सुबह-रात बढ़ेगी ठंड, चक्रवाती तूफान से बारिश की आशंका; झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज
झारखंड में अगले चार दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 20 नवंबर से बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती ...और पढ़ें

रांची में अगले तीन दिनों में 3-4 डिग्री तक गिरेगा न्यूनतम तापमान।
HighLights
बंगाल की खाड़ी से चक्रवाती तूफान का असर संभव है।
दक्षिणी झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया।
रांची में न्यूनतम तापमान 3-4 डिग्री सेल्सियस गिरेगा।
जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड में अगले चार दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा। हालांकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होगा और धूप खिलने से लोगों को राहत मिलेगी। सुबह और रात के तापमान में गिरावट के कारण ठंड का एहसास धीरे-धीरे बढ़ेगा।
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 20 नवंबर से राज्य में मौसम का मिजाज बदल सकता है। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा गहरा अवदाब चक्रवाती तूफान में बदलने की प्रक्रिया में है। इसके प्रभाव से झारखंड के कई हिस्सों में बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है।
वहीं उन्होंने बताया कि मौसम विभाग के राष्ट्रीय बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी और उससे लगे दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 16 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान और 17 नवंबर की शाम तक प्रचंड चक्रवाती तूफान में बदलने की बहुत संभावना है।
इसके बाद यह और अधिक शक्तिशाली होकर 20 नवंबर की दोपहर तक आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और तूनी के बीच तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों में 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
हालांकि इस चक्रवाती तूफान का सीधा असर झारखंड में होने की संभावना नहीं है, लेकिन इसके प्रभाव से राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। खासकर दक्षिणी और मध्य झारखंड में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
वहीं 21 नवंबर को मध्य और उससे सटे पश्चिमी झारखंड में भारी बारिश हो सकती है। 22 नवंबर को दक्षिणी और उससे सटे मध्य झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
रांची में सुबह-रात बढ़ेगी ठंड, दिन में मिलेगी राहत
राजधानी रांची में फिलहाल दिन का मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना हुआ है। सोमवार को अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।
ऐसे में रांची का न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। इससे सुबह जल्दी घर से निकलने वालों और रात में बाहर रहने वाले लोगों को ठंड का अधिक एहसास होगा। हालांकि दिन में धूप खिलने के कारण अधिकतम तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है। यानी सुबह और रात में हल्की ठंड तथा दोपहर में धूप का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा।
इसके बाद अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में फिर तीन से चार डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। 20 नवंबर के आसपास बादल छाने और बारिश की गतिविधियां बढ़ने से मौसम में नमी भी बढ़ सकती है।
चाईबासा सबसे गर्म, खूंटी में सबसे कम तापमान
सोमवार को चाईबासा में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। डाल्टनगंज में 32 डिग्री और जमशेदपुर में 31.3 डिग्री तापमान रहा। वहीं, खूंटी में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे स्पष्ट है कि राज्य में फिलहाल दिन के समय गर्मी का हल्का असर बरकरार है, जबकि सुबह और रात में ठंड धीरे-धीरे बढ़ रही है। अगले कुछ दिनों में मौसम के इसी उतार-चढ़ाव का असर देखने को मिलेगा।
यह भी पढ़ें- छठ के बाद वापसी के लिए 15 दिनों तक ट्रेनों में मारामारी, रेलवे की स्पेशल ट्रेनों से मिलेगी राहत; देखें पूरी लिस्ट
यह भी पढ़ें- सीनी-राजखरसावां रेल विकास कार्य: 23 नवंबर से 16 जनवरी तक 12 जोड़ी ट्रेनें रद, कई ट्रेनों के मार्ग बदले
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।