विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टेरर लिंक मामले में हिज्ब-उत-तहरीर से जुड़े पांच आरोपियों को जमानत, समय पर आरोपपत्र दाखिल नहीं कर सकी झारखंड एटीएस

Published: Mon, 23 Nov 2026 05:45 PM (IST)

झारखंड हाई कोर्ट ने धनबाद टेरर लिंक मामले में हिज्ब-उत-तहरीर से जुड़े पांच आरोपियों को डिफॉल्ट बेल दे दी है। अदालत ने जांच अवधि बढ़ाने के विशेष अदालत के आदेश को रद्द किया, क्योंकि इसमें कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं हुआ था।

हाई कोर्ट ने धनबाद के पांच आरोपितों को दी राहत।

हाई कोर्ट ने धनबाद के पांच आरोपितों को दी राहत।

HighLights

  1. हाई कोर्ट ने पांच आरोपियों को डिफॉल्ट बेल दी।

  2. जांच अवधि बढ़ाने का निचली अदालत का आदेश रद्द हुआ।

  3. कानूनी प्रक्रिया का पालन न होने पर जमानत मिली।

राज्य ब्यूरो, रांची। हाई कोर्ट से धनबाद टेरर लिंक मामले में प्रतिबंधित संगठन हिज्ब-उत-तहरीर से कथित संबंध रखने वाले पांच आरोपितों को बड़ी राहत मिली है। अदालत ने पांचों आरोपितों को डिफाल्ट बेल (वैधानिक जमानत) देने का आदेश दिया है।

साथ ही, जांच की अवधि 60 दिन बढ़ाने के विशेष अदालत के आदेश को रद कर दिया है। हाई कोर्ट ने कहा कि जांच की अवधि बढ़ाने के दौरान कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया था। इस फैसले से गुलफाम हसन, अयान जावेद, शहजाद आलम, शबनम परवीन और अम्मार यासर को राहत मिली है। यह मामला एटीएस थाना से जुड़ा है।

इसमें आरोपितों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए), आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच एजेंसी निर्धारित समय सीमा के भीतर आरोपपत्र दाखिल नहीं कर सकी थी। इसके बाद आरोपितों की ओर से डिफाल्ट बेल के लिए याचिका दायर की गई थी।

सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने जांच की अवधि 60 दिन बढ़ाने के विशेष अदालत के आदेश की वैधता पर सवाल उठाया। अदालत ने पाया कि आरोपितों को नोटिस दिए बिना ही जांच की अवधि बढ़ा दी गई थी। इसके अलावा, अवधि बढ़ाने के लिए विशेष अदालत के आदेश में पर्याप्त और ठोस कारण भी दर्ज नहीं किए गए थे।

हाई कोर्ट ने माना कि जांच अवधि बढ़ाने की प्रक्रिया में कानूनी प्रविधानों का पालन नहीं किया गया। इसी आधार पर अदालत ने विशेष अदालत के आदेश को रद कर दिया। साथ ही, निर्धारित समय सीमा में चार्जशीट दाखिल नहीं होने के कारण पांचों आरोपितों को डिफाल्ट बेल देने का निर्देश दिया।

झारखंड एटीएस ने 26 अप्रैल 2025 को धनबाद के वासेपुर, बैंक मोड़ और भूली इलाके में कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। इस दौरान गुलफाम हसन, अयान जावेद, शहजाद आलम और शबनम परवीन को गिरफ्तार किया गया था। एटीएस ने छापेमारी में दो पिस्तौल, 12 कारतूस, मोबाइल फोन, लैपटॉप और प्रतिबंधित संगठनों से संबंधित किताबें व दस्तावेज बरामद करने का दावा किया था।

यह भी पढ़ें- 23 साल बाद कस्टोडियल डेथ मामले में बड़ा फैसला: तिलैया के तत्कालीन थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी बरी

यह भी पढ़ें- चांद की चाल से त्योहारों का कैलेंडर बनाते हैं संथाल, बिना पंचांग सदियों से कायम है परंपरा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।