कार्तिक पूर्णिमा पर धनबाद से आसनसोल के बीच चलेंगी चार स्पेशल ट्रेनें, भागा-आद्रा मेमू 29 तक रद; कई ट्रेनें प्रभावित
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर धनबाद और आसनसोल के बीच चार स्पेशल मेमू ट्रेनें चलेंगी, जिससे श्रद्धालुओं को बराकर नदी में स्नान के लिए सुविधा मिलेगी। वहीं, आद्रा रेल मंडल में रोलिंग ब्लॉक के कारण 29 नवंबर तक कई ट्रेनें रद या नियंत्रित रहेंगी।

पहली बार धनबाद से चलेगी श्रद्धालुओं के लिए स्पेशल ट्रेन, धोखरा हाल्ट से बराचक तक सभी स्टेशन पर ठहराव।
HighLights
कार्तिक पूर्णिमा के लिए धनबाद-आसनसोल के बीच चार स्पेशल ट्रेनें।
श्रद्धालुओं को बराकर नदी में स्नान हेतु मिलेगी विशेष सुविधा।
आद्रा ब्लॉक के कारण कई ट्रेनें 29 नवंबर तक रद्द।
जागरण संवाददाता, धनबाद। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ के मद्देनजर मंगलवार को धनबाद से आसनसोल के बीच दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। सुबह से दोपहर तक चलने वाली स्पेशल मेमू ट्रेनों का ठहराव धोखरा हाल्ट, प्रधानखंता, छोटा अंबोना, कालूबथान, थापरनगर, मुगमा, कुमारधुबी, बराकर, कुल्टी, सीतारामपुर व बराचक में होगा। प्रत्येक स्पेशल ट्रेन में 12 कोच जोड़े जाएंगे। बराकर नदी में पुण्य की डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं के लिए कार्तिक पूर्णिमा पर पहली बार धनबाद से स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। स्पेशल ट्रेनों के चलने से नियमित ट्रेनों के यात्रियों को राहत मिल सकेगी।
टाइम टेबल
- 03529 आसनसोल-धनबाद मेमू आसनसोल से सुबह 7:30 पर खुल कर 9:00 बजे धनबाद आएगी।
- 03530 धनबाद-आसनसोल मेमू धनबाद से सुबह 9:30 पर खुल कर 11:00 बजे आसनसोल पहुंचेगी।
- 03531 आसनसोल- धनबाद मेमू आसनसोल से दोपहर 12:00 बजे खुल कर दोपहर 1:30 पर धनबाद आएगी।
- 03532 धनबाद-आसनसोल मेमू धनबाद से दोपहर 2:00 बजे खुल कर 3:30 पर आसनसोल पहुंचेगी।
भागा-आद्रा मेमू 29 तक रद, कई ट्रेनें प्रभावित
झारखंड से बंगाल को जोड़ने वाली 10 ट्रेनें लगभग पूरे माह रद रहेंगी। इनमें भागा से आद्रा के बीच चलने वाली मेमू के पहिए 29 नवंबर तक थमे रहेंगे। वापसी में आद्रा-भागा मेमू भी नहीं चलेगी। आसनसोल-आद्रा मेमू, आद्रा-मेदिनीपुर मेमू, आद्रा-बाराभूम मेमू तथा आसनसोल-पुरुलिया मेमू जैसी ट्रेनें भी 29 तक अलग-अलग दिनों में रद रहेंगी।
बक्सर-टाटा एक्सप्रेस 24, 27 व 29 को 45 से 60 मिनट नियंत्रित कर चलाई जाएगी। इस रूट की अन्य ट्रेनें भी प्रभावित हो सकती हैं। दक्षिण पूर्व रेल के आद्रा रेल मंडल में 23 से 29 तक रोलिंग ब्लाक के कारण रेल सेवा प्रभावित रहेगी।