Kal Ka Mausam: बिहार में कोहरे की दस्तक से बढ़ी ठिठुरन, सुबह के समय छाएगा कोहरा; पढ़ें IMD का ताजा अपडेट
कल का मौसम: बिहार में धीरे-धीरे सर्दी बढ़ रही है, हालांकि अगले एक सप्ताह तक बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम शुष्क रहेगा।
-1795780084766_m.webp)
एआई के माध्यम से जेनरेट की गई तस्वीर।
HighLights
अगले एक सप्ताह तक बिहार में बारिश की संभावना नहीं।
सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे का असर रहेगा।
तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव अपेक्षित नहीं।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में सर्दी धीरे-धीरे अपने पैर पसार रही है, हालांकि फिलहाल मौसम पूरी तरह से शुष्क बना हुआ है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), पटना के द्वारा दिए गए ताजा बुलेटिन के अनुसार, अगले एक सप्ताह यानी 3 दिसंबर तक राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश की कोई संभावना नहीं है।
मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों के लिए कोई गंभीर मौसम चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन सुबह के समय कोहरे को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
अगले 2 दिनों तक कोहरे का असर
मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह के वक्त हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है।
बीते 24 घंटों में भी पूर्णिया और गयाजी में सुबह के समय हल्का कोहरा देखा गया, जहां न्यूनतम दृश्यता (विजिबिलिटी) घटकर 800 मीटर तक पहुंच गई थी। ऐसे में सुबह के समय सड़कों पर निकलने वाले वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं
तापमान के मोर्चे पर फिलहाल लोगों को कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिलती दिख रही है। पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों तक राज्य के अधिकतर इलाकों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास उतार-चढ़ाव नहीं होगा।
हालांकि, 3 दिसंबर के आसपास उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ हिस्सों में पारे में 2 डिग्री सेल्सियस तक की मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है।
अरवल सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों की बात करें तो राज्य में न्यूनतम तापमान 10.6°C से 17.0°C के बीच दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अरवल में सबसे कम 10.6°C, औरंगाबाद में 11.4°C, डेहरी (रोहतास) और जीरादेई (सीवान) में 12.0°C, जबकि गयाजी में 12.4°C पारा रहा।
वहीं, दिन के तापमान की बात करें तो कैमूर जिले का भभुआ 31.7°C अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। वहीं, राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 26.4°C और न्यूनतम तापमान 15.8°C दर्ज किया गया। वहीं, भागलपुर में न्यूनतम पारा 14.8°C, मुजफ्फरपुर में 15.5°C और पूर्णिया में 15.9°C रहा।
नया चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना
वर्तमान में गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और उसके आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) सक्रिय है।
इसके अलावा, 29 नवंबर के आसपास दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर भी एक नया चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है। हालांकि, इन मौसमी प्रणालियों का बिहार के मौसम पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा और पूरे प्रदेश में आसमान साफ व मौसम शुष्क बना रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।