Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    झारखंड के इन पांच दलों पर मंडराया मान्यता रद होने का खतरा, चुनाव आयोग ने भेजा नोटिस

    Updated: Thu, 14 Aug 2025 01:41 PM (IST)

    भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने झारखंड के पांच राजनीतिक दलों को नोटिस जारी किया है। इनमें हजारीबाग गिरिडीह पूर्वी सिंहभूम और रांची के दल शामिल हैं। इन दलों ने पिछले छह वर्षों से कोई चुनाव नहीं लड़ा है। आयोग ने दलों को 22 अगस्त तक शपथ पत्र सहित लिखित पक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है जिसके बाद 29 अगस्त को सुनवाई होगी।

    Hero Image
    प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)

    राज्यब्यूरो, रांची। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने झारखंड के पांच राजनीतिक दलों को नोटिस जारी किया है।

    इनमें हजारीबाग के आपका हमारा पार्टी, गिरिडीह के बहुजन सदन मोर्चा, पूर्वी सिंहभूम के झारखंड दिशाेम पार्टी, रांची के हम किसान पार्टी एवं झारखंड जनाधिकार पार्टी सम्मिलित हैं।

    इनके द्वारा पिछले छह वर्षों से लोकसभा/विधानसभा के आम चुनाव/उप चुनाव में भाग नहीं लिया गया है। राजनीतिक दलों के पंजीकरण के लिए दिशानिर्देशों में उल्लेख है कि यदि कोई दल लगातार छह वर्षों तक चुनाव नहीं लड़ता है, तो उस दल को पंजीकृत दलों की सूची से हटा दिया जाएगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसके अलावा, जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 29ए के अनुसार, दलों को उनके पंजीकरण के समय नाम, पता, पदाधिकारी आदि जैसे विवरण देने होते हैं और किसी भी बदलाव को बिना किसी देरी के आयोग को सूचित करना होता है।

    उक्त दलों को राजनीतिक दलों की सूची से हटाने के क्रम में आयोग से प्राप्त निर्देश के आलोक में अध्यक्ष/महासचिव को पार्टी के तरफ से शपथ पत्र सहित लिखित पक्ष मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, रांची को भेजने के लिए 22 अगस्त तक देने के निर्देश इन दलों को दिए गए हैं।

    29 अगस्त को सुनवाई

    साथ ही 29 अगस्त को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड द्वारा पूर्वाह्न 11.00 बजे सुनवाई के लिए तिथि एवं समय निर्धारित की गई है। इस आशय की सूचना राजनीतिक दलों को आयोग द्वारा उनके पंजीकृत पते पर भी भेजी गई है।

    साथ ही इसकी जानकारी समाचार पत्रों में आम सूचना के माध्यम से एवं विभाग के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी प्रसारित की गई है।

    मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा उक्त राजनीतिक दलों के प्राधिकृत प्रतिनिधियों से इस संबंध में ससमय वांछित कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। बता दें कि इससे पहले भी पांच अन्य राजनीतिक दलों का पंजीयन रद कर दिया गया है।