विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चांद की चाल से त्योहारों का कैलेंडर बनाते हैं संथाल, बिना पंचांग सदियों से कायम है परंपरा

Published: Mon, 23 Nov 2026 04:40 PM (GMT+05:30)

संथाल आदिवासी प्रकृति और चंद्रमा की गति के संकेतों से अपने पर्व-त्योहारों की तिथि निर्धारित करते हैं, बिना किसी लिखित पंचांग के। यह परंपरा पीढ़ी-दर-पीढ़ी मौखिक ज्ञान और बुजुर्गों के अनुभवों से सदियों से कायम है।

लुगुबुरू घंटाबाड़ी में कार्तिक पूर्णिमा पर धर्म महासम्मेलन के आयोजन के पीछे है चंद्रमा की गति का विज्ञान।

लुगुबुरू घंटाबाड़ी में कार्तिक पूर्णिमा पर धर्म महासम्मेलन के आयोजन के पीछे है चंद्रमा की गति का विज्ञान।

HighLights

  1. संथाल पर्व-त्योहार चंद्रमा की गति, प्रकृति संकेतों से तय।

  2. बिना लिखित पंचांग, मौखिक ज्ञान से चलती है परंपरा।

  3. लुगुबुरू घंटाबाड़ी का आयोजन चंद्र गणना का प्रतीक।

बीके पाण्डेय, बोकारो। संथाल आदिवासी प्रकृति के पुजारी हैं। उनका जीवन, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराएं प्रकृति से गहराई से जुड़ी हैं। जंगल, पहाड़, पेड़-पौधे, सूर्य और चंद्रमा उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। यही वजह है कि संथाल समाज में पर्व-त्योहारों की तिथि तय करने का आधार आधुनिक पंचांग या लिखित कैलेंडर नहीं, बल्कि चंद्रमा की गति और उसकी कलाएं हैं।

पूर्णिमा, अमावस्या और चांद के बढ़ने-घटने की स्थिति के आधार पर त्योहारों का समय निर्धारित किया जाता है। खास बात यह है कि इस पारंपरिक व्यवस्था के लिए कोई लिखित पंचांग उपलब्ध नहीं है। इसके बावजूद पीढ़ी-दर-पीढ़ी मौखिक ज्ञान और बुजुर्गों के अनुभवों के सहारे यह परंपरा आज भी कायम है।

इसी का उदाहरण बोकारो के लुगुबुरूघंटाबाड़ी में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाला विश्वस्तरीय धर्म महासम्मेलन है। कार्तिक पूर्णिमा को सोहराय कुनामी के रूप में जाना जाता है। इसका आयोजन संथाल समाज की चंद्रमा आधारित धार्मिक परंपरा और प्रकृति से जुड़ी आस्था को दर्शाता है।

संथाली महीनों के नाम भी हैं खास

संथाल समाज में महीनों के नाम हिंदी पंचांग से मिलते-जुलते हैं, लेकिन उनकी अपनी अलग पहचान है। पौष को पूस, माघ को माघ, फाल्गुन को फागुन, चैत्र को चैत, वैशाख को बैशाख, ज्येष्ठ को झेठ, आषाढ़ को असाढ़, श्रावण को सान, भाद्रपद को भादोर, आश्विन को दशायं और मार्गशीर्ष यानी अगहन को अघाड़ कहा जाता है। कार्तिक के समय सोहराय पर्व मनाया जाता है।

इन महीनों की पहचान केवल समय की गणना तक सीमित नहीं है, बल्कि इनका संबंध मौसम, खेती, जंगल और धार्मिक गतिविधियों से भी है। फागुन में पलाश सहित दूसरे वनफूलों के खिलने के साथ बाहा परब मनाया जाता है।

झेठ महीने में रोहण पूजा होती है। महीने के तेरहवें दिन खेतों में बीज डालने से पहले यह पूजा की जाती है। वहीं, सान यानी श्रावण में पूर्णिमा से करीब एक सप्ताह पहले चितोह मनाने की परंपरा है। श्रावण महीने में रक्षाबंधन के समय को गोमहा से भी जोड़ा जाता है।

सोहराय से बाहा तक, प्रकृति और खेती से जुड़े पर्व

छोटानागपुर क्षेत्र के संथाल आदिवासियों के प्रमुख त्योहारों में सोहराय, बाहा, माघ पूजा और असाढ़िया शामिल हैं। दीपावली के आसपास मनाए जाने वाले सोहराय में पशुधन की पूजा का विशेष महत्व है। इसमें बाहर गोड पूजा और घर के भीतर गोहाल पूजा की जाती है।

डंगरा खुंटा अथवा बरद खुंटा की परंपरा भी है, जिसे गोवर्धन पूजा से जोड़कर देखा जाता है। सोहराय का कुनामी कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मनाया जाता है। माघ महीने में जाहेर थान यानी पवित्र पूजा स्थल पर माघ पूजा होती है।

इस पूजा में परंपरागत रूप से लड़कों के भोजन करने की व्यवस्था का उल्लेख मिलता है। आषाढ़ में जाहेर थान पर असाढ़िया पूजा होती है, जिसका आयोजन गांव के लोग सामूहिक रूप से तय करते हैं। इन पर्वों में अच्छी फसल, पशुधन की सुरक्षा और प्रकृति के प्रति आभार की भावना प्रमुख रहती है।

शुक्ल पक्ष में शुभ संस्कार, बुजुर्गों के अनुभव से चलती व्यवस्था

बांसगोड़ा निवासी मांझी हड़ाम गोपाल हंसदा बताते हैं कि फागुन महीने में पहले चांद के दर्शन के पांच दिनों के भीतर बाहा परब मनाने की परंपरा है। सोहराय के दौरान अमावस्या को सालोय रानी यानी काली पूजा होती है। झेठ में रोहणी पूजा और सान महीने में पूर्णिमा से करीब एक सप्ताह पहले चितोह मनाया जाता है।

संथाल समाज में विवाह और अन्य शुभ संस्कारों के लिए भी चंद्रमा की कलाओं को महत्व दिया जाता है। परंपरागत मान्यता के अनुसार, चंद्रमा के बढ़ने के काल यानी शुक्ल पक्ष में विवाह और दूसरे शुभ कार्य करना श्रेयस्कर माना जाता है।

वहीं, पूस और माघ महीने में विवाह नहीं किए जाते। त्योहारों और संस्कारों की तिथि तय करने में बुजुर्गों का अनुभव, प्रकृति के संकेत और सामुदायिक सहमति महत्वपूर्ण होती है।

इस तरह बिना किसी लिखित पंचांग के संथाल समाज ने समय और ऋतु की गणना की अपनी विशिष्ट व्यवस्था सदियों से संरक्षित रखी है। लुगुबुरू का धर्म महासम्मेलन इसी समृद्ध पारंपरिक ज्ञान और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।

हमारे संथाल समाज में चांद की कलाओं और प्रकृति के संकेतों से त्योहारों की तिथि तय होती है। यह ज्ञान पीढ़ियों से मौखिक परंपरा में संरक्षित है। हमारे बुजुर्ग चंद्रमा की गति देखकर पर्व, खेती और शुभ संस्कारों का समय निर्धारित करते आए हैं।
-गोविंद मुर्मू , योगमांझी, बहागढ़

संथाल समाज में हर पर्व की अपनी चंद्र गणना है। अमावस्या, पूर्णिमा और चांद की कलाओं के आधार पर हम त्योहारों की तिथि तय करते हैं। यह हमारी पूर्वजों से मिली परंपरा है।
-गोपाल हंसदा,मांझी हड़ाम , बहागढ़

यह भी पढ़ें- झारखंड का सबसे बड़ा इंडस्ट्रियल हब बनेगा बोकारो, अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक गलियारे के लिए 740 एकड़ जमीन का हस्तांतरण जल्द

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।