Jharkhand Weather: सावधान! रांची सहित झारखंड के कई जिलों में बारिश मचाएगी तबाही, IMD का येलो अलर्ट
रांची समेत झारखंड में मानसून सक्रिय है। रांची में भारी वर्षा से निचले इलाके जलमग्न हो गए। मौसम विभाग ने 15 सितंबर तक भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव बनने से दुर्गा पूजा में भी वर्षा की संभावना है। पिछले 24 घंटों में पूर्वी सिंहभूम में सबसे अधिक वर्षा हुई।

जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में गुरुवार को सक्रिय मानसून का असर देखने को मिला। राजधानी रांची में दोपहर में अचानक उमड़ घुमड़ आए काले बादल से जमकर वर्षा हुई। करीब एक से दो घंटे तक हुई वर्षा से शहर का निचला क्षेत्र जलमग्न हो गया।
सड़कों पर नाले का गंदा उफनकर बाहर बहने लगा। जिससे राहगीरों और दो पहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया कि 12 से 15 सितंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी वर्षा होने की संभावना है, इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
बता दें कि 12 और 13 सितंबर को दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के साथ साथ निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है।
इन जिलों में यह स्थिति 15 सितंबर तक बनी रहेगी। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 16 सितंबर तक बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की पूरी संभावना है। इसका असर झारखंड में करीब एक सप्ताह बाद दिखाई देगा।
ऐसे में दुर्गा पूजा के दौरान भी वर्षा होने की पूरी संभावना है। बताया कि मानसून के लौटने का समय 12 अक्टूबर है और 15 दिनों पूर्व से मानसून का असर समाप्त नहीं हो सकता है।
ऐसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मानसून सक्रिय रहा। कई स्थानों पर मेघगर्जन के साथ वर्षा हुई। सबसे अधिक वर्षा 58.4 मिमी पूर्वी सिंहभूम के ढालभूमगढ़ में रिकॉर्ड की गई।
वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वहीं, राजधानी रांची में अधिकतम 31.4 डिग्री जबकि न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
यह भी पढ़ें-
झारखंड की राजधानी रांची समेत दूसरे जिलों के मौसम का हाल जानने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।