Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    झारखंड कांग्रेस में सबकुछ ठीक! प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कर दिया क्लियर

    Updated: Mon, 21 Jul 2025 11:45 PM (IST)

    झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने भाजपा पर महागठबंधन में फूट डालने का आरोप लगाया और पार्टी की एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक और सांसद हर मुद्दे पर एकमत हैं। कमलेश ने दीपिका पांडेय सिंह और इरफान अंसारी से जुड़ी भ्रामक खबरों का खंडन किया और एचईसी की खाली जमीन का मुद्दा उठाया।

    Hero Image
    झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश (जागरण)

    राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा इंटरनेट मीडिया के जरिए महागठबंधन में फूट डालने की कोशिश कर रही है, जो सफल नहीं होगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस के सभी विधायक और सांसद हर मुद्दे पर एकमत हैं और महागठबंधन की सरकार युवा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मजबूती से जनहित के कार्यों को लागू कर रही है।

    कमलेश ने हाल की भ्रामक खबरों का खंडन करते हुए कहा कि ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने अपने क्षेत्र में जलसंकट का समाधान कराया, न कि धरना दिया, जैसा कि दुष्प्रचार किया गया। इसी तरह, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के पुत्र कृष अंसारी का अस्पताल दौरा निजी था और इसे राजनीतिक रंग देना गलत है।

    भ्रांति फैलाने की साजिश

    साथ ही, विधायक राजेश कच्छप के स्मार्ट सिटी म्यूटेशन मामले को भी गलत तरीके से पेश किया गया। कमलेश ने कहा कि ऐसे दुष्प्रचार विधायिका और कार्यपालिका के बीच भ्रांति फैलाने की साजिश हैं।

    उन्होंने एचईसी की खाली पड़ी जमीन का मुद्दा भी उठाया, जिसका अधिग्रहण हुआ, लेकिन उपयोग नहीं हुआ। इसके अलावा, उन्होंने 25 जुलाई को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में होने वाले कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय भागीदारी न्याय सम्मेलन की जानकारी दी।

    उन्होंने बताया कि इसका उद्घाटन मल्लिकार्जुन खरगे करेंगे और समापन सत्र में राहुल गांधी शामिल होंगे। झारखंड से सैकड़ों कार्यकर्ता इसमें हिस्सा लेंगे।

    उन्होंने बताया कि संगठन सृजन के तहत जिला, प्रखंड और मंडल स्तर पर नियुक्तियां पूरी हो चुकी हैं और इस माह के अंत तक समितियों का गठन पूरा हो जाएगा।

    संवाददाता सम्मेलन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव डॉ. सीरीबेला प्रसाद, विधायक राजेश कच्छप, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख सहित कई नेता मौजूद थे।