Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jharkhand: भाजपा ने निकाली हेमंत सरकार की शव यात्रा... करप्‍शन पर BJP-JMM में लानत-मलामत

    By Alok ShahiEdited By:
    Updated: Mon, 09 May 2022 01:27 AM (IST)

    Jharkhand News Today झारखंड में सत्ता की रस्‍साकशी तेज हो गई है। शह-मात के खेल में हेमंत सोरेन के खिलाफ भाजपा ने सारे घोड़े खुले छोड़ दिए हैं। सत्ता संरक्षित भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदेश भाजपा रविवार आठ मई को जिला मुख्यालयों में राज्य सरकार की शवयात्रा निकाल रही है।

    Hero Image
    Jharkhand News Today सत्ता संरक्षित भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदेश भाजपा आज राज्य सरकार की शवयात्रा निकाल रही है।

    रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand News Today झारखंड में बढ़ते भ्रष्टाचार, खान सचिव पूजा सिंघल प्रकरण को ले भाजपा के राज्यव्यापी आंदोलन के तहत भाजपा रांची महानगर के कार्यकर्ताओं ने महानगर अध्यक्ष केके गुप्ता के नेतृत्व में स्थानीय हरमू चौक से अरगोड़ा चौक तक शवयात्रा निकालकर सरकार का पुतला फूंका। शवयात्रा में मुख्य रूप से भाजपा, झारखंड प्रदेश के अध्यक्ष एवं राजसभा सांसद दीपक प्रकाश, विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, सुबोध सिंह गुड्डू, काजल प्रधान शामिल हुए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इससे पूर्व भाजपा के सभी 17 सांगठनिक मंडलों से हजारों की तादाद में पार्टी कार्यकर्ता झंडा बैनर के साथ हरमू मैदान पहुंचे। हाथों में तख्तियां लेकर पार्टी कार्यकर्ता महानगर अध्यक्ष केके गुप्ता के नेतृत्व में सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में अरगोड़ा चौक पहुंचे एवं घंटों प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य की वर्तमान हेमंत सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। सरकार के संरक्षण में भ्रष्टाचार फलफुल रहा है। बालू एवं कोयले की लूट मची हुई है। पूजा सिंघल प्रकरण झारखंड पर बहुत बड़ा धब्बा है।

    उन्‍हाेंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री के बयान से प्रतीत होता है कि वे भ्रष्टाचारियों के संरक्षक हैं। उन्होंने नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की। सीपी सिंह ने कहा कि सरकार के भ्रष्ट अधिकारियों काे हेमंत सोरेन संरक्षण दे रहे हैं। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि पूरा सरकारी महकमा भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है। हर तरफ लूट ही लूट है। पूजा सिंघल प्रकरण में हेमंत सोरेन पूरी तरह से एक्सपोज हो गए हैं। अगर मामले की जांच राष्ट्रीय एजेंसी से हो तो सरकार की पूरी कैबिनेट जेल में होगी।

    ये रहे शामिल : शवयात्रा कार्यक्रम में महानगर के महामंत्री वरुण साहू, बलराम सिंह, प्रतुल शाहदेव, रवि भट्ट, राजू सिंह, जितेंद्र वर्मा, अरुण झा, विनोद सिंह, पप्पू सिंह, बसंत दास, नीरज सिंह, जितेंद्र पटेल, ललिता ओझा, राकेश सिंह गुड्डू, मुकेश मुक्ता, मुनचुन राय, प्रेम वर्मा, कृपाशंकर सिंह, ओमप्रकाश, अनीता वर्मा, रामलगन राम, गोपाल सोनी, रोमित नारायण सिंह, जानी वाकर खान, सोनू सिंह, विश्वजीत सिंह, रजनीश पांडेय, राजा सिंह, विकास रवि, सुवेश पांडेय, ओमप्रकाश पांडेय, दीपक शाह, सुजीत शर्मा, सूर्य प्रताप, आनंद वर्मा, विनोद महतो, निलेश सिंह समेत कई अन्य शामिल रहे।

    भाजपा ने कहा, इस्तीफा देकर सीबीआई जांच की अनुशंसा करें मुख्यमंत्री

    भाजपा ने एक बार फिर से झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन को निशाने पर लिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और राज्‍यसभा सदस्‍य दीपक प्रकाश ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भ्रष्टाचारियों पर ईडी की छापेमारी से हेमंत सोरेन सरकार बुरी तरह बौखला गई है। लग रहा है कि इन भ्रष्टाचारियों के पीछे हेमंत सरकार की पूरी ताकत लगी हुई है।

    दीपक ने कहा कि खान विभाग की सचिव पूजा सिंघल और उनके करीबियों के ठिकाने पर हुई छापेमारी भ्रष्टाचार के खिलाफ मोदी सरकार की बड़ी कार्रवाई है। ऐसे में खान विभाग के मंत्री के तौर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी जिम्मेदारियों से नहीं भाग सकते। छापेमारी में 20 करोड़ रुपये बरामद हुए हैं। अवैध रूप से 150 करोड़ के निवेश का पता चला है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस कार्रवाई को गीदड़ भभकी बता रहे हैं। यह बेहद हास्‍यास्‍पद है कि मुख्यमंत्री कुछ और कह रहे हैं, जबकि उनकी पार्टी कुछ और कह रही है। राज्य सरकार नीचे से ऊपर तक भ्रष्टाचार में लिप्त है।

    भाजपा नेता दीपक प्रकाश ने कहा कि पूजा सिंघल जब से नौकरी में आई हैं तब से उनके खिलाफ सभी मामलों की जांच होनी चाहिए। मधु कोड़ा की सरकार का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेसियों ने मधु खाया और कोड़ा को जेल की सजा भुगतने के लिए छोड़ दिया। कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पार्टी अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकती। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सीबीआई जांच कराने की चुनौती दी।

    इधर कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष राजेश ठाकुर ने ईडी की छापेमारी पर सवाल उठाते हुए कहा है कि सिर्फ गैर भाजपा शासित राज्यों में ही भ्रष्टाचार है क्या? पूजा सिंघल के खिलाफ ईडी की छापेमारी पर कहा कि ईडी को इस पूरी कार्रवाई का विवरण सार्वजनिक करना चाहिए। बताया जा रहा है कि पूजा सिंघल के ठिकानों से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। ईडी को इन दस्तावेजों को सबको दिखाना चाहिए।

    comedy show banner
    comedy show banner