Move to Jagran APP

झुलस रहा झारखंड, राज्‍य के कई हिस्‍सों में पारा 45 डिग्री के पार; अभी इस दिन तक राहत की नहीं कोई उम्‍मीद

Jharkhand Weather News झारखंड में धरती तप रही है। आसमान से आग के गोले बरस रहे हैं। राज्‍य के 21 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया जबकि आठ जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है अभी 2 जून तक सूर्यदेव अपना रौद्र रूप दिखाएंगे यानी कि अगले चार दिनों तक भीषण गर्मी के आसार हैं।

By kumar Gaurav Edited By: Arijita Sen Thu, 30 May 2024 07:29 AM (IST)
झुलस रहा झारखंड, राज्‍य के कई हिस्‍सों में पारा 45 डिग्री के पार; अभी इस दिन तक राहत की नहीं कोई उम्‍मीद
गर्मी से परेशान बच्‍चा रिम्स तालाब में डुबकी लगाता हुआ।

जासं, रांची। Jharkhand Weather Forecast : राजधानी रांची समेत पूरा राज्य गर्मी की तपिश में झुलस रहा है। हिल स्टेशन रांची अब हीट स्टेशन बन चुकी है। आलम यह है कि बुधवार को रांची का तापमान अधिकतम 42.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया।

राज्‍य के 21 जिलों में तापमान 40 के पार

पिछले पांच दिनों से लगातार रांची का तापमान 40 के आसपास ही मंडरा रहा है। पिछले पांच दिनों के दौरान रांची के तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि दर्ज की गई है। बुधवार को भी कमोबेश यही स्थिति बनी रही।

स्थिति की भयावता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि राज्य के 21 जिलों का तापमान 40 के पार पहुंच चुका है जबकि शेष बचे तीन जिलों का तापमान भी 40 के आसपास ही है। जिसमें बहरागोड़ा का अधिकतम 39.9 डिग्री सेल्सियस, पाकुड़ 39.7 डिग्री और साहिबगंज का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया है जबकि सर्वाधिक गढ़वा का तापमान 48 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।

आठ जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार

यह पहली बार है कि राज्य के 21 जिलों का तापमान 40 के पार पहुंचा है, जिसमें आठ जिलों का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। बता दें कि सुबह 11 बजे के बाद से ही सूर्यदेव का रौद्र रूप देखने को मिलने लगा।

दोपहर में शहर की सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई। हालांकि पांच बजने के बाद तेज धूप से लोगों को थाेड़ी राहत जरूर मिली और आसमान में छिटपुट छाए बादल ने सूर्यदेव की प्रखरता को कम कर दिया।

30 और 31 मई को दिखेगा हीटवेव का असर

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के द्वारा जारी पूर्वानुमान की माने तो राजधानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी के अलावे उत्तर पश्चिमी हिस्से यानी पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा के साथ साथ दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां में 30 मई को हीटवेव का असर देखने को मिलेगा। वहीं 31 मई को उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद और साहिबगंज के साथ साथ दक्षिणी हिस्सों में हीटवेव का असर देखने को मिलेगा।

अगले चार दिनों तक गर्मी से राहत की नहीं उम्‍मीद

इस दौरान 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा बहने और कहीं कहीं वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलाें में यह स्थिति 1 और 2 जून को भी देखने को मिलेगी, यानी अगले चार दिनों तक गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। हालांकि रांची और आसपास के जिलों में 2 जून तक आंशिक बादल छाए रहने और मौसम के शुष्क रहने की संभावना है।

ये रहा जिलों का तापमान

  • गढ़वा - 48 डिग्री सेल्सियस
  • पलामू - अधिकतम 47.8 डिग्री सेल्सियस
  • डाल्टेनगंज - 47.7 डिग्री सेल्सियस
  • गिरिडीह - 45.9 डिग्री सेल्सियस
  • सरायकेला खरसावां - 45.9 डिग्री सेल्सियस
  • चतरा - 45.5 डिग्री सेल्सियस
  • रामगढ़ - 45.4 डिग्री सेल्सियस
  • बोकारो - 45.1 डिग्री सेल्सियस
  • पश्चिमी सिंहभूम - 45 डिग्री सेल्सियस
  • लातेहार - 44.2 डिग्री सेल्सियस
  • हजारीबाग - 44.5 डिग्री सेल्सियस
  • गुमला - 43.9 डिग्री सेल्सियस
  • देवघर - 43.6 डिग्री सेल्सियस
  • जमशेदपुर - 43.8 डिग्री सेल्सियस
  • लोहरदगा - 43.4 डिग्री सेल्सियस
  • खूंटी - 42.2 डिग्री सेल्सियस
  • रांची - 42.2 डिग्री सेल्सियस
  • जामताड़ा - 42.3 डिग्री सेल्सियस
  • सिमडेगा - 42 डिग्री सेल्सियस
  • धनबाद - 41.3 डिग्री सेल्सियस

सिमटता वन क्षेत्र पलामू प्रमंडल के लिए बना आफत 

पर्यावरणविद नीतीश प्रियदर्शी स्काईमेट वेदर रिपोर्ट का हवाला देते कहते हैं कि खाली भूमि वाले खुले क्षेत्रों में विकिरण का असर अधिक देखने को होता है। इन क्षेत्रों को सीधी धूप और छाया की कमी पलामू प्रमंडल के जिलों को असाधारण रूप से गर्म बनाती हैं।

साथ ही हवा की दिशा भी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। जब पश्चिम दिशा से हवा चलती है, तो यह राज्य के इन क्षेत्रों को सबसे पहले प्रभावित करती हैं। चूंकि ये बाहरी इलाके हैं इसलिए यहां तापमान तेजी से बढ़ता है। इसके अलावे सिमटती हरियाली के कारण भी राज्य के जिलों के तापमान में तेज वृद्धि देखी जा रही है।

ऐसा रहा मौसम 

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में कहीं कहीं आंधी के साथ हल्की वर्षा हुई। सबसे अधिक वर्षा 1 मिमी देवघर के सुजानी में रिकार्ड की गई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस गढ़वा का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री चाईबासा का रिकार्ड किया गया।

ये भी पढ़ें:

Jharkhand News: सब-वे निर्माण से इस दिन ट्रैफिक रहेगा ब्लॉक, प्रभावित रहेंगी दुमका-पटना और गोड्डा-लोकमान्य ट्रेनें

रूह कंपा देने वाले सामूहिक दुष्कर्म मामले में कोर्ट ने सुनाया फैसला, 5 दरिंदों को दी आजीवन कारावास की सजा