विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

23 साल बाद कस्टोडियल डेथ मामले में बड़ा फैसला: तिलैया के तत्कालीन थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी बरी

Published: Mon, 23 Nov 2026 04:48 PM (IST)

धनबाद सीबीआई कोर्ट ने 23 साल पुराने तिलैया कस्टोडियल डेथ मामले में फैसला सुनाया है। साक्ष्य के अभाव में तत्कालीन थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को बरी कर दिया गया।

23 साल बाद तिलैया कस्टोडियल डेथ मामले में तीन पुलिसकर्मी बरी।

23 साल बाद तिलैया कस्टोडियल डेथ मामले में तीन पुलिसकर्मी बरी।

HighLights

  1. 23 साल पुराने कस्टोडियल डेथ मामले में आया फैसला।

  2. तिलैया के तत्कालीन थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी बरी।

  3. अदालत ने साक्ष्य के अभाव में सभी को बरी किया।

जागरण संवाददाता, धनबाद। 23 वर्ष पूर्व तिलैया पुलिस की हिरासत में हुई मौत के बहुचर्चित मामले में अदालत ने अपना फैसला सुना दिया है। धनबाद सीबीआई के विशेष न्यायाधीश विजय कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने साक्ष्य के अभाव में नामजद आरोपी—तिलैया थाना के तत्कालीन थाना प्रभारी बिन्देश्वरी दास, तत्कालीन एएसआई घनश्याम यादव और आरक्षी पप्पू कुमार खटिक को बाइज्जत बरी कर दिया है।

क्या था पूरा मामला?

वर्ष 2003 में तिलैया थाना क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल चोरी की घटना हुई थी। इसी मामले में पूछताछ के लिए पुलिस ने दुर्गा दास नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया था। 17 मार्च 2003 को पुलिस हिरासत में ही दुर्गा दास की मौत हो गई थी।

हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने दर्ज किया था केस

मृतक की पत्नी मीना देवी ने झारखंड उच्च न्यायालय में रिट याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि पुलिस हिरासत में प्रताड़ित कर उनके पति की हत्या की गई है। याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने सीबीआई जांच के आदेश दिए थे, जिसके बाद सीबीआई ने 31 जुलाई 2006 को तीनों आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की थी।

15 गवाहों के बयान के बाद आया फैसला

अनुसंधान पूरा करने के बाद सीबीआई ने आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। अदालत में 24 अगस्त 2015 को आरोप तय किए जाने के बाद मामले की नियमित सुनवाई शुरू हुई। ट्रायल के दौरान सीबीआई की ओर से कुल 15 गवाहों का परीक्षण कराया गया।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद अदालत ने पर्याप्त सबूत न होने के कारण तीनों आरोपियों को बरी करने का आदेश दिया। बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता कुमार मनीष सिंह और अनूप कुमार सिन्हा ने अदालत में पैरवी की।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।