विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवघर में त्रिकुट पहाड़ भूस्खलन के बाद प्रशासन अलर्ट, खतरनाक स्थल घोषित कर लगाए जाएंगे सुरक्षा संकेत

Published: Mon, 23 Nov 2026 07:32 PM (IST)

त्रिकुट पहाड़ पर हुए भूस्खलन के बाद देवघर प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिला पर्यटन पदाधिकारी ने स्थल को खतरनाक घोषित कर सुरक्षा संकेत लगाने के निर्देश दिए, पर्यटकों को प्रवेश से रोका जाएगा।

खतरनाक स्थल घोषित कर सुरक्षा संकेत लगाने की तैयारी, उपायुक्त को सौंपी जाएगी विस्तृत रिपोर्ट।

खतरनाक स्थल घोषित कर सुरक्षा संकेत लगाने की तैयारी, उपायुक्त को सौंपी जाएगी विस्तृत रिपोर्ट।

HighLights

  1. त्रिकुट पहाड़ पर भूस्खलन के बाद प्रशासन अलर्ट हुआ।

  2. जिला पर्यटन पदाधिकारी ने स्थल को खतरनाक घोषित किया।

  3. सुरक्षा संकेत लगाकर पर्यटकों को प्रवेश से रोका जाएगा।

संवाद सूत्र, मोहनपुर (देवघर)। मोहनपुर प्रखंड क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल त्रिकुट पहाड़ पर रविवार को हुए भूस्खलन के बाद जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का निर्देश जिला पर्यटन पदाधिकारी संतोष कुमार को दिया है।

निर्देश मिलते ही सोमवार को जिला पर्यटन पदाधिकारी त्रिकुट पहाड़ पहुंचे और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि घटनास्थल काफी खतरनाक स्थिति में है। इसे देखते हुए उन्होंने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उपायुक्त को सौंपी जाएगी।

उन्होंने सुरक्षा के मद्देनजर वन विभाग को आसपास के चट्टानों एवं संवेदनशील स्थानों पर खतरे से संबंधित चेतावनी संकेत लगाने का निर्देश दिया। ताकि आम लोगों और पर्यटकों को इस क्षेत्र में जाने से रोका जा सके।

लोगों को स्पष्ट रूप से आगाह किया जाएगा कि फिलहाल इस क्षेत्र में प्रवेश नहीं करें, क्योंकि कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है। मौके पर प्रधान वनरक्षी प्रकाश राणा, टूरिज्म मैनेजर शिवकुमार चौबे समेत वन विभाग के अन्य गार्ड उपस्थित थे।

क्या थी पूरी घटना

गौरतलब है कि रविवार की सुबह करीब पांच बजे त्रिकुट पहाड़ पर अचानक एक विशाल चट्टान टूटकर नीचे गिर गया। चट्टान गिरने की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास का पूरा इलाका गूंज उठा। तेज आवाज सुनकर ग्रामीण और दुकानदार सहम गए।

कुछ देर तक घटनास्थल पर धूल का गुब्बार छाया रहा। स्थिति सामान्य होने के बाद जब ग्रामीण और दुकानदार मौके पर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। त्रिकुट पहाड़ की करीब 1500 फीट ऊंची चोटी से लगभग 200 फीट लंबा-चौड़ा पहाड़ी हिस्सा टूटकर आ गिरा।

इस दौरान विशाल चट्टान रास्ते में आने वाले पेड़-पौधों को तोड़ते हुए आश्रम से महज 50 फीट की दूरी तक पहुंच गई। चट्टान की चपेट में आने से वहां स्थित पानी की टंकी भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे पानी की आपूर्ति का स्रोत बंद हो गया।

इस घटना में सैकड़ों कीमती पेड़ों सहित हजारों छोटे-बड़े पेड़-पौधों के नुकसान का अनुमान है। साथ ही पहाड़ पर मौजूद जड़ी-बूटियों और प्राकृतिक वन संपदा को भी भारी क्षति पहुंची है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चट्टान गिरने की भयावह आवाज से आसपास के जंगलों में रहने वाले बंदरों, पक्षियों और अन्य जंगली जानवरों में अफरातफरी मच गई थी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे के समय घटनास्थल पर कोई पर्यटक या स्थानीय व्यक्ति मौजूद नहीं था। अन्यथा बड़ी जानमाल की क्षति हो सकती थी।

यह भी पढ़ें- कार्तिक पूर्णिमा पर धनबाद से आसनसोल के बीच चलेंगी चार स्पेशल ट्रेनें, भागा-आद्रा मेमू 29 तक रद; कई ट्रेनें प्रभावित

यह भी पढ़ें- धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस में शराब तस्करी, फ्लाइट की तर्ज पर कोच अटेंडेंट परोस रहा था शराब; बेड रोल में छुपा कर रखता

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।