धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस में शराब तस्करी, फ्लाइट की तर्ज पर कोच अटेंडेंट परोस रहा था शराब; बेडरोल में छुपाकर रखता था
धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस में एक कोच अटेंडेंट को मिठाई के डिब्बे में शराब तस्करी करते हुए पकड़ा गया। वह यात्रियों को मुंहमांगी कीमत पर शराब बेच रहा था, जिसका कारण दो महीने से वेतन न मिलना बताया गया।

17 दिनों में दूसरी बार के आरपीएफ-सीआइबी ने कोच अटेंडेंट को पकड़ा।
HighLights
कोच अटेंडेंट मिठाई के डिब्बे में शराब तस्करी करते पकड़ा गया।
धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस में यात्रियों को मुंहमांगी कीमत पर शराब बेचता था।
वेतन न मिलने के कारण छह महीने से कर रहा था यह धंधा।
जागरण संवाददाता, धनबाद। यात्रियों को दक्षिण भारत तो मरीजों को वेल्लूर तक पहुंचाने वाली धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस में शराब के शौकीन यात्रियों को उनकी पसंदीदा शराब परोसी जा रही है। मिठाई के डिब्बे में भर कर महंगी शराब ट्रेन तक पहुंच रही है।
इसके बदले में कोच अटेंडेंट मुंहमांगी कीमत वसूल कर अपनी जेब भर रहा है। केवल 17 दिनों में दूसरी बार मिठाई के डिब्बे में शराब के साथ कोच अटेंडेंट को पकड़ा गया। धनबाद स्टेशन पर आरपीएफ और सीआइबी के हत्थे चढ़े कोच अटेंडेंट का नाम अजय भारती है। 33 वर्षीय अजय करकेंद का रहने वाला है।
बेड रोल बाक्स में छिपा कर रखता था शराब
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्लेटफार्म छह पर खड़ी धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस के थर्ड एसी बी-वन कोच की जांच की गई। जांच के दौरान बेड रोल बाक्स में रखे गये कोच अटेंडेंट के पिट्ठू बैग से दो मिठाई के डिब्बे मिले।
डिब्बों को खोल कर देखा गया, जिसमें 10 बोतल शराब मिले। शराब व तस्कर को उत्पाद विभाग के हवाले कर दिया गया। अभियान में एसआइ राधा कुमारी समेत संजीव कुमार, प्रमोद कुमार, अनिल कुमार, प्रविंद कुमार व विकास कुमार शामिल थे।
छह महीने से कर रहा कोच अटेंडेंट का काम
अजय ने बताया कि वह इगल सिक्योरिटी सर्विसेज कंपनी के माध्यम से अलेप्पी एक्सप्रेस में पिछले छह महीने से कोच अटेंडेंट के रूप में काम कर रहा है। कंपनी से दो माह से वेतन नहीं मिला है।
पैसे की जरूरत पूरी करने के लिए वह ट्रेन में मांग के अनुसार, यात्रियों को शराब उपलब्ध कराता है। इससे उसकी आमदनी हो जाती है। थकावट होने पर वह खुद भी शराब पी लेता है। उसने यह भी स्वीकार किया कि इससे पहले दो बार शराब ले जा चुका है।
छह नवंबर को भी मिठाई के डिब्बे में शराब के साथ धराया था कोच अटेंडेंट
आरपीफ-सीआइबी ने इससे पहले छह नवंबर को भी धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस के एसी कोच के कोच अटेंडेंट को मिठाई के डिब्बे में शराब के साथ पकड़ा था। उसके साथ शराब डिलीवरी करने को भी पकड़ा गया था। इनमें भूली ई ब्लाक का शंकर कुमार और बोकारो का राजेश रजवार शामिल था। चार डिब्बे से 20 बोतल शराब जब्त की गई थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।