विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संताल की आदिवासी बेटियां को भी पैतृक संपत्ति में मिलेगा हक, झारखंड हाई कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला

Published: Mon, 23 Nov 2026 07:40 PM (IST)

झारखंड हाई कोर्ट ने संताल आदिवासी समुदाय की बेटियों को पैतृक संपत्ति में अधिकार देने का महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। कोर्ट ने कहा कि ठोस सबूत के बिना बेटियों को संपत्ति से वंचित नहीं किया जा सकता।

प्रार्थी का दावा- संताल प्रथा में बेटियों को नहीं मिलता हिस्ता।

प्रार्थी का दावा- संताल प्रथा में बेटियों को नहीं मिलता हिस्ता।

HighLights

  1. संताल बेटियों को पैतृक संपत्ति में अधिकार मिलेगा।

  2. ठोस सबूत के बिना बेटियों को वंचित नहीं किया जा सकता।

  3. जामताड़ा के 41 साल पुराने जमीन विवाद का निपटारा।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की अदालत ने संताल आदिवासी समुदाय में बेटियों के पैतृक संपत्ति के अधिकार को लेकर एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है।

खंडपीठ ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई पक्ष यह दावा करता है कि संथाल प्रथा के तहत बेटियों को पिता की संपत्ति में हिस्सा नहीं मिलता, तो उसे ठोस सबूतों के साथ यह साबित करना होगा कि ऐसी प्रथा प्राचीन, निश्चित और वर्तमान में भी समान रूप से प्रचलित है।

बिना ठोस प्रमाण के बेटियों को पैतृक संपत्ति से वंचित नहीं किया जा सकता। इस फैसले के साथ ही अदालत ने जामताड़ा जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र स्थित तुरका गांव से जुड़े 41 साल पुराने एक जमीन विवाद की अपील को खारिज करते हुए अपीलीय अदालत के 2006 के फैसले को बरकरार रखा है।

क्या था पूरा मामला?

यह विवाद जामताड़ा के तुरका गांव की पैतृक जमीन को लेकर साल 1985 में शुरू हुआ था। वादी महिला (अब मृत, जिनके कानूनी उत्तराधिकारी मुकदमा लड़ रहे हैं) ने अपने पिता की संपूर्ण पैतृक संपत्ति पर मालिकाना हक की घोषणा के लिए दीवानी मुकदमा दायर किया था। पांच अक्टूबर 1996 को ट्रायल कोर्ट ने आंशिक रूप से वादी के पक्ष में फैसला सुनाते हुए उन्हें पूरी संपत्ति के बजाय केवल एक-तिहाई हिस्से का मालिक माना था।

वादी ने इस फैसले को चुनौती दी, जिसके बाद अतिरिक्त जिला न्यायाधीश ने चार मार्च 2006 को ट्रायल कोर्ट के आदेश में संशोधन करते हुए पूरी संपत्ति पर वादी के मालिकाना हक की डिक्री पारित कर दी। इसके खिलाफ प्रतिवादी सनातन हेंब्रम व अन्य ने 2006 में झारखंड हाई कोर्ट में अपील दाखिल की थी।

प्रतिवादियों की दलील और कोर्ट की टिप्पणी

अपीलकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता जय प्रकाश झा ने दलील दी कि संताल आदिवासी समुदाय की प्रथा के अनुसार, सामान्य तौर पर बेटियों को पिता की पैतृक संपत्ति में अधिकार नहीं मिलता। यह अधिकार केवल तभी मिलता है, जब शादी घरजमाई प्रथा के तहत हुई हो, क्योंकि घरजमाई को दत्तक पुत्र माना जाता है।

चूंकि इस मामले में घरजमाई विवाह नहीं हुआ था, इसलिए वादी संपत्ति की हकदार नहीं हैं। हाई कोर्ट ने कहा कि जो पक्ष किसी प्रथा के अस्तित्व का दावा कर सामान्य कानून से अलग हटकर अधिकार मांगता है, उसे यह साबित करना होता है कि वह प्रथा प्राचीन, निश्चित, तर्कसंगत और निरंतर पालन की जाने वाली है।

इस मामले में प्रतिवादी ऐसा कोई ठोस सबूत पेश करने में विफल रहे। अदालत ने कहा कि समय और जनमत के साथ संथाल समाज में महिलाओं की स्थिति ऊपर उठाने और उन्हें संपत्ति में अधिकार देने की दिशा में बड़ा बदलाव आया है।

खंड पीठ ने सुप्रीम कोर्ट के मधु किश्वर बनाम बिहार राज्य के ऐतिहासिक फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि वैधानिक प्रविधान और ठोस प्रमाण के अभाव में महिलाओं के साथ भेदभाव करने वाली किसी भी कथित प्रथा को मान्यता नहीं दी जा सकती।

यह भी पढ़ें- देवघर में त्रिकुट पहाड़ भूस्खलन के बाद प्रशासन अलर्ट, खतरनाक स्थल घोषित कर लगाए जाएंगे सुरक्षा संकेत

यह भी पढ़ें- कार्तिक पूर्णिमा पर धनबाद से आसनसोल के बीच चलेंगी चार स्पेशल ट्रेनें, भागा-आद्रा मेमू 29 तक रद; कई ट्रेनें प्रभावित

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।