यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 05, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand News: झारखंड में भाजपा विधायक दल का नेता कैसे चुना जाएगा? दिल्ली से आया संदेश और सस्पेंस खत्म
Jharkhand Politics झारखंड की नवनिर्वाचित विधानसभा का सत्र 9 दिसंबर से आयोजित होना है। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी अपने ...और पढ़ें

HighLights
- विधानसभा सत्र से पहले ही भाजपा सदन में अपने नेता का करेगी चयन
- केंद्र से आने वाले ये पर्यवेक्षक विधायकों की बैठक में नाम पर सर्वसम्मति बनाएंगे
राज्य ब्यूरो, रांची। Jharkhand Political News Hindi: झारखंड की नवनिर्वाचित विधानसभा का सत्र 9 दिसंबर से आयोजित होना है। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी अपने विधायक दल के लिए नेता का चयन करेगी। विधायक दल का नेता चुनने के लिए केंद्रीय नेतृत्व की ओर से दो पर्यवेक्षक भेजे जाएंगे। एक-दो दिन में भाजपा अपने पर्यवेक्षक का नाम स्पष्ट कर देगी। केंद्र से आने वाले ये पर्यवेक्षक विधायकों की बैठक में नए नेता के नाम पर सर्वसम्मति बनाएंगे।
इन तीन नेताओं के नाम रेस में सबसे आगे
माना जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व राज्य में जातीय-सामाजिक समीकरण और सदन में अनुभव को देखते हुए नए नेता का नाम तय करेगा। सदन में सीपी सिंह सबसे अधिक सात बार विधायक बने हैं। जबकि बाबूलाल मरांडी पूर्व मुख्यमंत्री होने के साथ प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भी हैं। सदन में भाजपा की ओर से एक और पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन भी हैं। ऐसे में हेमंत सोरेन सरकार के सामने मजबूत विपक्षी का तेवर रखने वाले किसी नेता को भाजपा यह जिम्मेदारी देगी।
नेता प्रतिपक्ष के लिए आने लगी दावेदारी
भारतीय जनता पार्टी विधायक दल के नेता को सदन में नेता प्रतिपक्ष का दर्जा हासिल होगा। कुछ भाजपा विधायक इसके लिए दबाव की राजनीति भी कर रहे हैं। एक सप्ताह पूर्व पांकी से भाजपा विधायक कुशवाहा शशिभूषण मेहता के समर्थकों ने प्रदेश कार्यालय में आकर प्रदर्शन किया था।
समर्थक उन्हेें सदन का नेता बनाए जाने की मांग कर रहे थे। खास बात यह है कि पांचवीं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे अमर कुमार बाउरी चुनाव हार गए हैं। भाजपा के सचेतक रहे बिरंची नारायण, अनंत ओझा, भानु प्रताप शाही जैसे तेज तर्रार विधायक भी चुनाव हार गए हैं।
रामदास सोरेन के मंत्री बनने पर बंटे लड्डू
घाटशिला विधानसभा के विधायक रामदास सोरेन को झारखंड राज्य के कैबिनेट मंत्री बनाए जाने पर एबीसी डूंगरीडीह क्लब के सदस्यों ने हैंदलजुड़ी में लड्डू का वितरण किया। मुखिया मिर्जा हांसदा एवं झामुमो क्रीड़ा मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष दुर्लभ सोरेन के नेतृत्व में डूंगरीडीह फुटबाल मैदान में लोगों के बीच लड्डू का वितरण किया गया।
एक दूसरे का मुंह मीठा करवाया। मुखिया मिर्जा हांसदा ने कहा की विधायक रामदास सोरेन को कैबिनेट में मंत्री बनाए जाने से क्षेत्र में विकास कार्य को गति मिलेगा। विधानसभा के मतदाताओं के लिए ये गर्व की बात है। मौके पर स्वपन मार्डी, सोनाराम सोरेन,श्यामचरण मुर्मू समेत क्लब के सदस्य उपस्थित थे।
