विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 14, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हेमंत सोरेन का द्रौपदी मुर्मू को समर्थन का एलान, राष्ट्रपति चुनाव पर झामुमो का बड़ा फैसला... कांग्रेस, यशवंत सिन्‍हा को तगड़ा झटका

By Alok ShahiEdited By:
Published: Thu, 14 Jul 2022 07:40 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 14 Jul 2022 07:45 PM (GMT+05:30)

Draupadi Murmu झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन की अगुआई वाली झामुमो ने राष्‍ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्‍मीदवार द्रौपदी मुर्मू को ...और पढ़ें

Draupadi Murmu: हेमंत सोरेन की झामुमो ने राष्‍ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्‍मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन का एलान किया है।
Draupadi Murmu: हेमंत सोरेन की झामुमो ने राष्‍ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्‍मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन का एलान किया है।

रांची, जेएनएन। झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन की अगुआई वाली झामुमो ने राष्‍ट्रपति पद के लिए एनडीए उम्‍मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन का एलान किया है। झामुमो की ओर से कहा गया है कि आजादी के बाद पहली बार किसी आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनने का गौरव प्राप्त होने वाला है। पार्टी अध्यक्ष आदरणीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी ने राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू जी के पक्ष में मतदान करने हेतु सभी माननीय सांसद एवं विधायकगण को निर्देशित किया है। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा और वीर शहीद सिदो-कान्हू की वीर भूमि आज अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रही होगी।

न रह जाए कोई कमी, दिल्ली बुलाए गए भाजपा नेता

इस, बीच झामुमो ने भी यूपीए के फैसले से अलग राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के समर्थन की घोषणा कर दी। इससे एनडीए की राह और आसान हो गई है। हालांकि झामुमो के समर्थन को लेकर गलियारे में सत्ता परिवर्तन की चर्चाओं का बाजार भी गर्म है। राष्ट्रपति चुनाव को लेकर झारखंड में सभी भाजपा विधायकों को निर्देश दिया गया है कि वे 16 जुलाई से ही रांची में उपस्थिति दर्ज कराएं। विधायकों को 16 जुलाई को बकायदा प्रशिक्षण दिया जाएगा कि उन्हें कैसे अपना वोट देना है, ताकि कोई चूक न हो। प्रशिक्षण के लिए विशेषतौर पर विधायक अनंत ओझा को दिल्ली बुलाया गया है। उन्हें दिल्ली में ट्रेनिंग दी जाएगी और बतौर मास्टर ट्रेनर वे झारखंड में एनडीए के सभी विधायकों को प्रशिक्षण देंगे। यहां स्पष्ट कर दें कि राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा के सांसद दिल्ली में और विधायक झारखंड में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

झामुमो के समर्थन के साथ ही सियासी गलियारे में चर्चा का बाजार गर्म

राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की जीत सुनिश्चित होने के बावजूद भाजपा, देश के इस सबसे बड़े चुनाव को पूरी गंभीरता से ले रही है। चुनाव में बड़ें अंतर से जीत हासिल करने के लिए तमाम रणनीतिकारों को लगाया गया है। एनडीए के तमाम सांसदों को चुनाव के तीन दिन पूर्व से ही दिल्ली में उपस्थिति दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। राज्यों में भी कहीं कोई चूक न रह जाए इसे लेकर विधायक दल के नेताओं को भी दिल्ली तलब किया गया है। भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी भी दिल्ली में हैं। प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश भी गुरुवार को दिल्ली रवाना हुए। दीपक प्रकाश विपक्ष के विधायकों से लगातार संपर्क कर उनसे सहयोग मांग रहे हैं।

झारखंड में अटकलों का बाजार गर्म

झारखंड में राष्ट्रपति चुनाव के बहाने रिश्तों की खटास कम करने की झामुमो की कोशिशों को लेकर सत्ता के गलियारे में चर्चाओं का बाजार गर्म है। पिछले एक पखवाड़े का घटनाक्रम को आपरेशन लोटस से जोड़कर देखा जा रहा है। चर्चा आम है कि महाराष्ट्र के बाद झारखंड में भी राजनीतिक बदलाव की बात सिर्फ शिगूफा नहीं है। कमल की भक्ति में ही मुक्ति है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पिछले दिनों दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद से इन अटकलों को हवा मिली है। देवघर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री की सक्रियता से भी इस हवा को गति मिली है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देवघर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत जिस गर्मजोशी से किया, उससे इन कयासों को बल मिला और प्रधानमंत्री की रवानगी के 48 घंटे बाद ही झामुमो ने राष्ट्रपति चुनाव में यूपीए धड़े से इतर अपना फैसला सुनाते हुए एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के समर्थन की घोषणा कर दी। इन तमाम समीकरणों को जोड़ें तो भावी नतीजे के लिए कुछ अधिक दिमाग नहीं लगाना पड़ेगा। हालांकि यह भी स्पष्ट है कि झारखंड में अब जो भी उलटफेर होगा वह राष्ट्रपति चुनाव के बाद ही होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।