Jharkhand Lockdown News: CM हेमंत का बड़ा फैसला, 6 मई तक झारखंड में लॉकडाउन, 2 बजे सबकुछ बंद...
Jharkhand Lockdown News झारखंड में लॉकडाउन (स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह) एक सप्ताह के लिए सख्ती के साथ बढ़ाया गया है। जहां रात के आठ बजे तक राज्य में दुकानों को खोलने की अनुमति दी गई थी अब पांच मई तक सभी दुकानें (अनिवार्य सेवाओं को छोड़कर) 2 बजे तक ही खुलेंगी।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Lockdown News झारखंड में लॉकडाउन 6 मई तक बढ़ाया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यह अहम फैसला किया है। राज्य सरकार ने झारखंड में लॉकडाउन, स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह की अवधि 06 मई 2021 तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। यह पिछले स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह का विस्तार है जो 29 अप्रैल 2021 को सुबह छह बजे समाप्त होने जा रहा है। अब, राज्य के लोगों को 29 अप्रैल को सुबह 6 बजे से 6 मई सुबह 6 बजे तक स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के अनिवार्य मानदंडों का सख्ती से पालन करना होगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक में उक्त निर्णय लिया गया। स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के दूसरे सप्ताह में, आवश्यक और आपातकालीन सेवाओं के अपवाद के साथ, दुकानें केवल दोपहर 2 बजे तक खुली रहेंगी, लोगों को केवल दोपहर 3 बजे तक आवाजाही करने की अनुमति होगी। राज्य में COVID19 के बढ़ते मामले को देखते हुए, सरकार ने लॉकडाउन, स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह को अतिरिक्त प्रतिबंधों के साथ आगे बढ़ाने का फैसला किया है।
राज्य में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को आपदा प्रबंधन प्राधिकार के सदस्यों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आंशिक लॉकडाउन (स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह) को एक सप्ताह के लिए सख्ती के साथ बढ़ाया जा रहा है। अब जहां रात के आठ बजे तक राज्य में दुकानों को खोलने की अनुमति दी गई थी, अब दुकानें दोपहर तीन बजे तक ही खुलेंगी। दवा दुकानों के लिए समय की कोई बाध्यता नहीं है।
आगामी छह मई की सुबह छह बजे तक यह आदेश प्रभावी रहेगा। गौरतलब है कि पूर्व में राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह 22 अप्रैल की सुबह छह बजे से 29 अप्रैल की सुबह छह बजे तक के लिए लागू किया था, लेकिन कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए इसमें और सख्ती बरतने के आदेश के साथ इस स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह को एक हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया है। उच्चस्तरीय समिति की बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह व नगर विकास सचिव विनय कुमार चौबे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह (29 अप्रैल 6 बजे से 6 मई सुबह 6 बजे तक) हेतु दिशा-निर्देश।
सभी से आग्रह है कृपया सरकारी निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। जन-सहभागिता से ही हम कोरोना के इस विकट संक्रमण को हरा सकते हैं।
घर पर रहें, सुरक्षित रहें। pic.twitter.com/pu0g1vwdfb
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) April 28, 2021
इसके साथ ही सीएम ने साहेबगंज जिले में नवनिर्मित आरटीपीसीआर लैब का ऑनलाइन उद्घाटन किया। लैब को एक आरएनए एक्सट्रैक्टर मशीन और एक और आरटीपीसीआर मशीन उपलब्ध स्वास्थ्य विभाग उपलब्ध करा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा- लैब में जरूरत के हिसाब से सभी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि अन्य जांचों में भी इसका इस्तेमाल हो सके।
कोविड-19 को लेकर सैंपल जांच में तेजी लाने का सरकार लगातार प्रयास कर रही है। लोगों को सैंपल जांच में किसी तरह की दिक्कतें नहीं हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज साहेबगंज जिले में नवनिर्मित आरटीपीसीआर लैब का ऑनलाइन उद्घाटन करने के दरम्यान ये बातें कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस लैब के निर्माण में सांसद विजय हांसदा का अहम योगदान है। उन्होंने इसके लिए सांसद मद से राशि उपलब्ध कराई। इस लैब के चालू होने से कोरोना जांच की रफ्तार बढ़ जाएगी। इस लैब में जरूरत के हिसाब से और भी सुविधाएं बढ़ाई जाएगी, ताकि इसका इस्तेमाल अन्य जांच में भी किया जा सके।
स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह का दिख रहा असर
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के तेजी से बढ़ते मामलों को लेकर सरकार द्वारा पहले चरण में 22 अप्रैल से 29 अप्रैल तक लागू स्वास्थ्य सुरक्षा का आंशिक असर देखने को मिल रहा है। पिछले एक सप्ताह के दौरान कोरोना का आंकड़ा लगभग पांच से छह हजार के बीच रह रहा है। इसके बढ़ने की पहले जो गति थी, वह लगभग स्थिर बनी हुई है। इस वजह से स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह को छह मई तक के लिए बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि हम कोरोना से मजबूती से लड़ रहे हैं और काबू भी पाएंगे।
लैब को दी जा रही कई और मशीनें और सुविधाएं
इस आरटीपीसीआर लैब में एक आरएनए एक्सट्रैक्टर मशीन और एक और आरटीपीसीआर मशीन के साथ अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराया जा रहा है। इस लैब में शुरू में पांच सौ सैंपलों की जांच होगी, जिसे बाद में बढ़ाकर एक हजार से पंद्रह सौ करने का लक्ष्य है। इस लैब के चालू होने से साहेबगंज के अलावा आसपास के जिलों के लोगों को भी सैंपल जांच में आसानी हो जाएगी।
साहेबगंज जिले मे आरटीपीसीआर लैब के उद्घाटन के दरम्यान मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय से मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे और मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद, नई दिल्ली से सांसद विजय हांसदा, रांची के नामकुम स्थित एनएचएम से विकास आय़ुक्त -सह -स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह तथा राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक रविशंकर शुक्ला और साहेबगंज के उपायुक्त ऑनलाइन उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।