Jharkhand Mango: झारखंडी आम की सऊदी अरब में धूम, हाथों-हाथ बिक रहा आम्रपाली
बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत पूर्वी सिंहभूम और पाकुड़ के किसानों द्वारा उगाए गए आम्रपाली आम सऊदी अरब भेजे गए। एपेडा और आल सीजन फार्म फ्रेम फ्रेश ने यह निर्यात संभव किया। जेद्दा और रियाद में मैंगो मानिया फेस्टिवल-2025 में झारखंड के आमों की प्रदर्शनी की गई। यह पहली बार है जब झारखंड से आम निर्यात किए गए हैं।

राज्य ब्यूरो, रांची। बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत पूर्वी सिंहभूम एवं पाकुड़ जिला के किसानों द्वारा उत्पादित आम्रपाली किस्म का आम का निर्यात सऊदी अरब के देशों में भेजा गया है। बाजार समिति के प्रयास से एपेडा, आल सीजन फार्म फ्रेम फ्रेश संस्था की ओर से आम्रपाली आम भेजा गया है।
सऊदी अरब के जेद्दा और रियाद में 14 से 17 जुलाई तक चलने वाली मैंगो मानिया फेस्टिवल- 2025 के प्रदर्शनी में झारखंड के आम की प्रदर्शनी लगाई गई। मैंगो मानिया फेस्टिवल 2025 का उद्घाटन काउंसिल जनरल आफ इंडिया जेद्दा एचई फाहद अहमद खान ने किया।
इस महोत्सव का आयोजन लुलु हाइपर मार्केट में किया जा रहा है। यह पहला मौका है, जब झारखंड से आम का निर्यात किया गया है। यह आम पूर्वी सिंहभूम जिला प्रखंड पटमदा के किसान अशोक महतो और पाकुड़ के रंजीत पंडित, मिस्तारुक, मोर सलीम एवं सफी शेख की ओर से उत्पादित किए गए हैं।
जिसे पिछले दिनों मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष रविंद्र सिंह, सचिव अनुज कुमार एवं पाकुड़ जिला उपायुक्त मनीष कुमार ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। आम को बाजार समिति, जमशेदपुर के पणन सचिव अभिषेक आनंद के प्रयास से निर्यात किया गया है।
एपेडा द्वारा झारखंड में लाइसेंस प्राप्त संस्था आल सीजन फार्म फ्रेश ताजी और हरी सब्जियों का निर्यात करने वाली पहली कंपनी है।
बाजार समिति के प्रयास से पहली बार वर्ष 2021 में इसी संस्था के माध्यम से नगड़ी रांची के एफपीओ नेचुरल फमिलो प्रोड्यूसर कंपनी से जुड़े किसानों द्वारा उत्पादित हरी सब्जियों का निर्यात दुबई किया गया था। आने वाले दिनों में भी बाजार समिति का प्रयास रहेगा कि राज्य के किसानों द्वारा उत्पादित हरी एवं ताजी सब्जियां अधिक से अधिक निर्यात की जाए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।