मणिपुर पर महिला कांग्रेस का केंद्र पर तीखा प्रहार, कहा- जातीय हिंसा में जल रहा राज्य, मूकदर्शक बने हैं PM
मणिपुर हिंसा को लेकर झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष गुंजन सिंह ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर हमला बोला। गुंजन सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पत्नी को सम्मान नहीं दिया तो देश की बेटियों का क्या सम्मान करेंगे? उन्होंने कहा कि भाजपा शासित मणिपुर 80 दिनों से जातीय हिंसा में जल रहा है लेकिन हमारे प्रधानमंत्री मूकदर्शक बने हुए हैं।

जागरण संवाददाता, पलामू: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पत्नी को सम्मान नहीं दिया तो देश की बेटियों का क्या सम्मान करेंगे ? उक्त बातें झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष गुंजन सिंह ने रविवार को मणिपुर कांड पर कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि भाजपा शासित मणिपुर 80 दिनों से जातीय हिंसा में जल रहा था लेकिन हमारे प्रधानमंत्री मूकदर्शक बने हुए थे। जब आदिवासी बहन बेटियों के साथ यौन दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद जब सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी ने सवाल उठाया तब बेबसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मीडिया से मुखातिब हुए।वहां भी मणिपुर पर कम राजस्थान और छतीसगढ़ पर भाषण देकर इस तरह की घटना पर भी राजनीतिकरण करने का काम किया।
भारत की महिलाओं के साथ खड़ी है कांग्रेस
गुंजन सिंह ने कहा कि हर प्रदेश में महिलाओं के साथ सेक्सुअल हरासमैंट होना एक अलग मुद्दा है, लेकिन उसको मणिपुर के मुद्दे के साथ जोड़ना बिल्कुल गलत है। हर प्रदेश में, हर जगह पर, जहां पर महिलाओं के साथ अगर इस तरह का गलत व्यवहार होता है, तो कांग्रेस उनके साथ खड़ी है।
दुर्भाग्य है कि प्रधानमंत्री को मणिपुर पर बोलना था लेकिन राजस्थान और छतीसगढ़ की बात कर रहे थे। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, असम, दिल्ली की भी बात कर लिया करते हुजुर। लानत है आपकी ऐसी राजनीति पर।
पहलवानों के मुद्दे पर भाजपा पर उठाया सवाल
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आपने एक भी शब्द महिला पहलवानों के लिए बोला था? आपका सांसद बेल लेकर हंस रहा है, मीडिया की बहनों के साथ बदतमीजी कर रहा है। देश को मेडल दिलाने वाली बेटियां उनकी हंसी पर अपने-आप को बेवश महसूस कर रही है। पूरी भाजपा पार्टी उस सांसद के समर्थन में खड़ी होती है।
हमें गर्व है अपने नेता राहुल गांधी: गुंजन सिंह
गुंजन सिंह ने कहा कि घटना पर राजनीति करने की बजाय प्रधानमंत्री कम से कम अपील ही कर लेते कि शांति स्थापित होना चाहिए। हमें गर्व है अपने नेता राहुल गांधी पर, जो तमाम व्यवधान के बीच वहां गए। जहां हर समुदाय ने उनको गले से लगाया। उन्हें रोकने की तमाम कोशिश हुई पर न वो रूके, ना वो झुके और ना डरे। प्रश्न यह उठता है कि उनकी गुप्त एजेंसियां क्या कर रही थी।
मणिपुर सीएम के बयान को बताया नैतिक पतन की पराकष्ठा
विपक्ष के विधायकों को डराने के लिए भाजपा में शामिल कराने के लिए जो तत्परता दिखाती है, वो तत्परता मणिपुर में कहां चली गई। महिला आयोग, मणिपुर की राज्यपाल तक चिंता व्यक्त कर चुकी है, लेकिन मणिपुर की हिंसा नहीं रूकी। दुख इस बात का भी है कि शांति स्थापित करने की बजाय मणिपुर के मुख्यमंत्री यह कहते हैं कि ऐसी घटना सैकड़ों की संख्या में होती है। यह बयान नैतिक पतन की पराकष्ठा है।
मणिपुर सीएम और पीएम मोदी का मांगा इस्तीफा
उन्होंने मणिपुर के मुख्यमंत्री, देश के प्रधानमंत्री से इस्तीफा देने की मांग करते हुए मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की। मौके पर प्रदेश महासचिव पिंकी सिंह,कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिट्टू पाठक,महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंदु भगत,विनोद तिवारी, जितेंद्र कमलापुरी, ईशा राज आदि मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।