झारखंड कैबिनेट की बैठक एक दिसंबर को, महंगाई भत्ते में 3% की बढ़ोतरी; वित्त विभाग ने जारी की अधिसूचना
झारखंड कैबिनेट की बैठक 1 दिसंबर को होगी, जिसमें दो दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर निर्णय लिए जाने की संभावना है। राज्य सरकार ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 3% की बढ़ोतरी की अधिसूचना जारी की है, जो अब मूल वेतन का 63% होगा।

झारखंड कैबिनेट की बैठक 1 दिसंबर को। (फोटो: फाइल)
HighLights
झारखंड कैबिनेट की बैठक 1 दिसंबर को, कई प्रस्तावों पर निर्णय।
राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 3% बढ़कर 63% हुआ।
बढ़ा हुआ डीए 1 जुलाई 2026 से प्रभावी, अधिसूचना जारी।
राज्य ब्यूरो, रांची। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) ने गुरुवार को जानकारी दी है कि एक दिसंबर को कैबिनेट की बैठक होगी। बैठक को लेकर सभी संबंधित लोगों को सूचित कर दिया गया है।
इस बैठक में दो दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर निर्णय लिए जाने की संभावना है। बैठक दोपहर तीन बजे झारखंड मंत्रालय स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में होगी। वहीं राज्य सरकार ने बढ़े हुए महंगाई भत्ते से संबंधित संकल्प जारी कर दिया है।
अब मूल वेतन का 63 प्रतिशत मिलेगा डीए, एक जुलाई 2026 से प्रभावी
झारखंड सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए उनके महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी से संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है। इस बढ़ोतरी के बाद अब राज्यकर्मियों को मूल वेतन का 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। पूर्व में यह दर 60 प्रतिशत थी।
वित्त विभाग द्वारा गुरुवार को जारी संकल्प के अनुसार, सातवां वेतनमान प्राप्त कर रहे सभी राज्यकर्मियों को बढ़े हुए डीए का लाभ एक जुलाई 2026 की तिथि से देय होगा। यानी कर्मचारियों को जुलाई से ही बढ़ी हुई दर के अनुसार भत्ता और एरियर मिलेगा।
इसके अतिरिक्त, अन्य वेतनमान से आच्छादित कर्मियों को भी इसी अनुपात में लाभ प्रदान किया जाएगा। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 29 अक्टूबर को केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत की वृद्धि की थी।
केंद्र की तर्ज पर झारखंड मंत्रिपरिषद ने भी 18 नवंबर को हुई बैठक में राज्यकर्मियों का डीए 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 63 प्रतिशत करने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई थी। अब वित्त विभाग की अधिसूचना जारी होने के साथ ही यह फैसला आधिकारिक रूप से लागू हो गया है।