यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 19, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand News: झारखंड में स्थाई अमीनों की बहाली की मांग तेज, CM हेमंत सोरेन से मिलने की तैयारी में एसोसिएशन
Jharkhand News झारखंड प्रशिक्षित अमीन एसोसिएशन के सदस्यों ने राज्य में स्थाई अमीनों की बहाली की मांग तेज कर दी ...और पढ़ें

रांची, जासं। Jharkhand News झारखंड प्रशिक्षित अमीन एसोसिएशन के सदस्यों ने रांची के मोरहाबादी में झारखंड में स्थाई अमीनों की बहाली की मांग को ले बैठक की। बैठक की शुरुआत में भगवान बिरसा मुंडा अमर रहे के नारे लगाए गए। बैठक में अध्यक्ष गौरव अग्रवाल ने कहा कि सरकार और राज्य को अमीनों की काफी जरूरत है। प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। अगर सरकार जल्द स्थाई बहाली करती है तो युवाओं का भविष्य भी सुरक्षित होगा। राज्य में अपराध का ग्राफ भी घटेगा। जिससे भूमि विवाद को कम किया सकेगा।
अमीनों की स्थाई बहाली को लेकर नहीं हुई कोई पहल
संयोजक अमन तिवारी ने कहा कि एसोसिएशन पिछले दो सालों से अमीनों की स्थाई बहाली को लेकर संघर्षरत है। कई माध्यमों से अमीन की नियुक्ति निकाले जाने को लेकर ज्ञापन सौंपा जा चुका है। एसोसिएशन ने भूराजस्व सचिव, कार्मिक सचिव, विभिन्न विधायकों से मिलकर अमीन नियुक्ति के लिए आवेदन दिया है। लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई पहल नहीं हुई है। इसके विपरित संविदा पर तथा आउट सोर्सिंग के माध्यम से अमीन बहाल कर उनका शोषण हो रहा है। अगर जल्द सरकार स्थाई अमीन की बहाली नहीं करेगी तो अमीन एसोसिएशन के सदस्य धरना प्रदर्शन को बाध्य होंगे।
सीएम हेमंत सोरेन से मिलकर स्थाई बहाली की मांग करने की तैयारी
बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द से जल्द मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर झारखंड में हो रहे भूमि विवाद को कम करने के लिए अमीनों की स्थाई बहाली की मांग की जाएगी। बैठक में मुख्य रूप से राहुल, रेखा कुमारी, वीरेंद्र, शंभु, डिल्लु, राजू समेत अन्य मौजूद रहे।
