान साफ रहने से धूप निकल रही है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में अगले पांच दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान सुबह के समय कई इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छा सकता है। दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो जाएगा।
मौसम केंद्र के अनुसार, अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। ऐसे में फिलहाल लोगों को सुबह और रात की ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
1 दिसंबर तक सुबह कोहरे का रहेगा असर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 नवंबर से 1 दिसंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में सुबह हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बन सकती है। हालांकि, दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। वहीं, 2 और 3 दिसंबर को भी सुबह के समय कोहरा या कुहासा छाने की संभावना जताई गई है।
मौसम केंद्र ने 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक के विस्तारित पूर्वानुमान में भी राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य से कम रह सकता है। फिलहाल बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
लातेहार में सबसे ज्यादा ठंड, 7.5 डिग्री पहुंचा पारा
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान लातेहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जगन्नाथपुर-एडब्ल्यूएस में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री और न्यूनतम 15 से 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। डालटनगंज में अधिकतम 26 से 27 डिग्री और न्यूनतम 12 से 18 डिग्री, जबकि बोकारो में अधिकतम 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम 12 से 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। चाईबासा में अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री और न्यूनतम 12 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
रांची में 30 नवंबर तक कैसा रहेगा तापमान?
राजधानी में अगले कुछ दिनों तक तापमान में बहुत अधिक उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 नवंबर को अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 29 नवंबर को अधिकतम 24 और न्यूनतम 12 डिग्री, जबकि 30 नवंबर को अधिकतम 24 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
वहीं, बालूमाथ में 26 से 28 नवंबर तक न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री और 29 व 30 नवंबर को 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। राज्य में फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं। सुबह कोहरा और रात की ठंड के बीच लोगों को मौसम के इस बदलाव का सामना करना पड़ेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।