Jharkhand Emblem: झारखंड के नए राजकीय प्रतीक चिह्न के एक साल पूरे, जानिए इसकी महता
Jharkhand State Emblem Hindi Samachar 14 अगस्त 2020 को नए राजकीय प्रतीक चिह्न का विमोचन तत्कालीन राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया था। नए प्रतीक चिह्न में जनजातीय त्योहारों और रोजमर्रा के कामकाज को चित्रित करनेवाले जनजातीय कला को स्थान दिया गया है।

रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड के नए राजकीय प्रतीक चिह्न के शनिवार को एक साल पूरे हो गए। पिछले साल 14 अगस्त को नए राजकीय प्रतीक चिह्न का विमोचन तत्कालीन राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा किया गया था। बता दें कि राज्य का नया प्रतीक चिह्न गोलाकार है। इसके केंद्रीय भाग में अशोक स्तंभ उकेरा गया है। यह भारत के उत्तम सहकारी संघवाद और इसमें झारखंड की सहभागिता को दर्शाता है। हरा रंग राज्य की हरियाली तथा राजकीय फूल पलाश प्राकृतिक सौंदर्य को दर्शाते हैं।
नए प्रतीक चिह्न में जनजातीय त्योहारों और रोजमर्रा के कामकाज को चित्रित करने वाले जनजातीय कला को भी स्थान दिया गया है। इसमें उकेरे गए हाथी झारखंड के महान इतिहास, शक्ति और सामूहिक बुद्धिमत्ता के प्रतीक हैं। साथ ही ये सभी बड़ी बाधाओं का दमन करते हुए आगे बढ़ने के संकल्प को भी दर्शाते हैं। हाथी राज्य की अलौकिक प्राकृतिक संपदा और समृद्धि के भी द्योतक हैं। इसमें झारखंड के लोक जीवन व संस्कृति को भी स्थान दिया गया है। यह राज्य की समृद्ध एवं अद्भुत सांस्कृतिक विरासत, सदियों पुरानी परंपरा, त्योहार, वाद्ययंत्र, गीत और नृत्य की अमिट छाप को लोगों के जेहन में प्रतिबिंबित करता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।